अब हम आपको एक ऐसे खतरे से सावधान करने जा रहे हैं जो आंखों के सामने दिख तो रहा है लेकिन उस पर कोई गौर नहीं कर रहा है। इस खतरे के समझने के लिए आपको संयुक्त राष्ट्र से आए एक अलर्ट ध्यान से देखना और समझना चाहिए। यह रिपोर्ट खुद संयुक्त राष्ट्र के महासचिव की तरफ से पेश की गई। रिपोर्ट में कहा गया कि समुद्र के बढ़ते जल स्तर की वजह से दक्षिण एशिया के बड़े शहरों पर खतरा मंडरा रहा है। इस रिपोर्ट में भारत के मुंबई और कोलकाता का जिक्र भी किया गया है। संयुक्त राष्ट्र के अध्ययन में सामने आया है कि समुद्र का जलस्तर बढ़ने से पानी इन शहरों की जमीन पर पहुंच रहा है। यानी समंदर, मुंबई और कोलकाता जैसे महानगरों के जमीनी इलाकों में फैल रहा है। जिसकी वजह से ना सिर्फ रहने की जगह कम हो रही है बल्कि पानी भरने वाले इलाकों में मौजूद इंफ्रास्ट्रक्चर को भी नुकसान पहुंच रहा है।