App

धौलपुर में बीएल कुशवाह के बागी तेवर, रोहित बोहरा पर साधा निशाना, बोले- 'कोठी तेरी खैर नहीं'

धौलपुर में पूर्व विधायक बीएल कुशवाह ने पंचायत चुनाव में भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में प्रचार करते हुए रोहित बोहरा पर निशाना साधा. कांग्रेस नेतृत्व से नाराजगी जताते हुए उन्होंने 'कोठी तेरी खैर नहीं' का बयान भी दिया.

धौलपुर में बीएल कुशवाह के बागी तेवर, रोहित बोहरा पर साधा निशाना, बोले- 'कोठी तेरी खैर नहीं'
Image Credit: रोहित बोहरा के खिलाफ खुलकर आए बीएल कुशवाह.

राजस्थान के धौलपुर जिले में पंचायत चुनाव के बीच राजाखेड़ा विधानसभा क्षेत्र की राजनीति गरमा गई है. कांग्रेस विधायक शोभारानी कुशवाहा के पति और पूर्व विधायक बीएल कुशवाह के कांग्रेस के प्रति बगावती तेवर लगातार तीखे होते जा रहे हैं. पंचायत चुनाव के दौरान वे भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में प्रचार कर रहे हैं. इसी दौरान उन्होंने राजाखेड़ा विधायक रोहित बोहरा पर बिना नाम लिए तीखा जुबानी हमला बोला. अपने संबोधन में उन्होंने राजनीतिक विरोधी की तुलना लोमड़ी से की और क्षेत्र की राजनीति में प्रभावशाली मानी जाने वाली 'कोठी' को जड़ से उखाड़ने की चेतावनी दी.

'राजाओं के खेड़ा में शेर लोमड़ी के पीछे चल रहे हैं'

बीएल कुशवाह ने अपने संबोधन में कहा कि राजाखेड़ा विधानसभा क्षेत्र राजाओं का खेड़ा है, जहां शेर रहते हैं, लेकिन यहां शेर एक लोमड़ी के पीछे चल रहे हैं. उन्होंने कहा कि वे समाज के लोगों के भीतर दबे स्वाभिमान को जगाने आए हैं.

कुशवाह के अनुसार, आज प्रजातंत्र का दौर है, लेकिन यहां 3 हजार वोट बैंक वाला व्यक्ति 3 लाख वोटों पर राजनीति कर रहा है. उन्होंने इसे अन्याय बताया. उन्होंने कहा कि राजाखेड़ा क्षेत्र में ठाकुर, ब्राह्मण, कुशवाहा, लोधा, बघेल और जाटव सहित कई समाजों का बड़ा वोट बैंक है. इसके बावजूद इन समाजों से बड़ा राजनीतिक नेतृत्व उभरने नहीं दिया गया.

उन्होंने इसकी एक वजह समाजों के बीच आपसी फूट को बताया और कहा कि कुछ लोग इसका राजनीतिक फायदा उठाते रहे हैं. कुशवाह ने समाज के लोगों से एकजुट होकर अपनी राजनीतिक ताकत दिखाने की अपील की. उन्होंने कहा कि बलि हमेशा बकरी की दी जाती है, शेर की नहीं. इसलिए अब समाज के लोगों को शेर बनने की जरूरत है.

10 साल जेल में रहने का किया जिक्र

अपने राजनीतिक संघर्ष का जिक्र करते हुए बीएल कुशवाह ने आरोप लगाया कि उनकी बढ़ती राजनीतिक ताकत से परेशान होकर उनके खिलाफ षड्यंत्र रचा गया और उन्हें 10 साल तक जेल में रहना पड़ा. उन्होंने कहा कि जेल में रहने के बावजूद वे टूटे नहीं और हर दिन अपने राजनीतिक विरोधी को जवाब देने की योजना बनाते रहे.

उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी राजनीति खत्म करने के लिए उनके भाई समान साढ़ू डॉ. शिवचरण कुशवाहा को भी उनके सामने चुनाव मैदान में उतारा गया था.

कुशवाह ने कहा कि लोमड़ी कभी सामने से वार नहीं करती, बल्कि पीछे से हमला करती है. उन्होंने राजनीतिक विरोधी पर समाज को बांटने का प्रयास करने का आरोप भी लगाया.

'किसी भी पार्टी से बैर नहीं, लेकिन कोठी तेरी खैर नहीं'

अपने संबोधन में पूर्व विधायक ने चेतावनी भरे अंदाज में कहा, 'किसी भी पार्टी से बैर नहीं, लेकिन कोठी तेरी खैर नहीं.' उन्होंने कहा कि पहला पत्थर वे मार चुके हैं और अब आगे की जिम्मेदारी समाज के युवाओं की है. उनके इस बयान को क्षेत्र की राजनीति में प्रभावशाली मानी जाने वाली कोठी के खिलाफ खुली चुनौती के रूप में देखा जा रहा है.

जिला प्रमुख और टिकट वितरण को लेकर कांग्रेस से नाराजगी

बीएल कुशवाह ने कांग्रेस नेतृत्व के प्रति अपनी नाराजगी की वजह भी बताई. उन्होंने कहा कि राजाखेड़ा विधानसभा क्षेत्र से पहले कई बार जिला प्रमुख बन चुके हैं. इस बार उन्होंने जिला प्रमुख बनाने की जिम्मेदारी अपने हाथ में लेने की बात कही थी, लेकिन इसके बाद उनके खिलाफ राजनीतिक षड्यंत्र रचा गया.

उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष से फोन करवाकर उन्हें केवल अपनी विधानसभा क्षेत्र की जिला परिषद सीटों पर टिकट वितरण तक सीमित रहने के लिए कहा गया. कुशवाह के मुताबिक, जिले की चार विधानसभा क्षेत्रों में जिला परिषद की कुल 29 सीटें हैं, जबकि धौलपुर विधानसभा क्षेत्र में केवल छह सीटें आती हैं. इसके बावजूद बड़े समाजों के राजनीतिक प्रतिनिधित्व और टिकट वितरण में उनकी भूमिका सीमित करने का प्रयास किया गया.

भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में प्रचार से बढ़ी सियासी हलचल

पूर्व विधायक ने कहा कि उन्होंने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष को स्पष्ट कर दिया था कि वे किसी राजनीतिक दल के गुलाम नहीं हैं. जहां उनका प्रत्याशी चुनाव मैदान में होगा, वे उसका समर्थन करेंगे. इसी नाराजगी के चलते अब वे पंचायत चुनाव में भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में वोट मांग रहे हैं.

बीएल कुशवाह के इस प्रचार और बयानों से राजाखेड़ा की राजनीति में नई चर्चा शुरू हो गई है. उनके संबोधन को कांग्रेस विधायक रोहित बोहरा के खिलाफ राजनीतिक चुनौती के तौर पर देखा जा रहा है. पंचायत चुनाव के बीच उनके भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में उतरने से जिले के राजनीतिक समीकरणों को लेकर भी चर्चाएं तेज हो गई हैं.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Bhanu Pratap Sharma

Bhanu Pratap Sharma

भानु प्रताप शर्मा, धौलपुर (राजस्थान) निवासी पत्रकार हैं, जो पिछले कई वर्षों से प्रिंट व डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं। वर्तमान में वे ज़ी राजस्थान न्यूज़ में कार्यरत हैं, जहाँ वे पिछले लगभग 10 वर्षों से बेहतर रिपोर्टिंग का कार्य कर रहे हैं. पत्रकारिता में उनकी विशेष रुचि शहीद परिवार, राजनीति, स्वास्थ्य-चिकित्सा, सामाजिक सरोकार और समाज की सकारात्मक कहानियों को कवर करने में है। इसके अलावा क्राइम, ग्राउंड रिपोर्टिंग और क्षेत्रीय मुद्दों की सटीक व निष्पक्ष रिपोर्टिंग के लिए स्थानीय मुद्दों को प्रमुखता से उठाना, प्रशासन और आमजन के बीच की कड़ी बनना और सच को बिना डर के सामने लाना उनकी पत्रकारिता की खास पहचान है। उन्होंने ग्रेजुएशन तक शिक्षा प्राप्त की है और सामाजिक जिम्मेदारी के साथ की गई उनकी रिपोर्टिंग ने उन्हें धौलपुर सहित पूरे राजस्थान में एक विश्वसनीय पत्रकार के रूप में स्थापित किया है.
Read More