App

चूरू में राजेंद्र राठौड़ ने पढ़ा कलमा, बोले- 'खुदा और भगवान एक हैं', BJP नेता के भाषण का Video वायरल

चूरू के पिथिसर में पंचायती राज चुनाव प्रचार के दौरान पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ ने चुनावी सभा में कलमा पढ़ा और कहा कि खुदा व भगवान एक हैं. भाईचारे का संदेश देता राठौड़ का यह वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है.

चूरू में राजेंद्र राठौड़ ने पढ़ा कलमा, बोले- 'खुदा और भगवान एक हैं',  BJP नेता के भाषण का Video वायरल
Image Credit: churu rajendra rathore recites kalma

चूरू में पंचायती राज आम चुनाव 2026 के प्रचार के बीच पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ का एक वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है.  चूरू जिले के गांव पिथिसर में आयोजित चुनावी सभा के दौरान राठौड़ ने कलमा पढ़कर सामाजिक एकता और आपसी भाईचारे का संदेश दिया.

जानकारी के मुताबिक ये सभा जिला परिषद के वार्ड संख्या 23 से भाजपा प्रत्याशी कनिका सिंह के समर्थन में आयोजित की गई थी. सभा को संबोधित करते हुए राजेंद्र राठौड़ ने कहा कि खुदा और भगवान अलग-अलग नहीं हैं, दोनों एक ही हैं. इसी दौरान उन्होंने कलमा पढ़ा और कहा कि हम सब एक हैं.

राठौड़ ने अपने संबोधन में कहा, "ईश्वर-अल्लाह तेरा नाम, सबको सन्मति दे भगवान. जात-पात पूछे ना कोई, हरि को भजे सो हरि का होय." उन्होंने कहा कि सभी धर्मों के लोग एक हैं और हमारी रगों में बहने वाला खून भी एक ही है. उनके इस संबोधन का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.

गौरतलब है कि पिथिसर गांव में ही चुनाव प्रचार के दौरान भाजपा प्रत्याशी कनिका सिंह का भी एक वीडियो सामने आया था. उस वीडियो में कनिका सिंह मुस्लिम समुदाय के लोगों को ''सलाम वालेकुम'' कहकर संबोधित करती नजर आई थीं. कनिका सिंह, राजेंद्र राठौड़ की बहू यानी की पराक्रम सिंह राठौड़ की पत्नी हैं. जो जयपुर की प्रतिष्ठित महारानी कॉलेज से स्नातक है. कनिका सिंह चूरू के वार्ड नंबर 23 से भाजपा प्रत्याशी है और कांग्रेस की आशा स्वामी से उनका मुकाबला है. अब राजेंद्र राठौड़ के कलमा पढ़ने वाले वीडियो को लेकर भी चुनावी माहौल में चर्चा हो रही है. उनके इस संबोधन को सामाजिक सौहार्द और धार्मिक सद्भाव का संदेश देने के प्रयास के तौर पर देखा जा रहा है.

पिथिसर की ये चुनावी सभा सिर्फ राजनीतिक दलों के प्रचार तक सीमित नहीं रही, बल्कि इसने चुनावी सरगर्मी के बीच आपसी भाईचारे की एक ऐसी मिसाल पेश की जिसने हर किसी का ध्यान खींच लिय. ग्रामीण इलाकों में अक्सर चुनाव के वक्त ध्रुवीकरण और राजनीतिक बयानबाजी का दौर तेज हो जाता है, ऐसे में एक कद्दावर नेता के मंच से इस तरह की बातें कहना और खुलकर सामाजिक सौहार्द की बात रखना स्थानीय लोगों के बीच चर्चा का बड़ा विषय बन गया है. लोग अब इस बात की चर्चा कर रहे हैं कि राजनीति से ऊपर उठकर इंसानी रिश्तों और आपसी मेल-मिलाप को प्राथमिकता देना ही असली जनसेवा है, और पिथिसर की ये सभा इसी का एक जीवंत उदाहरण बन गई है.
 

 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Zee Rajasthan Web Team

Zee Rajasthan Web Team

राजस्थान की सबसे भरोसेमंद और तेज़ डिजिटल न्यूज़ डेस्क. प्रामाणिक खबरें, राजनीतिक हलचल, लोकल अपडेट्स, ब्रेकिंग न्यूज़ और हर ज़िले की हर बड़ी गतिविधि सबसे पहले और सटीक अंदाज़ में. जुड़े रहिए हमारे साथ—सच बेबाक, राजस्थान तक
Read More