)
मध्य प्रदेश के इंदौर में 15 नवंबर को होने वाले मशहूर पंजाबी गायक दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट को रुकवाने के लिए धमकी के मामले में एक्शन लेते हुए उत्तर प्रदेश आतंकवाद रोधी दस्ते (UP ATS) ने एक संदिग्ध को दबोच लिया है. पकड़े गए आरोपी के लैपटॉप की तकनीकी जांच के दौरान कई अन्य धमकी भरे ईमेल भी बरामद हुए हैं, जिससे यह आशंका जताई जा रही है कि एक बड़े आपराधिक षड्यंत्र के तहत इस तरह की धमकियां दी जा रही थीं. अब पुलिस इस मामले में गहनता से जांच कर रही है.
दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट को रुकवाने की साजिश के तहत मध्य प्रदेश हाई कोर्ट की ग्वालियर पीठ को एक धमकी भरा ईमेल भेजा गया था, जिसमें कार्यक्रम स्थल को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी. धमकी मिलते ही प्रशासन एक्टिव हो गया और अब इस मामले में उत्तर प्रदेश एटीएस ने संदिग्ध को दबोच लिया है, जिसने शुरुआती पूछताछ में खुलासा करते हुए ईमेल भेजने की बात कबूल की है.
हालांकि, धमकी वाला ईमेल उसने खुद भेजा या किसी दूसरे ने उसके ई-मेल का इस्तेमाल किया, ये अभी साफ नहीं है. संदिग्ध को पकड़ने के बाद अब यूपी एटीएस की टीम इस बात की गहनता से जांच कर रही है कि आखिर इस धमकी भरे ईमेल का इस्तेमाल किसने और किसके इशारे पर किया था. इस गंभीर खतरे और सुरक्षा के मद्देनजर स्थानीय स्तर पर पुख्ता तैयारी की जा रही है, ताकि कॉन्सर्ट के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद रह सके. इसके साथ ही ग्वालियर पुलिस भी मामले में एफआईआर दर्ज करने की तैयारी कर रही है.
मध्य प्रदेश हाई कोर्ट की ग्वालियर बेंच को के ऑफिशियल ईमेल पर धमकी भरा ईमेल मिलने के बाद परिसर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. डिप्टी सुपरिंटेंडेंट ऑफ पुलिस (DSP) रॉबिन जैन ने बताया कि ईमेल में इंदौर में पंजाबी गायक दिलजीत दोसांझ के आगामी कार्यक्रम को लेकर धमकियां दी गई हैं. इसके अलावा, इसमें कुछ अन्य संस्थानों और व्यक्तियों का भी जिक्र है. जैन ने कहा, 'हाईकोर्ट के ऑफिशियल ईमेल पते पर एक ईमेल मिला है, जिसमें इंदौर में सिंगर दिलजीत दोसांझ के आगामी कार्यक्रम को लेकर कुछ धमकी भरी बातें कही गई हैं. इसमें अन्य संस्थानों और व्यक्तियों का भी उल्लेख है. टीमों को अलर्ट कर दिया गया है और वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में सभी जरूरी सुरक्षा उपाय किए जा रहे हैं.'
उन्होंने आगे बताया कि भोपाल, ग्वालियर और इंदौर की पुलिस टीमें आपस में तालमेल बिठाकर काम कर रही हैं. जिन संस्थानों को संभावित खतरा हो सकता है, वहां सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं. DSP ने कहा, 'सभी जरूरी सुरक्षा इंतजाम किए जा रहे हैं. एक अलग टीम इस बात का पता लगाने में जुटी है कि ईमेल किसने भेजा, यह कहां से आया और इसके पीछे कौन है. मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है. जैसे ही हमारे पास पुख्ता जानकारी आएगी, हम और विवरण साझा करेंगे.'
दिलजीत दोसांझ ने हाल ही में इंस्टाग्राम पर लाइव आकर उन अफवाहों पर बात की थी, जिनमें कहा जा रहा था कि सुरक्षा कारणों से उनका इंदौर में होने वाला कॉन्सर्ट रद्द हो सकता है. दिलजीत ने तंज कसते हुए कहा कि चैनलों ने इस खबर में अपनी तरफ से 'मसाला' मिला दिया है. उन्होंने अपने फैंस को भरोसा दिलाया कि वे 15 नवंबर को इंदौर में जरूर परफॉर्म करेंगे. उन्होंने कहा, '15 तारीख को इंदौर आ रहे हैं, 101 परसेंट आ रहे हैं! सबसे पहले आकर पोहा खाएंगे, फिर पूरी एनर्जी के साथ 'चक दे फट्टे'! कोई कुछ भी कहे, मैं 15 तारीख को जरूर मिलूंगा. आप बस मेरी बात पर भरोसा रखें.'
इंदौर में होने वाला उनका यह कॉन्सर्ट तब चर्चा में आ गया, जब ऐसी खबरें आईं कि आयोजकों और वेन्यू अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है कि दिलजीत ऐसे गाने न गाएं, जिनका बच्चों पर बुरा असर पड़ सकता है. इन निर्देशों के बारे में बात करते हुए महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला अधिकारी रजनीश सिन्हा ने कहा, '15 नवंबर को 'ट्वेंटी वन बिजनेस पार्क' में दिलजीत दोसांझ का कॉन्सर्ट होने वाला है. हमें चंडीगढ़ से एक पत्र मिला है, जिसमें नशीले पदार्थों, नशे या हथियारों का महिमामंडन करने वाले गानों का जिक्र है. पंजाब और हरियाणा हाई कोर्ट के निर्देशों का पालन करते हुए हमने आयोजकों को पत्र लिखकर कहा है कि वे यह सुनिश्चित करें कि ऐसे गाने न गाए जाएं, क्योंकि इनका बच्चों पर बुरा असर पड़ सकता है.'