)
IPL 2027 से पहले मुंबई इंडियंस और पंजाब किंग्स के बीच बड़ी अदला-बदली हुई है. ट्रेड डील के तहत हार्दिक पांड्या पंजाब किंग्स में शामिल हो गए हैं, जबकि टीम इंडिया के सबसे सफल T20I गेंदबाज अर्शदीप सिंह की एंट्री मुंबई इंडियंस में हुई है. 2019 में डेब्यू से लेकर 2026 तक पंजाब की तरफ से खेलने के बाद अब अर्शदीप अपनी दूसरी आईपीएल टीम में शामिल होने के लिए उत्साहित नजर आ रहे हैं. आधिकारिक पुष्टि के बाद अर्शदीप ने मुंबई इंडियंस के फैंस के लिए खास संदेश दिया है.
मुंबई इंडियंस ने अपने आधिकारिक एक्स (X) हैंडल पर अर्शदीप सिंह का एक वीडियो शेयर किया है. इसमें भारतीय पेसर ने मुंबई के फैंस को संबोधित करते हुए कहा, "MI पलटन, दुनिया हिला देंगे." अर्शदीप का यह अंदाज सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है. उनके इस संदेश से साफ है कि वह अपनी नई टीम के लिए मैदान पर धमाल मचाने को तैयार हैं. मुंबई इंडियंस के तमाम फैंस भी बुमराह और अर्शदीप को साथ में गेंदबाजी करते देखने के लिए बेताब हैं.
Loud & Clear 💪 https://t.co/m4qezEJcZo
— Mumbai Indians (@mipaltan) November 11, 2026
आईपीएल इतिहास की बड़ी ट्रेड डील में हार्दिक पांड्या और अर्शदीप सिंह की अदला-बदली हुई है. हार्दिक पांड्या 18 करोड़ रुपये की फीस के साथ पंजाब किंग्स का हिस्सा बनेंगे. इससे पहले मुंबई इंडियंस में उन्हें 16.50 करोड़ रुपये मिल रहे थे. वहीं, अर्शदीप सिंह अपनी मौजूदा 18 करोड़ रुपये की फीस पर ही मुंबई इंडियंस में शामिल होंगे. इस ट्रेड के साथ हार्दिक पांड्या का मुंबई इंडियंस के साथ दूसरा कार्यकाल भी समाप्त हो गया है. उन्होंने मुंबई के लिए खेलते हुए चार आईपीएल खिताब जीते थे.
हार्दिक पांड्या पहली बार साल 2015 में मुंबई इंडियंस से जुड़े थे. इसके बाद उन्होंने अपने शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन से टीम में खास जगह बनाई. हार्दिक ने मुंबई को 2015, 2017, 2019 और 2020 में आईपीएल चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाई थी.
मुंबई के साथ सात सीजन बिताने के बाद हार्दिक पांड्या आईपीएल 2022 से पहले गुजरात टाइटंस (GT) में शामिल हो गए थे. उन्हें गुजरात की कप्तानी सौंपी गई और उन्होंने पहले ही सीजन में टीम को चैंपियन बना दिया. इसके बाद गुजरात ने 2023 में भी फाइनल तक का सफर तय किया.
हालांकि, आईपीएल 2024 से पहले हार्दिक की मुंबई इंडियंस में वापसी हुई और उन्हें टीम की कप्तानी सौंप दी गई. अपने आईपीएल करियर में हार्दिक ने अब तक 162 मैच खेले हैं, जिनमें उनके नाम 2,955 रन हैं. इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 146.28 रहा है. वहीं, गेंदबाजी में उन्होंने 82 विकेट हासिल किए हैं.
हार्दिक पांड्या का मुंबई इंडियंस के साथ दूसरा कार्यकाल उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा. तीन सीजन में उन्होंने 39 मैचों की 35 पारियों में 21.53 की औसत से सिर्फ 647 रन बनाए. इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 147.82 रहा और उनका सर्वोच्च स्कोर नाबाद 48 रन था. गेंदबाजी में भी हार्दिक का प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा. उन्होंने 39 मैचों में 29 विकेट हासिल किए. इस दौरान उनका गेंदबाजी औसत 34 से ज्यादा रहा. हालांकि, उनके नाम एक बार पांच विकेट लेने का कारनामा भी दर्ज है.
हार्दिक की कप्तानी में मुंबई इंडियंस ने 2025 में प्लेऑफ तक का सफर तय किया था, लेकिन 2024 और 2026 के सीजन में टीम का प्रदर्शन निराशाजनक रहा. इन दोनों सीजन में मुंबई की टीम क्रमशः सबसे निचले पायदान और नौवें स्थान पर रही.
दूसरी तरफ, अर्शदीप सिंह के लिए मुंबई इंडियंस में शामिल होना एक नए अध्याय की शुरुआत है. वह पिछले 8 सीजन से पंजाब किंग्स का हिस्सा थे. साल 2019 में उन्होंने इसी फ्रेंचाइजी के लिए अपना आईपीएल डेब्यू किया था. इसके बाद वह टीम के सबसे भरोसेमंद तेज गेंदबाजों में शामिल हो गए.
अर्शदीप पंजाब किंग्स के इतिहास में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं. उन्होंने अब तक 96 आईपीएल मैचों में 111 विकेट हासिल किए हैं. नई गेंद से विकेट निकालने के साथ-साथ डेथ ओवर्स में सटीक गेंदबाजी करना उनकी सबसे बड़ी ताकत रही है.
आईपीएल 2025 में अर्शदीप ने 21 विकेट हासिल किए थे, जबकि 2026 के सीजन में उनके नाम 14 विकेट रहे. उनकी लेफ्ट आर्म तेज गेंदबाजी और पारी के अलग-अलग चरणों में विकेट निकालने की क्षमता मुंबई इंडियंस के गेंदबाजी आक्रमण को मजबूती दे सकती है.