)
राजस्थान के बीकानेर जिले से बड़ी दुखद खबर सामने आई है. छतरगढ़ थाना क्षेत्र में खेत की डिग्गी में डूबने से चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई. हादसा ग्राम पंचायत आवा के चक 9AWM में हुआ. मृतकों में दो सगे भाई, एक अन्य बालक और एक बालिका शामिल हैं. घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और परिवार में मातम छा गया.
जानकारी के अनुसार, खेत में बनी डिग्गी में एक बच्चा डूबने लगा था. उसे बचाने के प्रयास में परिवार के अन्य सदस्य भी डिग्गी में उतर गए. इस दौरान एक के बाद एक चार लोग डिग्गी में डूब गए. हादसे में चारों की मौत हो गई. घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे.
बताया जा रहा है कि हादसे में एक ही परिवार के तीन सदस्यों सहित पूजा, मुकेश, निर्मल और विनोद की मौत हुई है. दो सगे भाइयों की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. घटना की सूचना मिलने के बाद क्षेत्र के लोग बड़ी संख्या में घटनास्थल पर जुट गए.
हादसे की सूचना पर छतरगढ़ थानाधिकारी नवनीत धालीवाल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और मामले की जानकारी जुटाई. इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है.