)
मुंबई का नाम आते ही मन में एक तस्वीर उभरकर सामने आती है, जिसमें चौड़ी सड़कों पर दौड़ती गाड़ियां, जगह-जगह लोगों की भीड़ और मुंबई लोकल की सवारी करते हुए लोग. मुंबई लोकल को शहर की लाइफ लाइन भी कहा जाता है. भीड़ भरी ट्रेनें और उनके खुले दरवाजों पर लटकते यात्री मुंबई की एक आम तस्वीर बन चुके हैं. महाराष्ट्र में तो लोकल ट्रेन को 'मुंबई की स्प्रिट' भी कहा जाता है. हालांकि, आने वाले समय में मुंबई लोकल की तस्वीर बदलने वाली है.
दरअसल, मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, जल्द ही मुंबई में ऑटोमैटिक दरवाजों वाली पहली नॉन-एसी लोकल चलने जा रही है. इसका पहले ट्रायल किया जाएगा और फिर लोगों के लिए इसको चलाया जाएगा. चेन्नई की इंटीग्रल कोच फैक्ट्री (ICF) की ओर 12 डिब्बों वाली ये ट्रेन खास मुंबई के लिए बनाई गई है, जिसके शुरू होने से लोगों को दरवाजे पर खड़े होने से मुक्ति मिलेगी और घटनाओं से भी बचा जा सकेगा.
इस ट्रेन के दरवाजे मेट्रो की तर्ज पर खुलेंगे और बंद होंगे. बता दें कि 9 जून 2025 को हुए मुंब्रा रेल हादसे के बाद ऑटोमैटिक दरवाजों की जरूरत महसूस की जाने लगी. दो ओवरक्राउडेड (भीड़ भरी) ट्रेनें जब गुजरीं, तो गेट पर लटकर यात्रा कर रहे कई यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए. इस हादसे में पांच लोगों की जान भी गई थी.
इसी लोकल ट्रेन हादसे के बाद सूबे के सीएम देवेंद्र फडणवीस ने एक बड़ी घोषणा करते हुए कहा था कि मुंबई लोकल में भी मेट्रो जैसी सुरक्षा दी जाएगी. राज्य सरकार की ओर से रखे गए इस प्रस्ताव को केंद्र सरकार भी मान गई थी. सबसे खास बात है कि सुरक्षा बढ़ाए जाने के बाद भी किराया नहीं बढ़ाया जाएगा.
मुंबई रेलवे पुलिस की वेबसाइट के अनुसार, मुबंई लोकल से प्रतिदिन 70 से 80 लाख लोग सफर करते हैं. इतने बड़े नेटवर्क में हर दिन हादसे की आशंका बनी रहती है. हाल में ही इंडियन एक्सप्रेस में छपी एक रिपोर्ट में कहा गया कि साल 2025 में रेलवे नेटवर्क पर 2200 से अधिक लोगों की जान गई.
हैरान करने वाली बात है कि साल 2024 में ये आंकड़ा 2400 के करीब था. साल 2025 में औसतन हरदिन 6 से ज्यादा लोगों की जान गई है. बताया जाता है कि साल 2025 में 525 लोग चलती ट्रेन से गिरकर मरे. वहीं, 1000 से अधिक लोग ट्रैक पार करने के दौरान अपनी जान गंवाए.
जो नई ट्रेन मुंबई लोकल में शामिल होने जा रही है वह अपने आप में काफी खास है. इसकी सबसे बड़ी खासियत इसके दरवाजे हैं, जो मेट्रो की तर्ज पर ऑटोमैटिक हैं. ट्रेन चलने पर दरवाजे बंद रहेंगे और स्टेशन पर ट्रेन रुकने के बाद खुलेंगे. इस ट्रेन में लोग दरवाजों पर लटक नहीं पाएंगे. चूंकि यह नॉन एसी ट्रेन है, इस कारण खास डिजाइन में बनाया गया है, दरवाजों में जाली दी गई है और छत वेंटिलेटर भी लगाए गए हैं. इससे दरवाजे बंद होने की अवस्था में भी डिब्बे के भीतर हवा आती रहेगी. सबसे खास बात है कि ट्रेन के डिब्बे अंदर से जुड़े रहें, जिससे यात्री एक बोगी से दूसरे बोगी में आसानी से जा पाएंगे. इससे ट्रेन के भीतर भीड़ के बराबर में बंटने की संभावना है.