)
Chhath Puja 2026: पूर्वी यूपी से लेकर पूरे बिहार में छठ पूजा की तैयारियां शुरू हो गई है. इस पर्व में बांस से बने सूप और दउरा का बड़ा महत्व है. इस पर्व पर ठेकुआ से लेकर सूर्य देव को अर्घ्य देने पूजा की सभी सामग्री दउरा में रखी जाती है और सूप में दीया वगैरह रखकर सूर्य देव और छठी मइया की पूजा की जाती है. आइए इस लेख में विस्तार से जानें कि छठ पूजा में बांस के सूप और दउरा का ही उपयोग क्यों किया जाता है, इससे जुड़ी लोकमान्यता क्या है. क्या छठ पूजा में पीतल, स्टील या दूसरे धातु के सूप या दउरा का इस्तेमाल किया करना चाहिए
छठ पूजा में सूप और दउरा, इन दोनों का इस्तेमाल अलग-अलग तरह से किया जाता है. बांस के सूप में सभी प्रसाद सामग्री रखी जाती है, जैसे- नारियल, अदरक, ठेकुआ, फल, हल्दी, मूली और दूसरे प्रसाद. सूर्य देव को अर्घ्य देते समय इसी सूप से उन्हें और माता को श्रद्धा पूर्वक अर्पित किया जाता है. वहीं, बांस का दउरा में पूजा की सभी सामग्री और बाकी के प्रसाद रखे जाते हैं. परिवार के पुरुष दउरा और सूप को सर पर रख कर नदि तट पर लेकर जाते हैं.
छठ पूजा में बांस का सूप और दउरा का ही उपयोग किया जाता है, इसके पीछे कई मान्यताएं हैं. एक धार्मिक मान्यता है कि बांस वंश वृद्धि और निरंतरता का प्रतीक है. दरअसल, अन्य पौधों की अपेक्षा बांस का पौधा बहुत तेजी से बढ़ता है. एक ही जड़ से कई नए बांस निकल सकते हैं. ऐसा होना परिवार की वंश वृद्धि से जोड़ा जाता है. इस तरह घर की सुख-समृद्धि और निरंतरता का प्रतीक बांस को अति पवित्र मानते हुए इससे बने सूप और दउरा का छठ पूजा में उपयोग किया जाता है, क्योंकि छठ पूजा का व्रत भी संतान की लंबी आयु, अच्छे स्वास्थ्य और परिवार की सुख-समृद्धि के लिए ही रखा जाता है.
छठ पूजा प्रकृति के प्रति आभार व्यक्त करने का एक त्योहार है जिसमें एक साथ सूर्य, जल और भूमि से मिलने वाले फल और अनाज के लिए उनका आभार व्यक्त किया जाता है. बांस से बने सूप और दउरा भी प्रकृति से जुड़े हैं, जिसको छठ पूजा में उपयोग करने की परंपरा है. पुराने समय से ही बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश के गांव के लोग बांस को घरेलू जरूरतों के लिए इस्तेमाल में लाते रहे हैं. बांस से सूप, टोकरी, चटाई से लेकर कई और जरूरी सामान बनाए जाते रहे हैं. ऐसे में छठ जैसे लोकपर्व में बांस को सम्मान देते हुए इसका विशेष रूप से उपयोग किया जाता है.
बांस का इस्तेमाल करने के बाद अगर इसे हटा भी दें तो यह धीरे-धीरे प्राकृतिक रूप से नष्ट हो सकती हैं. लेकिन प्लास्टिक का सूप या दउरा इस्तेमाल करें तो यह पर्यावरण के हानिकारक हो सकता है. ऐसे में बिहार और यूपी के लोग बांस से बने सूप और दउरा का आज भी जोरो-शोरों से इस्तेमाल करते हैं, इस परंपरा में जरा भी हेरफेर नहीं आया है.
छठ पूजा में बांस का ही सूप और दउरा के इस्तेमाल की पुरानी पारंपरा है. हालांकि कई जगहों पर पीतल के सूप को भी उपयोग में लाया जाता रहा है. ध्यान दें, स्टील एक मिलावट के धातु से बना होता है. शास्त्रों में पूजा के लिए प्राकृतिक धातु जैसे सोना, चांदी, पीतल और तांबा के उपयोग को ही शुद्ध और शुभ माना जाता है. स्टील में लोहा मिला होता है जिसके कारण इसे पूजा में इस्तेमाल करना पूरी तरह से वर्जित होता है. स्टील का इस्तेमाल करने से शनि और राहु ग्रह का दोष लग सकता है. जिससे जीवन में नकारात्मक ऊर्जा बढ़ सकती है.
(Disclaimer: यह लेख सामान्य जानकारी और लोकमान्यताओं पर आधारित है. धार्मिक मान्यताएं क्षेत्र के अनुसार बदल सकती हैं. किसी भी पूजा विधि के लिए अपने पुरोहित या बड़े-बुजुर्गों से सलाह अवश्य लें.)