App

बिहार के गैंग ने पुराने सिक्कों के नाम पर लाखों ऐंठे, सदमे में महिला की मौत, 6 गिरफ्तार

झालावाड़ पुलिस ने एक महिला से ऑनलाइन सिक्के खरीदने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी और फिर ब्लैकमेलिंग कर महिला को आत्महत्या के लिए मजबूर करने वाले अंतरराज्यीय साइबर ठग गिरोह का पर्दाफाश किया है.

बिहार के गैंग ने पुराने सिक्कों के नाम पर लाखों ऐंठे, सदमे में महिला की मौत, 6 गिरफ्तार
Image Credit: rajasthan crime news

6 आरोपी और 3 बाल अपचारी निरुद्ध
एसपी अमित बुडानिया के निर्देशन में गठित एसआईटी ने तकनीकी साक्ष्यों और बैंक ट्रांजेक्शन की पड़ताल करते हुए बिहार तक आरोपियों के तार जोड़ दिए.पुलिस ने बिहार के सहरसा, मधेपुरा और खगड़िया जिलों में कार्रवाई करते हुए गिरोह के मुख्य सरगना सहित 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि तीन बाल अपचारियों को भी निरुद्ध किया गया है.

पीड़ित महिला की आत्महत्या के बाद हुआ ठगी का खुलासा
मामला झालावाड़ निवासी 56 वर्षीय मधुबाला ठाकुर की आत्महत्या से जुड़ा है. पुलिस के अनुसार महिला को सोशल मीडिया पर पुराने और दुर्लभ सिक्के लाखों रुपये में खरीदने का झांसा दिया गया. शुरुआत में आरोपियों ने छोटी रकम देकर विश्वास जीता और फिर अलग-अलग बहाने बनाकर महिला से लगातार लाखों रुपये ऐंठते रहे.जब महिला ने अपनी रकम वापस मांगी और आगे पैसे देने में असमर्थता जताई, तो आरोपियों ने ब्लैकमेलिंग शुरू कर दी. आरोपियों ने एआई तकनीक से तैयार फर्जी फोटो और वीडियो भेजकर महिला को डराया यहां तक कि बेटे को गंभीर आपराधिक मामले में फंसाने और उसकी जान खतरे में डालने की धमकी भी दी.

बिहार से हुई साइबर ठग गैंग की गिरफ्तारी
आरोपियों ने फर्जी पुलिस कार्रवाई के वीडियो, दुर्घटना की तस्वीरें, अस्पताल के फर्जी बिल और दिल्ली पुलिस के नाम से फर्जी नोटिस तक भेजे. इन सबके जरिए महिला पर लगातार मानसिक और आर्थिक दबाव बनाया गया. इसी प्रताड़ना से परेशान होकर महिला ने गत 2 नवंबर को आत्महत्या कर ली. मामले की जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ. पुलिस ने महिला के बैंक खातों और यूपीआई ट्रांजेक्शन को जांचा, तो कई बैंक खातों में ठगी की रकम पहुंचने की जानकारी मिली. जांच में सामने आया कि गिरोह लंबे समय से देशभर के लोगों को अपना शिकार बना रहा था और आरोपियों के बैंक खातों के खिलाफ पहले से भी साइबर ठगी की शिकायतें दर्ज थीं. इसके बाद झालावाड़ पुलिस की विशेष टीमें बिहार रवाना हुईं और स्थानीय पुलिस के सहयोग से अलग-अलग ठिकानों पर दबिश देकर आरोपियों को गिरफ्तार किया.

ठगी की ये वारदात इस बात की गंभीर चेतावनी है कि सोशल मीडिया पर रातों-रात अमीर बनने का लालच या पुराने सिक्कों और नोटों की ऑनलाइन खरीद-फरोख्त के झांसे किस हद तक खतरनाक साबित हो सकते हैं. ठग अब एआई तकनीक और फर्जी दस्तावेजों का सहारा लेकर लोगों को मानसिक रूप से इस कदर तोड़ देते हैं कि परिवार तबाह हो जाते हैं. इसलिए, इंटरनेट या सोशल मीडिया पर अनजान लोगों के लुभावने ऑफर्स से हमेशा सावधान रहें, किसी भी संदिग्ध गतिविधि या ब्लैकमेलिंग की स्थिति में तुरंत पुलिस से संपर्क करें, क्योंकि थोड़ी सी सतर्कता ही आपको और आपके परिवार को इस तरह के जालसाजों से बचा सकती है.
 
ये भी पढ़ें : ब्राउन शुगर तस्कर और पूर्व उपसरपंच रसीद खान की 3.92 करोड़ की अवैध संपत्ति फ्रीज

 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Zee Rajasthan Web Team

Zee Rajasthan Web Team

राजस्थान की सबसे भरोसेमंद और तेज़ डिजिटल न्यूज़ डेस्क. प्रामाणिक खबरें, राजनीतिक हलचल, लोकल अपडेट्स, ब्रेकिंग न्यूज़ और हर ज़िले की हर बड़ी गतिविधि सबसे पहले और सटीक अंदाज़ में. जुड़े रहिए हमारे साथ—सच बेबाक, राजस्थान तक
Read More