)
दो मंजिला आलीशान मकान और गाड़ियां सीज़
पुलिस अधीक्षक विशाल जांगिड़ के निर्देशन में पुलिस मुख्यालय से चलाए जा रहे अभियान के तहत अरनोद थानाधिकारी शिवलाल मीणा के नेतृत्व में पुलिस जाप्ते ने ये कार्रवाई की. पुलिस ने मौके पर फ्रीजिंग का बोर्ड लगाकर संपत्तियों को फ्रीज किया. पुलिस के मुताबिक आरोपी रसीद खान पुत्र जलाल खान (45), निवासी देवल्दी, थाना अरनोद लंबे समय से ब्राउन शुगर, एमडी आदि मादक पदार्थों की तस्करी में जुड़ा रहा है. तस्करी की अवैध आय से उसने कम समय में देवल्दी में आबादी भूमि पर दो मंजिला आलीशान मकान और चारदीवारी बनवाई. साथ ही दो मोटरसाइकिलें अपने दोस्तों के नाम करवाकर खुद के कब्जे और उपयोग में ले रखी थीं. ये जानकारी मिलने पर अरनोद थानाधिकारी ने एनडीपीएस एक्ट की धारा 68(एफ) के तहत वित्तीय जांच शुरू की.
जांच के दौरान ग्राम पंचायत नौगावां के सचिव और पटवार हल्का नौगावां से रिकॉर्ड लिया गया. सार्वजनिक निर्माण विभाग से संपत्तियों की वैल्यूएशन रिपोर्ट और बैंक खातों और परिवहन विभाग से रिकॉर्ड प्राप्त किए गए. जांच में दोनों मोटरसाइकिलें भी तस्करी की अवैध आय से अर्जित पाई गईं.
सुपर स्प्लेंडर और एक्स प्लस 200 मोटरसाइकिलें भी फ्रीज
पुलिस ने पिछले छह वर्षों में तस्करी से अर्जित संपत्ति का फ्रीजिंग आदेश तैयार कर 14 अक्टूबर को कॉम्पिटेंट अथॉरिटी एंड एडमिनिस्ट्रेटर, सफेमा, नई दिल्ली को प्रस्तुत किया था. सुनवाई के बाद सफेमा ने 9 नवंबर को आदेश पारित कर सभी संपत्तियों की फ्रीजिंग कन्फर्म की. इसके बाद 11 नवंबर को थाना अरनोद ने फ्रीजिंग बोर्ड लगाकर संपत्तियां फ्रीज कीं। फ्रीज की गई संपत्ति में देवल्दी में आबादी भूमि पर बना दो मंजिला आलीशान मकान, चारदीवारी और जमीन शामिल है, जिसका वर्तमान बाजार मूल्य करीब 3 करोड़ 90 लाख रुपये है. इसके अलावा सुपर स्प्लेंडर और एक्स प्लस 200 मोटरसाइकिलें भी फ्रीज की गई हैं, जिनकी बाजार कीमत करीब 2 लाख रुपये है. इस तरह कुल फ्रीज संपत्ति करीब 3 करोड़ 92 लाख रुपये की है.
साबरमती सेंट्रल जेल में बंद है नौगावां का पूर्व उपसरपंच
पुलिस के मुताबिक रसीद खान के खिलाफ राजस्थान और गुजरात में मादक पदार्थ तस्करी के 2 प्रकरण दर्ज हैं. 5 अगस्त 2025 को गुजरात के गांधीनगर पुलिस स्टेशन ने अहमदाबाद निवासी जावेद उमरभाई मेवाती के कब्जे से 117.690 ग्राम एमडी, 49.890 ग्राम गांजा और नकदी सहित एक कार जब्त की थी. जांच में सामने आया कि यह एमडी और गांजा रसीद खान ने उपलब्ध कराया था. इस पर रसीद खान को 21 मई 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया. वो अभी साबरमती सेंट्रल जेल, अहमदाबाद में बंद है. आरोपी पहले ग्राम पंचायत नौगावां का उपसरपंच भी रह चुका है. पुलिस का कहना है कि प्रतापगढ़ पुलिस मादक पदार्थ और अन्य संगीन अपराधों में लिप्त अपराधियों की आपराधिक कृत्यों से अर्जित अवैध संपत्तियों को चिह्नित कर नियमानुसार फ्रीज और ध्वस्त करने की कार्रवाई कर रही है.