App

जेल की सलाखों के पीछे मना भाईदूज, भाइयों से मिलते ही छलक पड़े बहनों के आंसू!

भाई-बहन के अटूट प्रेम का प्रतीक भाईदूज का पर्व कोटा सेंट्रल जेल और बारां के छबड़ा जेल में पारंपरिक तरीके से मनाया गया. इस मौके पर बड़ी संख्या में बहनें अपने बंद भाइयों से मिलने पहुंचीं. बहनों ने भाइयों के माथे पर तिलक लगाया, रक्षा सूत्र बांधा और मिठाई खिलाकर उनकी लंबी उम्र और खुशहाली की कामना की.

जेल की सलाखों के पीछे मना भाईदूज, भाइयों से मिलते ही छलक पड़े बहनों के आंसू!
Image Credit: कोटा और छबड़ा जेल में मनाया गया भाईदूज का पर्व

भाई-बहन के अटूट प्रेम और विश्वास का प्रतीक भाईदूज का पर्व कोटा सेंट्रल जेल में भी पारंपरिक तरीके से मनाया गया. इस मौके पर जेल में बंद अपने भाइयों को तिलक लगाने और रक्षा सूत्र बांधने के लिए बड़ी संख्या में महिलाएं दूर-दराज के इलाकों से पहुंचीं. जेल परिसर में बहनों ने अपने भाइयों का तिलक कर उन्हें रक्षा सूत्र बांधा और भाईदूज की परंपरा निभाई.

सुरक्षा के बीच बहनों के लिए किए गए विशेष इंतजाम
त्योहार को देखते हुए जेल प्रशासन की ओर से विशेष व्यवस्थाएं की गई थीं. सुरक्षा के मद्देनजर महिला पुलिसकर्मियों का अतिरिक्त जाब्ता तैनात किया गया. जेल में प्रवेश से पहले महिलाओं की ओर से लाई गई मिठाई और अन्य सामान की जांच की गई. इसके बाद ही उन्हें अंदर जाने की अनुमति दी गई. महिलाओं के लिए बैठने और पीने के पानी की व्यवस्था भी की गई थी.

तिलक लगाकर बहनों ने भाइयों की खुशहाली की कामना की
भाईदूज के अवसर पर जेल परिसर में भाई-बहनों के मिलन का माहौल देखने को मिला. बहनों ने भाइयों के माथे पर तिलक लगाकर उनकी खुशहाली की कामना की और रक्षा सूत्र बांधकर त्योहार की रस्म पूरी की. जेलर महेश चंद ने बताया कि पर्व के दौरान सुरक्षा और व्यवस्थाओं को ध्यान में रखते हुए जरूरी इंतजाम किए गए थे.  

छबड़ा जेल में भी भावुक माहौल में मना भाईदूज
बारां के छबड़ा में भाई-बहन के अटूट प्रेम का प्रतीक भाई दूज का पर्व छबड़ा जेल में भी भावुक माहौल में मनाया गया. इस अवसर पर जेल में बंद कैदियों से मिलने पहुंची बहनों ने अपने भाइयों के माथे पर तिलक लगाकर उनकी लंबी उम्र, अच्छे स्वास्थ्य और उज्ज्वल भविष्य की कामना की.

बहनों की आंखें हुईं नम, भाइयों के चेहरों पर दिखी खुशी
बहनों ने पारंपरिक रीति-रिवाज से पूजा-अर्चना कर भाइयों को मिठाई खिलाई और पर्व की शुभकामनाएं दीं. लंबे समय से परिवार से दूर रह रहे बंदियों के लिए यह पल भावुक कर देने वाला रहा. मुलाकात के दौरान कई बहनों की आंखें नम हो गईं, तो भाइयों के चेहरों पर अपनों से मिलने की खुशी साफ झलक रही थी. भाई दूज के इस अवसर पर जेल परिसर में कुछ समय के लिए पारिवारिक माहौल बन गया. इस आयोजन ने यह संदेश दिया कि परिस्थितियां कैसी भी हों, भाई-बहन के प्रेम और रिश्तों की डोर हमेशा मजबूत बनी रहती है. 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Zee Rajasthan Web Team

Zee Rajasthan Web Team

राजस्थान की सबसे भरोसेमंद और तेज़ डिजिटल न्यूज़ डेस्क. प्रामाणिक खबरें, राजनीतिक हलचल, लोकल अपडेट्स, ब्रेकिंग न्यूज़ और हर ज़िले की हर बड़ी गतिविधि सबसे पहले और सटीक अंदाज़ में. जुड़े रहिए हमारे साथ—सच बेबाक, राजस्थान तक
Read More