)
इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) इतिहास का सबसे बड़ा ट्रेड बुधवार (11 नवंबर) को आखिरकार हो गया. भारतीय क्रिकेट के दो सुपरस्टार्स की टीमें बदल गई हैं. मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पांड्या अब पंजाब किंग्स के लिए खेलते हुए नजर आएंगे. वहीं, पंजाब के बाएं हाथ के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह अब मुंबई की टीम के लिए खेलते हुए नजर आएंगे. आईपीएल ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करके इस डील की आधिकारिक जानकारी दी.
हार्दिक को इस डील में एक करोड़, 65 लाख रुपये का फायदा हुआ है. वह मुंबई की टीम में 16.35 करोड़ रुपये में पिछली बार रिटेन हुए थे. पंजाब में जाने पर उनकी फीस बढ़कर 18 करोड़ रुपये हो गई है. वहीं, अर्शदीप को उनकी पुरानी फीस 18 करोड़ रुपये में ही मुंबई इंडियंस ने अपने साथ जोड़ा है. इस डील को लेकर पिछले एक हफ्ते से सोशल मीडिया पर चर्चा हो रही थी और आखिरकार इस पर मुहर लग ही गई.
हार्दिक ने पंजाब किंग्स से जुड़ने के बाद पहला पोस्ट भी कर दिया है. उन्होंने पंजाब किंग्स की जर्सी में एक तस्वीर शेयर की और बैकग्राउंड में मशहूर सिंगर करण औजला का गाना 'गबरू' लगाया. उन्होंने नीचे कैप्शन में पंजाब के कप्तान श्रेयस अय्यर और कोच रिकी पोंटिंग का भी नाम लिखा. हार्दिक ने लिखा, ''सत श्री अकाल, मेरे कैप्टन श्रेयस, मेरे कोच रिकी, मेरी टीम, पूरा पंजाब. मैं आपके पीछे खड़ा हूं.''
हार्दिक पांड्या सबसे मुंबई इंडियंस से 2015 में जुड़े थे. वह 2015, 2017, 2019 और 2020 में चैंपियन बनने वाली टीम के अहम सदस्य रहे. इसके बाद हार्दिक 2022 आईपीएल से पहले गुजरात टाइंटस से जुड़ गए. उन्होंने इस नई टीम को उसके पहले ही सीजन (2022) में चैंपियन बना दिया. 2023 में गुजरात टाइटंस की टीम फाइनल तक पहुंची और मुंबई ने उनके शानदार प्रदर्शन को देखते हुए वापस लाने का फैसला कर लिया. हार्दिक मुंबई में रोहित शर्मा की जगह कप्तान बनकर टीम में लौटे, लेकिन वह गुजरात जैसा करिश्मा यहां नहीं दिखा पाए. तीन सीजन में सिर्फ एक प्लेऑफ तक मुंबई की टीम पहुंच पाई. फैंस नाराज थे और टीम में अनबन की खबरें भी आ रही थीं. इसे देखते हुए मुंबई ने उन्हें ट्रेड करने का फैसला कर लिया. उन्होंने 162 आईपीएल मैचों में 146.28 की स्ट्राइक रेट 2955 रन बनाए हैं और 82 विकेट हासिल किए हैं.
अर्शदीप ने पंजाब किंग्स में लगातार आठ सीजन खेलने के बाद टीम से हटने का फैसला किया. उन्होंने ट्रेड के लिए सहमति दी और मुंबई इंडियंस में आ गए. अर्शदीप ने 2019 में पंजाब के लिए आईपीएल डेब्यू किया था. इसके बाद धीरे-धीरे पंजाब किंग्स के ही नहीं, बल्कि देश के भी शीर्ष तेज गेंदबाज बन गए. वह टी20 इंटरनेशल में भारत के लिए सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं. उन्होंने आईपीएल में 96 मैचों में 111 विकेट झटके हैं. अब अनुभवी जसप्रीत बुमराह के साथ मुंबई में खतरनाक जोड़ी बनाएंगे.