)
खाने का मेरी जिंदगी में हमेशा से एक खास स्थान रहा है. अच्छे खाने की तलाश में ही मेरी मुलाकात राजीव से हुई थी और इसी दौरान मुझे उनसे प्यार हो गया. कई साल बाद भारत भी मेरी जिंदगी में इसी तरह आया, एक-एक खाने के जरिए. शुरुआत में यहां के अलग-अलग तरह के खाने ने मुझे हैरान किया और मसालों की तीखापन से डर भी लगा. लेकिन अब दाल-चावल ही मुझे घर जैसा एहसास कराते हैं और इसके बिना मेरा एक दिन भी नहीं गुजरता.
सोनिया गांधी ने हाल ही में यह पोस्ट किया है. इसके अलावा 10 नवंबर को रिलीज हुई उनकी किताब 'BELONGING A JOURNEY OF LOVE' में भी खाने का खूब जिक्र किया है. उन्होंने किताब में बताया है कि जब वो पढ़ाई के सिलसिले में घर से दूर हुईं, तो उन्हें वहां खाने की बहुत दिक्कत हुई है. उन्होंने लिखा कि वो जहां किराये पर रहती थीं, वहीं से मिलने वाला खाना उन्हें देखना भी पसंद नहीं था. इसीलिए वो उस खाने को फेंक दिया करती थीं और फिर वो खाना बिल्लियां खा लेती थीं. सोनिया ने बताया कि उन्हें आखिर में एक रेस्टोरेंट मिल गया था. जहां का खाना उन्हें पसंद आने लगा था. इस रेस्टोरेंट का नाम 'द वार्सिटी' था. यहां पर उनकी पहली मुलाकात राजीव गांधी से हुई थी.
सोनिया गांधी 13 जनवरी 1968 को जब पहली बार भारत आईं, तो यहां भी उन्हें इटैलियन खाने की बहुत याद आई. क्योंकि, उन्हें भारतीय खानों का तीखापन बिल्कुल भी पसंद नहीं था. उन्हें बहुत मुश्किल से उनकी पसंद का खाना मिल पाता था. उन्होंने बताया कि गर्भावास्था के दौरान जो उनकी डाइट फिक्स हुई थी वो बिल्कुल पसंद नहीं थी. खुद इंदिरा गांधी ने बच्चे के जन्म की तैयारी के लिए जरूरी सामान की सूची भी बनाई थी.
सोनिया के मुताबिक जब वो गर्भावस्था से गुजर रही थीं, तो उन्हें सास के कहे मुताबिक हर दिन दो गिलास दूध पीना होता था. उन्हें दूध बिल्कुल भी पसंद नहीं था, जिसके लिए वो नेस्कैफे मिलाकर दूध पीती थीं. इसके अलावा उन्हें सप्ताह में कम से कम तीन बार पालक खाने के लिए कहा गया था. लेकिन उन्हें पालक का स्वाद बिल्कुल पसंद नहीं था. उन्होंने बताया कि वो जैसे ही पालक का एक टुकड़ा खाती थीं, तो फिर तुरंत पानी का घूंट लेना होता था, जिसकी मदद से वो खाने को अंदर करती थीं.
उन्होंने यह भी बताया कि उन्हें जामुन खाने का मन करता था. फालसा पसंद आने लगा था. फैंटा भी उन्हें बहुत पसंद था. उन्होंने लिखा कि वे एक दिन में फैंटा की 12 बोतलें तक पी जाती थीं.
वो भारतीय खानों से इतनी ज्यादा परेशान हो गई थीं कि उन्हें बार-बार अपनी नापसंदीदगी जाहिर करने में इंदिरा गांधी से डर लगता था. किताब में सोनिया लिखती हैं,'वो अपनी मां के सामने होतीं तो इन बातों पर खुलकर विरोध कर सकती थीं, लेकिन राजीव की मां के सामने वे अभी इतनी सहज नहीं थीं कि उनकी बातों का विरोध कर सकें.'
खाने को लेकर उन्होंने अपने पहले आधिकारिक विदेशी दौरे के बारे में बताया. इंदिरा गांधी का भूटान दौरा था और इस दौरे पर वो सोनिया गांधी को भी साथ लेकर गई थीं. उन्होंने भूटान में राजा और उनके परिवार के साथ औपचारिक रात्रिभोज का जिक्र किया. इस दौरान उनकी प्लेट में भाप में पकी हुई मछली परोसी गई थी. जिसे उन्होंने अजीब सा चेहरा बना लिया. सोनिया इसको देखकर असहद हो गईं और चेहरा पर अलग तरह के हाव-भाव उभर गए. जिन्हें देखकर इंदिरा गांधी अंदाजा लगा चुकी थी. इसके बाद इंदिरा गांधी ने उनकी परेशानी समझी और वह टुकड़ा उनकी प्लेट से हटा दिया.