)
देश के पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ (75 वर्ष) बुधवार सुबह मॉर्निंग वॉक करते हुए अचानक बेहोश होकर गिर गए. इससे उनके स्टाफ में अफरा-तफरी मच गई. उन्हें तुरंत इलाज के लिए दिल्ली के एम्स में भर्ती कराया गया. फिलहाल उनकी हालत के बारे में कोई जानकारी उपलब्ध नहीं है. एम्स प्रशासन की ओर से इस संबंध में कोई जानकारी शेयर नहीं की गई है.
रिपोर्ट के मुताबिक, धनखड़ जब बेहोश होकर गिरे, उनके साथ मौजूद सुरक्षाकर्मियों में हड़कंप मच गया. उन्हें तुरंत सीपीआर दी गई. कुछ मिनटों के बाद पूर्व उपराष्ट्रपति को होश आया तो उन्हें पुलिस के पीसीआर वाहन से घर लाया गया. वहां पर एम्स के डॉक्टर संदीप सेठ और ILBS की एक मेडिकल टीम ने उनके स्वास्थ्य की जांच की. बाद में उनकी बिगड़ती सेहत को देखते हुए एंबुलेंस से उन्हें दिल्ली एम्स ले जाया गया.
सूत्रों के अनुसार, जगदीप धनखड़ को अस्पताल के कार्डियो-न्यूरो सेंटर में भर्ती कराया गया है. कार्डियोलॉजी डिपार्टमेंट के डॉक्टर उनके कई टेस्ट कर रहे हैं. परिवार के लोग भी उनके साथ अस्पताल में मौजूद हैं. पूर्व उपराष्ट्रपति के एम्स में भर्ती होने की वजह से वहां पर सुरक्षा भी कड़ी कर दी गई है. फिलहाल, अस्पताल की ओर से उनकी सेहत के बारे में कोई जानकारी अपडेट नहीं की गई है.
बताते चलें कि राजस्थान के जाट समुदाय से आने वाले जगदीप धनखड़ अगस्त 2022 से जुलाई 2025 तक देश के 14वें उपराष्ट्रपति रहे थे. हालांकि, उनका 5 वर्षीय कार्यकाल पूरा नहीं हो पाया. विपक्षी खेमे के फेवर में कई बयान देने और सरकारी नीतियों से अलग चलने पर सत्ता पक्ष ने उनसे संकेतों में नाराजगी जताई थी. जब वे नहीं माने तो उन्हें संकेतों में इस्तीफा देने या फिर संवैधानिक कार्रवाई के लिए कहा गया. ऊपर के इशारों को समझकर उन्होंने अपना कार्यकाल पूरा होने से पहले ही पद से इस्तीफा दे दिया था. तब से वे गुमनामी जैसा जीवन जी रहे हैं.