)
सीनियर कांग्रेस नेता सोनिया गांधी की आज यानी 10 नवंबर 2026 को रिलीज हुई किताब 'Belonging A Journey of Love' में कई दिलचस्प खुलासे हुए हैं. किताब 'हार्पर कॉलिन्स पब्लिशर्स' की तरफ से छापी गई है. इस किताब की शुरुआत ही सोनिया ने राजीव गांधी के साथ अपनी लव स्टोरी से की है. उन्होंने बताया है कि किस तरह उनकी कैम्ब्रिज के एक ग्रीक रेस्टोरेंट 'द वार्सिटी' में पहली मुलाकात हुई थी, जहां वो अक्सर अपने दोस्तों के साथ जाया करती थीं.
किताब के मुताबिक सोनिया गांधी स्कूल की तरफ से मिले एक किराये के घर में रहती थीं, यहां मिलने वाला खाना उन्हें बिल्कुल भी पसंद नहीं था. सोनिया ने लिखा,'उन्हें वहां मिलने वाले खाने का स्वाद तो दूर देखने तक भी पसंद नहीं था.' उन्होंने बताया,'यहां सब कुछ बेस्वाद और बेरंग था. खाना सिर्फ उबालकर बनाया जाता था. उसमें न जड़ी-बूटियां होती थीं, न मसाले. नमक और कभी-कभी काली मिर्च के अलावा कुछ नहीं डाला जाता था.' सोनिया के मुताबिक,'मैं उस खाने को नीचे घास वाले एक खुले स्थान में फेंक देती थी, जहां आसपास के पड़ोस की बिल्लियां उसे खा जाती थीं.'
उन्होंने किताब में बताया,'मेरी सबसे बड़ी समस्या का समाधान 'द वार्सिटी' रेस्टोरेंट ने भी कर दिया था. उसकी सजावट साधारण थी. वहां लकड़ी की मेजें और सफेद मेजपोश थे. जगह हमेशा छात्रों से भरी रहती थी. वहां चहल-पहल रहती थी और लोग आते-जाते रहते थे.' राजीव के बारे में बताते हुए सोनिया ने लिखा,'यहीं पर मेरी नजर एक दिन उन तीन लड़कों के समूह पर पड़ी, जो सामने वाली मेज पर बैठा करता था. उनमें से एक लड़का लंबा और खूबसूरत था. उसके साथियों की तरह उसने भी जैकेट पहनी हुई थी. वह बाकी लड़कों से काफी अलग दिखाई देता था. मैं बार-बार उसकी तरफ देखने से खुद को रोक नहीं पाती थी.'
खैर.. यहीं पर एक कॉमन जानकार के जरिए सोनिया गांधी की मुलाकात राजीव गांधी से हुई थी. उन्होंने पहली मुलाकात के बारे में बताते हुए लिखा,'मैं अपनी एक दोस्त के साथ उसी रेस्टोरेंट पहुंची, देखा कि वो तीन दोस्तों वाला ग्रुप आज वहां मौजूद नहीं था. मैं थोड़ी मायूस भी हो गई थी, लेकिन मैंने यह मायूसी अपनी दोस्त से छिपाए रखी, लेकिन थोड़ी ही देर बाद दरवाजा खुलता और मैं देखती हूं कि वह खूबसूरत नौजवान (राजीव गांधी) अंदर आया. इस बार उसके साथ क्रिश्चियन वॉन स्टिगलिट्ज था, जिसे मैं अपनी मकान मालकिन रूथ के दोस्त के रूप में जानती थी.'
सोनिया ने बताया कि मुझे देखते ही क्रिश्चियन ने कहा,'हाय सोनिया, इनसे मिलो. ये मेरे दोस्त राजीव हैं. राजीव ने मुस्कराते हुए मेरी तरफ हाथ बढ़ाया और कहा, 'आप कैसी हैं, सोनिया?' सोनिया ने अपनी हालत बयान करते हुए लिखा,'मेरा दिल बहुत तेजी से धड़क रहा था. मुझे लग रहा था कि उसकी धड़कन कोई भी सुन सकता है. मेरा चेहरा गर्म हो गया था और जब मैंने उससे हाथ मिलाने के लिए अपना हाथ आगे बढ़ाया, तो वह कांप रहा था. उसकी गहरी, चमकदार आंखें मेरी आंखों से मिलीं. उसके चेहरे पर एक अलग ही खुलापन था. मैंने जवाब दिया, आप कैसे हैं?'
यह दोनों की पहली मुलाकात थी. अब हम आपको सोनिया गांधी और इंदिरा गांधी की पहली मुलाकात पर लेकर चलते हैं. लंदन में इंदिरा और सोनिया गांधी की पहली मुलाकात हुई थी. उन्होंने मुलाकात के बारे में बताया,'मैं और राजीव जैसे ही पहली मंजिल पर पहुंचे, तो इंदिरा गांधी पहले से इंतजार कर रही थीं. मैंने उन्हें देखा तो उनकी बड़ी-बड़ी गहरी आंखें और लंबी पलकों ने मुझे सबसे ज्यादा प्रभावित किया. उनकी नाक भी काफी उभरी हुई थी. उन्होंने मुझसे फ्रेंच में बात की, क्योंकि उन्हें पता था कि मैं अंग्रेजी के बजाय फ्रेंच बेहतर समझती हूं. उन्होंने अपने पहनावे की तारीफ की, जिसे मैंने स्वीकार कर लिया. फिर उन्होंने मुझसे मेरे परिवार के बारे में पूछा.'

सोनिया ने आगे लिखा,'मैं अपनी पढ़ाई और अपने परिवार के बारे में सोचते हुए पहले ही घबराई हुई थी. इस गहरी भावनात्मक स्थिति में मैं अचानक रोने लगी. मुझे समझ नहीं आ रहा था कि क्या कहूं. उन्होंने बहुत नरम और प्यार भरे अंदाज में मेरा हाथ पकड़कर मुझे अपने पास खींच लिया और कहा डरो मत, सोनिया. मैं भी इंसान हूं. मैं भी कभी जवान थी और प्यार को समझती हूं. मैं तुम्हारी भावनाओं को अच्छी तरह समझ सकती हूं. उनके ये शब्द सुनकर मुझे कुछ राहत मिली. मेरा साहस बढ़ा और आंसुओं को रोकते हुए मैंने उनके कुछ सवालों के जवाब देने की कोशिश की...'
किताब के मुताबिक,'मुलाकात के बाद उन्हें किसी दोस्त के यहां पार्टी में जाना था. मैंने उस मौके के लिए अपने साथ एक लंबी काली इवनिंग ड्रेस रखी थी, जो मुझे काफी स्टाइलिश लग रही थी. राजीव ने एक दरवाजे की ओर इशारा किया और मैं ड्रेस बदलने के लिए एक छोटे से कमरे में चली गई. वहां ड्रेसिंग टेबल और एक लंबा आईना था. जैसे ही मैंने कपड़े बदलने शुरू किए, मुझे एहसास हुआ कि मेरी ड्रेस के निचले किनारे का थोड़ा-सा हिस्सा उघड़ गया है.'
सोनिया ने बताया,'मैंने राजीव को आवाज दी और बताया कि मुझे मदद की जरूरत है. राजीव ने बिना कोई हिचकिचाहट दिखाए अपनी मां की ओर रुख किया और इससे पहले कि मैं कुछ समझ पाती, वह अपने साथ सिलाई का छोटा-सा किट लेकर वहां पहुंच गईं. उन्होंने मुझसे ड्रेस का उघड़ा हुआ हिस्सा दिखाने को कहा. फिर वह नीचे झुकीं और बड़े सहज अंदाज में ड्रेस के किनारे की सिलाई करने लगीं.मैंने उन्हें धन्यवाद दिया. उनकी इस मेहरबानी ने मेरा दिल जीत लिया था. साफ था कि उनके मन में किसी तरह का कोई दिखावा या बनावटीपन नहीं था. वह वाकई एक आम इंसान थीं, जैसा कि उन्होंने खुद मुझसे कहा था!'
सोर्स: सोनिया गांधी की किताब, BELONGING A JOURNEY OF LOVE