)
सोनिया गांधी की अपनी आत्मकथा 'बिलोंगिंग: ए जर्नी ऑफ लव' बाजार में आ गई है. इसके साथ ही उनकी किताब को लेकर विवादों का पिटारा भी खुल गया है. सोनिया में अपनी किताब में पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी से जुड़ा एक प्रसंग लिखा है, जिस पर उनकी बेटी शर्मिष्ठा मुखर्जी ने कड़ा एतराज जताते हुए सोशल मीडिया पर तीखा जवाब दिया है. शर्मिष्ठा ने लिखा कि अगर कोई इंसान मेहनती है तो महत्वाकांक्षी होना गलत बात नहीं है. इसमें शॉक होने जैसी कोई बात नहीं होनी चाहिए.
अपनी आत्मकथा में सोनिया गांधी ने लिखा, 'वर्ष 2010 में जब मनमोहन सिंह प्रधानमंत्री थे, तब प्रणब मुखर्जी मेरे पास आए और बोले कि अब मनमोहन सिंह जी को बदलने का समय आ चुका है. असल में प्रणव मुखर्जी खुद प्रधानमंत्री बनना चाहते थे. उनकी इस महत्वाकांक्षा को सुन कर मैं शॉक रह गई.'
What’s there to get ‘shocked’ about? https://t.co/G176imSSfy
— Sharmistha Mukherjee (@Sharmistha_GK) November 10, 2026
सोनियां गांधी ने किताब में यह भी लिखा, 'जब 1984 में राजीव गांधी को प्रधानमंत्री बनाया गया, तब भी प्रणब मुखर्जी प्रधानमंत्री बनना चाहते थे. इसी नाराजगी के चलते उन्होंने कांग्रेस पार्टी छोड़ दी थी. वर्ष 2010 में यह दूसरी बार था, जब प्रणब ने अपनी यह महत्वाकांक्षा दोहराई थी. उनकी यह इच्छा जानकर मैं दंग रह गई थी.'
इस पर भड़की प्रणव मुखर्जी की बेटी शर्मिष्ठा मुखर्जी ने पलटवार करते हुए तीखा जवाब दिया. शर्मिष्ठा ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर लिखा, 'इसमें शॉक' होने जैसी क्या बात है? क्या महत्वाकांक्षी होना कोई अपराध है, खासकर तब जब वह 'महत्वाकांक्षा' राजनीति और शासन में दशकों के अनुभव, कड़ी मेहनत और एक शानदार दिमाग के बल पर यहां तक पहुंची हो.'
अपने पिता और देश के पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी के बारे में बताते हुए शर्मिष्ठा ने लिखा, 'एक बार जब मैंने उनसे पूछा था कि क्या वे पीएम बनना चाहते हैं, तो उन्होंने बड़े स्पष्ट भाव से उत्तर दिया था कि किसी भी काबिल राजनेता में यह महत्वाकांक्षा होती है. मेरे पिता एक बहुत ही साधारण पृष्ठभूमि से आते थे. उन्होंने अपने जीवन में जो कुछ भी हासिल किया, वह पूरी तरह से अपनी योग्यता और कड़ी मेहनत के बल पर किया था.'
सोनिया गांधी पर तंज कसते हुए शर्मिष्ठा ने आगे लिखा, 'एक परिवार की जागीर होने की वजह से उन्हें कोई भी पद थाली में परोसकर नहीं दिया गया. यदि कोई पूरी तरह से योग्य व्यक्ति प्रधानमंत्री बनने की महत्वाकांक्षा रखता है, तो इसमें गलत क्या है, सिवाय इसके कि सोनिया जी इस बात से 'शॉक' थीं कि गांधी-नेहरू परिवार के बाहर का कोई व्यक्ति ऐसी महत्वाकांक्षा पालने की हिम्मत भी कर सकता है. इसके अलावा इसे उनके सामने 'इशारे' में व्यक्त करने की भी हिम्मत कर सकता है?'
अपने पिता की खूबियों के बारे में बताते हुए शर्मिष्ठा ने लिखा, 'मैंने सोनिया की किताब में अपने पिता प्रणब दा के बारे में एक जगह पढ़ा, जिसमें लिखा गया था कि सोनिया को वे कभी अपने खिलाफ नहीं लगे. जहां तक मैंने प्रणब दा की डायरी को पढ़ा और उनके साथ जो भी बातचीत हुई, उसके आधार पर मैं निश्चित रूप से कह सकती हैं कि वे सोनिया समेत किसी भी व्यक्ति े खिलाफ नहीं थे. वे गहरी समझ वाले एक व्यावहारिक व्यक्ति थे. वह सोनिया गांधी से जुड़े उन सभी कारणों और उन असुरक्षाओं ग्रंथि को समझते थे, जिनसे इस तरह की परिस्थिति में हर इंसान हो जाता है.'
अपनी इस पोस्ट में देश के पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी की बेटी शर्मिष्ठा ने उन्हें खरी-खरी सुना दी. उन्होंने परिवारवाद बनाम योग्यता को मुद्दा बनाते हुए गांधी परिवार को जमकर घेरा. उन्होंने तंज कसा कि सोनिया गांधी को 'शॉक' शायद इसलिए लगा क्योंकि गांधी-नेहरू परिवार के बाहर का कोई व्यक्ति प्रधानमंत्री बनने की महत्वाकांक्षा जाहिर कर रहा था.
शर्मिष्ठा ने यह भी सवाल उठाया कि क्या राजनीति में दशकों का अनुभव और योग्यता रखने वाले व्यक्ति के भीतर प्रधानमंत्री बनने की इच्छा होना कोई अपराध है. बताते चलें कि सोनिया गांधी को घेरने वाली शर्मिष्ठा मुखर्जी पहले खुद कांग्रेस की सक्रिय कार्यकर्ता और लीडर थी. लेकिन अपने पिता के साथ हुए गलत बर्ताव के बाद सितंबर 2021 में उन्होंने सक्रिय राजनीति से संन्यास लेने की घोषणा कर दी थी. वे अब लेखक और स्तंभकार के रूप में सक्रिय हैं. उन्होंने अपने पिता के जीवन और अनुभवों पर आधारित 'प्रणब माई फादर: ए डॉटर रिमेम्बर्स' नामक चर्चित पुस्तक भी लिखी है.