App

दरभंगा में 1.39 करोड़ की चांदी लूटकांड का खुलासा, बीजेपी नगर महामंत्री गिरफ्तार, रामबाग के रेस्टोरेंट में रची गई थी खौफनाक साजिश

दरभंगा में सिमरी थाना अंतर्गत सर्राफा व्यवसायी से 1.39 करोड़ रुपये की चांदी और नकद लूटकांड का खुलासा हो गया. दरभंगा बीजेपी नगर महामंत्री विशाल महासेठ उर्फ विक्की समेत 5 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. 62 किलो चांदी, 5 लाख 94 हजार रुपये नकद भी बरामद किया है.

दरभंगा में 1.39 करोड़ की चांदी लूटकांड का खुलासा, बीजेपी नगर महामंत्री गिरफ्तार, रामबाग के रेस्टोरेंट में रची गई थी खौफनाक साजिश
Image Credit: दरभंगा में 1.39 करोड़ की चांदी लूटकांड का खुलासा, 5 गिरफ्तार (Z News)

दरभंगा में सर्राफा कारोबारी से एक करोड़ 39 लाख रुपये से अधिक की चांदी के लूटकांड का पुलिस ने खुलासा किया है. इस मामले में 5 आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है. गिरफ्तार आरोपितों में सबसे चर्चित नाम बीजेपी के नगर महामंत्री विशाल महासेठ उर्फ विक्की का है. पुलिस के अनुसार, विशाल महासेठ भी लूट की साजिश में शामिल थे.

62 किलो 195 ग्राम चांदी के कुल 56 बिस्कुट बरामद

पुलिस ने आरोपितों की निशानदेही पर 62 किलो 195 ग्राम चांदी के कुल 56 बिस्कुट बरामद किए हैं, जिनकी कीमत एक करोड़ 39 लाख 25 हजार 460 रुपये आंकी गई है. इसके अलावा करीब 5 लाख 94 हजार रुपये नकद भी बरामद किए गए हैं.

चांदी से भरा बैग और बोरा लेकर अपराधी फरार हो गए

दरअसल, बीते 7 नवंबर की रात सोभन-एकमी रोड पर एम्स के पास अपना गांव के निकट दो मोटरसाइकिलों पर सवार 5 अपराधियों ने पश्चिम बंगाल के सर्राफा कारोबारी की डस्टर गाड़ी को हथियार के बल पर रोक लिया था. लूटपाट के दौरान कारोबारी के ड्राइवर कौशिक को गोली मार दी गई थी और चांदी से भरा बैग और बोरा लेकर अपराधी फरार हो गए थे.

विशाल महासेठ उर्फ विक्की ने ही कारोबारी के दरभंगा आने की थी जानकारी

पुलिस जांच में सामने आया है कि इस लूटकांड की साजिश दरभंगा के रामबाग स्थित कुशल रेस्टोरेंट में रची गई थी. दरभंगा के एसएसपी जगुनाथ रेड्डी ने कहा कि विशाल महासेठ उर्फ विक्की ने ही कारोबारी के दरभंगा आने और उसके पास चांदी होने की जानकारी अन्य आरोपितों को दी थी.

इस मामले में पुलिस ने कुल 12 लोगों को नामजद किया

उन्होंने बताया कि इस मामले में पुलिस ने कुल 12 लोगों को नामजद किया है. नामजद आरोपितों में छोटू यादव, चंदन राय, सुमन सौरभ उर्फ सुमन, सौरभ आनंद उर्फ सर्वे, राहुल, निक्की साह, रविंद्र कुमार उर्फ पालो, विशाल महासेठ उर्फ विक्की, धीरज सोनी, संतोष कुमार साह, तेजस अभिषेक चंद्र और कौशिक शामिल हैं.

पुलिस की जांच में लूट की साजिश से लेकर वारदात को अंजाम देने तक का खुलासा

पुलिस के स्वलिखित बयान के अनुसार, इन 12 नामजद आरोपितों में छोटू यादव, संतोष कुमार साह और तेजस अभिषेक चंद्र की गिरफ्तारी का जिक्र है. अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है. पुलिस की जांच में लूट की साजिश से लेकर वारदात को अंजाम देने और लूटी गई चांदी छिपाने तक की कड़ियां सामने आई हैं.

रिपोर्ट: मुकेश कुमार

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Shailendra

Shailendra

शैलेंद्र जी न्यूज के रीजनल चैनल, जी बिहार झारखंड की डिजिटल टीम में चीफ सब एडिटर के तौर पर काम करते हैं. वह बिहार और झारखंड की सियासत और क्राइम समेत कई समसामयिक मुद्दों पर न्यूज लिखते हैं. वह कभी-कभी राष्ट्रीय मुद्दों पर भी लिखते हैं. उनको मीडिया के तीनों प्रारूप प्रिंट, टेलीविजन और डिजिटल में काम करने का अनुभव. जनसंदेश टाइम्स, स्वतंत्र चेतना, टीवी 100, साधना न्यूज, एफएम न्यूज आदि न्यूज चैनलों से होते हुए न्यूज नेशन, इंडिया अहेड, ईटीवी भारत और न्यूज स्ट्रीट मीडिया (NYOOOZ) में अहम जिम्मेदारी निभाई. मीडिया जगत में सफर पिछले 12 सालों से बिना रुके जारी है.
Read More