)
गांधी परिवार आज की तारीख में भले ही सत्ता में न हो, लेकिन जब भी देश की राजनीति की बात हो. इस फैमिली के बिना अधूरी ही मानी जाती है. जवाहर लाल नेहरू से लेकर राहुल गांधी तक, इस परिवार की कई पीढ़ियां सत्ता के केंद्र में रहीं. हालांकि ऐसा नहीं है कि इस परिवार में हमेशा अच्छा-अच्छा ही रहा. राजीव गांधी और संजय गांधी के रिश्ते और बाद में सोनिया-मेनका गांधी के कड़वाहट भरे रिश्ते भी इस परिवार में रहे हैं.
बात अगर संजय गांधी के निधन के बाद की करें तो गांधी परिवार के भीतर कई तरह की बातें सामने आती रही हैं. अब सोनिया गांधी ने अपनी आत्मकथा 'बिलोंगिंग: ए जर्नी ऑफ लव' में उस दौर के कई अनछुए पहलुओं से पर्दा उठाया है. इस किताब में उन्होंने अपनी देवरानी मेनका गांधी के साथ अपने रिश्तों, घर के भीतर के तनाव और उस दौर की उथल-पुथल का खुलकर जिक्र किया है.
अपनी आत्मकथा में सोनिया गांधी बताती हैं कि साल 1973 के आखिर में संजय गांधी की मुलाकात मंजू आनंद यानी मेनका से हुई थी. उस वक्त वह महज 18 साल की थीं. दोनों ने एक-दूसरे को पसंद किया और फिर शादी कर ली. इस तरह काफी कम उम्र में ही मेनका इस हाई-प्रोफाइल परिवार का हिस्सा बन गईं. सोनिया गांधी लिखती हैं कि शुरुआत में घर का माहौल काफी खुशनुमा था. ऐसा लगता था कि मेनका के आने से घर में एक नई ऊर्जा आ गई थी. उनकी खिलखिलाहट और जीवंत स्वभाव से घर महक उठता था. छोटी बहू की बातें सुनने के लिए अक्सर सोनिया खुद उनके कमरे में चली जाती थीं. यहां तक कि प्रियंका गांधी भी अपनी चाची की कहानियों से मंत्रमुग्ध रहती थीं.
लेकिन यह सुकून भरा दौर ज्यादा लंबा नहीं चला. धीरे-धीरे घर की छोटी-छोटी बातें मनमुटाव की वजह बनने लगीं. इसकी पहली चिंगारी परिवार के स्टाफ का एक संबोधन बना. असल में, स्टाफ के लोग स्नेह और सम्मान की वजह से सोनिया गांधी को 'बहूरानी' और मेनका गांधी को 'छोटी बहू' कहकर पुकारते थे. सोनिया का मानना था कि घर में दोनों बहुएं बराबर हैं और यह संबोधन उसी का प्रतीक था, लेकिन मेनका इसे घर में खुद को कम महत्व दिए जाने के तौर देखती थीं.
वक्त के साथ घर के भीतर का माहौल और ज्यादा असहज होने लगा. संजय और मेनका गांधी के बीच भी अब बहस होने लगी थीं. वे बहसें इतनी बढ़ गई थीं कि कमरे की चारदीवारी से बाहर आने लगी थीं. मेनका के तीखे तेवर और कई बार गुस्से में इस्तेमाल किए जाने वाले शब्दों से इंदिरा गांधी और परिवार के बाकी लोग काफी हैरान रह जाते थे.
यह वह दौर था, जब देश की राजनीति में भी तेजी से हलचल मची थी. देश में आपातकाल लगाए जाने के 2 साल बाद 1977 में इलेक्शन हुए, जिसमें कांग्रेस को बुरी तरह हार झेलनी पड़ी. पार्टी के कई लोगों ने इसके लिए संजय गांधी के अड़ियल रुख और उनकी बढ़ती राजनीतिक महत्वाकांक्षाओं को जिम्मेदार बताया. उन्हें लेकर परिवार के भीतर भी असंतोष पनप रहा था. सोनिया गांधी के मुताबिक, इंदिरा गांधी का यह मानना था कि मेनका गांधी अपने पति संजय को राजनीति में और सक्रिय होने के लिए उकसा रही हैं, जबकि उस वक्त स्थिति को संभालने की जरूरत थी.
राजीव गांधी और संजय गांधी के रिश्तों में भी खटास बढ़ चुकी थी. इस खटास ने आग में घी का काम किया. 1977 के चुनाव में कांग्रेस की हार के बाद राजीव गांधी ने सबके सामने संजय के फैसलों पर खुलकर नाराजगी जताई थी. जब परिवार के इस आंतरिक झगड़े में मेनका ने दखल दिया, तो इंदिरा गांधी ने भी उन्हें टोक दिया था. इसके बाद परिवार में दूरियां और ज्यादा बढ़ गईं. सोनिया का आरोप है कि मेनका ने पत्रकारों के जरिए उनके परिवार के खिलाफ कई तरह की अफवाहें फैलानी शुरू कर दी थीं.
इसके 3 साल बाद ऐसा हादसा हुआ, जिससे गांधी परिवार ही नहीं, बल्कि पूरा देश हिलकर रह गया. इंदिरा गांधी के छोटे बेटे संजय गांधी की 23 जून 1980 को एक विमान हादसे में अचानक मौत हो गई. इस घटना ने पूरे परिवार को अंदर तक झकझोर कर रख दिया. सोनिया के मुताबिक, परिवार समझ ही नहीं पाया कि इस स्थिति का कैसे मुकाबला किया जाए.
जब संजय का प्लेन क्रैश में देहांत हुआ तो उस वक्त मेनका महज 23 साल की थीं और उनके पास तीन महीने का छोटा बच्चा वरुण गांधी भी था. मेनका गांधी चाहती कि वह राजनीति में प्रवेश करके अपने पति संजय गांधी के अधूरे छोड़े गए मिशन को पूरा करे. वहीं, इंदिरा गांधी चाहती थीं कि इस मुश्किल वक्त में अपने बच्चे की परवरिश पर ध्यान दें और राजनीति में आने की जल्दबाजी न करें.
परिवार में इस मुद्दे पर खींचतान चलती रही है. मार्च 1981 में मेनका गांधी ने अपने बेटे वरुण गांधी का पहला जन्मदिन राजनीतिक विरोधियों के घर पर मनाया. इस घटना से पूरा गांधी परिवार शॉक रह गया. जब यह घटना हुईं, उस वक्त इंदिरा गांधी लंदन के दौरे पर थीं. वापस लौटने पर उन्होंने मेनका गांधी के सामने साफ शर्त रख दी कि वह इन सब चीजों से खुद कर ले. अगर नहीं कर सकतीं तो फिर अपना आशियाना बदल लें.
सोनिया गांधी के मुताबिक, इंदिरा गांधी की यह दोटूक सुनने के बाद मेनका गांधी गुस्से से तमतमा गईं और अपने सामान के साथ घर छोड़ दिया. अपनी आत्मकथा में सोनिया गांधी दावा करती हैं कि मेनका गांधी ने इस घटना को ऐसे पेश किया, जैसे पूरी गलती परिवार की हो. इस वाकये के बाद दोनों पक्षों के बीच कानूनी लड़ाइयां भी लड़ी गईं. इस कानूनी जंग में को पक्ष तो नहीं जीता, लेकिन परिवार के मीठे रिश्ते हमेशा के लिए कड़वाहट में बदल गए.