)
भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार विकेटकीपर ऋषभ पंत की फिटनेस को लेकर एक बड़ी खबर सामने आई है. पंत न्यूजीलैंड के खिलाफ दो टेस्ट मैचों के लिए पूरी तरह तैयार हो गए हैं. वह पेशेवर क्रिकेट में जल्द वापस लौटने वाले हैं. अगले कुछ घंटों में उन्हें फिटनेस क्लियरेंस मिल जाएगी और वह गुरुवार (12 नवंबर) को न्यूजीलैंड के लिए रवाना हो सकते हैं. पंत टी20 और वनडे सीरीज के लिए नहीं चुने गए थे.
पंत ईरानी कप में रेस्ट ऑफ इंडिया के लिए खेलते हुए चोटिल हुए थे. वह उस मैच में कप्तानी कर रहे थे और उन्हें साइड स्ट्रेन हुआ था. उन्हें शुरू में फिटनेस के आधार पर अनऑफिशियल टेस्ट के लिए इंडिया ए के लिए चुना गया था, लेकिन वह सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (सीओई) से जरूरी क्लियरेंस हासिल नहीं कर पाए थे. इस कारण वह न्यूजीलैंड में अनऑफिशियल टेस्ट मैचों में हिस्सा नहीं ले पाए थे.
पिछले महीने ईरानी कप के दौरान पंत सिर्फ 10 और आठ रन की पारी ही खेल पाए थे. वह श्रीलंका दौरे पर दो टेस्ट मैचों की सीरीज के दौरान टीम इंडिया के सदस्य थे. उन्होंने वहां तीन पारियों में 39, 66 और 63 रनों का योगदान दिया था. मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, पंत पूरी तरह फिट हैं और वह सीओई में मैच सिमुलेशन ड्रिल कर रहे हैं. बुधवार को एक और राउंड तय है. दोनों राउंड में सफल होने के बाद वह 12 नवंबर को न्यूजीलैंड के लिए रवाना हो सकते हैं.
पंत के पास न्यूजीलैंड में टेस्ट खेलने का अनुभव है. वह 2020 में वहां दौरे पर गए थे. 29 साल के इस अनुभवी क्रिकेटर ने अब तक 52 टेस्ट मैच खेले हैं. इस दौरान उन्होंने 43.82 की औसत से 3725 रन बनाए हैं. उनके नाम आठ शतक और 21 अर्धशतक है. पंत ने 2020 के न्यूजीलैंड दौरे पर दो मैचों में 60 रन बनाए थे. वहां उनका उच्चतम स्कोर 25 रन है.
पंत ने SENA (ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड, साउथ अफ्रीका और न्यूजीलैंड) देशों में कुल छह शतक लगाए हैं. इनमें से इंग्लैंड में सबसे ज्यादा चार शतक ठोके हैं. ऑस्ट्रेलिया और साउथ अफ्रीका में उन्होंने एक-एक सेंचुरी लगाई है. SENA देशों में सिर्फ न्यूजीलैंड ही एक ऐसी जगह है जहां वह एक भी टेस्ट सेंचुरी नहीं लगा पाए हैं. इस बार उनकी नजर वहां भी रिकॉर्ड सुधारने पर होगी.