)
जिम्बाब्वे क्रिकेट टीम ने वो कारनामा कर दिखाया है, जो अभी तक बड़ी-बड़ी टीमों ने नहीं किया है. अफगानिस्तान के खिलाफ शारजाह में खेले गए टेस्ट में जिम्बाब्वे ने दोनों पारियों में 500 रनों का आंकड़ा क्रॉस किया. इस टीम ने इस मैच में कुल 1027 रन बनाकर क्रिकेट के अनोखे क्लब में एंट्री मार ली है. इंग्लैंड के बाद जिम्बाब्वे सिर्फ दूसरा देश बना है, जिसने एक टेस्ट में 1000 से अधिक रन, किसी ODI में 400+ रन और किसी एक T20I में 300+ रन बनाए हैं. इंग्लैंड और जिम्बाब्वे के अलावा क्रिकेट के मैदान पर ये अद्भुत कारनामा किसी और देश ने नहीं किया है.
अफगानिस्तान के खिलाफ दोनों पारियों में मिलाकर 1027 रन जड़कर जिम्बाब्वे ने इस स्पेशल क्लब में एंट्री मारी है. जिम्बाब्वे ने वनडे इंटरनेशनल में एक ही बार 400 रनों का पहाड़ चढ़ा है. 2023 में यूएसए के खिलाफ मैच में जिम्बाब्वे ने 50 ओवर में 6 विकेट खोकर 408 रन बनाए थे. वहीं, जिम्बाब्वे ने T20I में 300 रनों का आंकड़ा भी पार किया है.
जिम्बाब्वे क्रिकेट टीम ने 2024 में गाम्बिया के खिलाफ हुए T20I मैच में 20 ओवर में 4 विकेट खोकर 344 रन बनाए थे. जिम्बाब्वे ऐसी दूसरी टीम बनी है जिसने टेस्ट में 1000 से अधिक रन, किसी ODI में 400+ रन और T20I में 300+ रन बनाने का अनोखा कारनामा किया है. इंग्लैंड ये करिश्मा करने वाला पहला देश था.
'क्रिकेट का जनक' इंग्लैंड ने 1930 में वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट में दोनों पारियों को मिलाकर कुल 1121 रन बनाए थे. वहीं, इंग्लिश टीम ने ODI में 8 बार 400 से अधिक रन बनाए हैं. उनके नाम वनडे इंटरनेशनल में सर्वाधिक टीम स्कोर (498 रन बनाम नीदरलैंड) बनाने का भी वर्ल्ड रिकॉर्ड दर्ज है. इंग्लैंड ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ 2025 में मैनचेस्टर के मैदान पर रनों की बारिश करते हुए T20I मैच में 2 विकेट खोकर 304 रन बनाए थे.
भारत और ऑस्ट्रेलिया जैसी दो मजबूत टीमें भी अभी तक ये अनोखा कारनामा नहीं कर सकी है. टीम इंडिया ने पिछले साल इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट में दोनों पारियों में मिलाकर 1000 रनों का आंकड़ा क्रॉस किया था. ODI में भारत ने सबसे ज्यादा 9 बार 400+ स्कोर खड़ा किया है, लेकिन 'मेन इन ब्लू' अभी तक टी20 इंटरनेशनल में 300 रनों का आंकड़ा नहीं छू सकी है. भारत का सर्वाधिक T20I स्कोर 297 रन है, जो उन्होंने बांग्लादेश के खिलाफ 2024 में हैदराबाद में खेले गए मुकाबले में बनाया था.
बात करें ऑस्ट्रेलिया की तो कंगारुओं ने इंग्लैंड के खिलाफ 1930 में हुए टेस्ट में ओवल के मैदान पर दोनों पारियों में मिलाकर 1028 रन बनाए थे. ODI में ऑस्ट्रेलिया ने 3 बार 400+ रन बनाए हैं, लेकिन भारत की तरह ऑस्ट्रेलिया भी T20I में 300 का मैजिक नंबरक्रॉस नहीं कर सका है. टी20 इंटरनेशनल में कंगारुओं का सर्वाधिक स्कोर 263 है, जो उन्होंने श्रीलंका के खिलाफ 2016 में बनाया था.