App

AFG vs ZIM मैच में बॉलर्स की उड़ी धज्जियां: बने 1541 रन, टेलर-एर्विन का ऐतिहासिक शतक, 100 साल बाद हुआ ऐसा

शारजाह में रनों की सुनामी आई, जिसमें अफगानिस्तान और जिम्बाब्वे के गेंदबाज बर्बाद हो गए. इस टेस्ट में कुल 1541 रन बने. दो 40 साल की उम्र पार करने वाले खिलाड़ियों ने शतक जड़कर इतिहास रच दिया. टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में 100 साल बाद ऐसा हुआ है.

AFG vs ZIM मैच में बॉलर्स की उड़ी धज्जियां: बने 1541 रन, टेलर-एर्विन का ऐतिहासिक शतक, 100 साल बाद हुआ ऐसा
Image Credit: AFG vs ZIM मैच में बॉलर्स की उड़ी धज्जियां: बने 1541 रन, टेलर-एर्विन का ऐतिहासिक शतक (@ZimCricketv/X)

अफगानिस्तान और जिम्बाब्वे के बीच दो मैचों की सीरीज का पहला टेस्ट शारजाह में खेला गया. इस मुकाबले में पांचों दिन दोनों टीमों के बॉलर्स त्राहिमाम-त्राहिमाम  करते रहे. जी हां, शारजाह में रनों की ऐसी शैलाब आई कि 'बेचारे' गेंदबाज बर्बाद हो गए. टेस्ट क्रिकेट के 149 सालों के इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ जब तीन अलग-अलग पारियों में टीमों ने 500 से ज्यादा रन बनाए. इस टेस्ट में कुल मिलाकर 1541 रन बने. जिम्बाब्वे के दो अनुभवी खिलाड़ी क्रेग एर्विन और ब्रेंडन टेलर ने ऐतिहासिक शतक ठोका.

शारजाह में खेले गए पहले टेस्ट में जिम्बाब्वे ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने का फैसला किया और स्कोरबोर्ड पर 504 रनों का पहाड़ खड़ा कर दिया. 40 साल के अनुभवी बल्लेबाज ब्रेंडन टेलर ने 131 रन और कप्तान ब्रायन बेनेट ने 128 रनों की शानदार पारी खेली. इसके जवाब में अफगानिस्तान ने भी पलटवार किया और पहली इनिंग में 514 रन बनाए.

AFG बनाम ZIM टेस्ट में बने 1541 रन

दोनों टीमों ने पहली पारी में 500 रनों का आंकड़ा क्रॉस किया. इसके बाद जिम्बाब्वे के बल्लेबाजों ने दूसरी इनिंग में भी अफगान गेंदबाजों की धज्जियां उड़ाई और 523 रन बना डाले. ये मुकाबला ड्रॉ रहा. दोनों टीमों ने कुल मिलाकर 1541 रन बनाए, जिसमें 144 चौके और 21 छक्के शामिल हैं. हालांकि, किसी एक टेस्ट में सबसे अधिक रन का रिकॉर्ड अभी भी नहीं टूटा है. 1939 में साउथ अफ्रीका बनाम इंग्लैंड टेस्ट मैच में दोनों टीमों ने कुल 1981 रन बनाए थे.

दो उम्रदराज खिलाड़ियों ने रचा इतिहास

अफगानिस्तान के खिलाफ इस टेस्ट में जिम्बाब्वे के 41 वर्षीय खिलाड़ी क्रेग एर्विन ने महफिल लूट ली. दूसरी पारी में उन्होंने 206 रन बनाए, जिसमें 23 चौके और 2 छक्के शामिल हैं. वो 40 साल या इससे अधिक की उम्र में टेस्ट क्रिकेट में डबल सेंचुरी जड़ने वाले दुनिया के छठे खिलाड़ी बन गए हैं. क्रेग एर्विन, ग्राहम गूच के साथ पिछले 75 वर्षों में 40 वर्ष की आयु पार करने के बाद टेस्ट में दोहरा शतक बनाने वाले केवल दो खिलाड़ियों में से एक हैं.

क्रेग एर्विन के अलावा जिम्बाब्वे के स्टार बल्लेबाज ब्रेंडन टेलर के लिए भी ये मुकाबला यादगार रहा. 40 वर्षीय खिलाड़ी ने पहली पारी में 131 और दूसरी इनिंग में 82 रन बनाए. जिम्बाब्वे के दोनों उम्रदराज खिलाड़ियों ने एक बड़ी उपलब्धि अपने नाम कर ली है. टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में ऐसा दूसरी बार हुआ है, जब 40 साल या उससे अधिक उम्र के दो अलग-अलग खिलाड़ियों ने एक ही मैच में शतक लगाए हों. इससे पहले 1926 में ये अद्भुत कारनामा हुआ था, जब ऑस्ट्रेलिया के वॉरेन बार्डस्ले और इंग्लैंड के जैक हॉब्स ने एक ही टेस्ट में शतक ठोका था और दोनों की उम्र 40 साल से अधिक थी.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

Ritesh Kumar

Ritesh Kumar

रितेश कुमार स्पोर्ट्स न्यूज करने के लिए 24 घंटे तैयार रहते हैं क्योंकि इसी से सबसे ज्यादा प्यार करते हैं. पत्रकारिता में 5 साल का अनुभव. The Lallantop से सफर शुरू हुआ और R Bharat के रास्ते अब Zee News तक पहुंचा है. स्पोर्ट्स क्षेत्र में एक सफल पत्रकार बनने का सपना है. भारतीय क्रिकेटर्स, ओलंपिक और पैरालंपिक मेडलिस्ट का इंटरव्यू करने करने का अनुभव. ट्रेडिंग खबरों में डूबे रहने का शौक है.
Read More