)
भारतीय टीम के कप्तान शुभमन गिल आईसीसी वनडे बल्लेबाजों की रैंकिंग में शिखर पर मौजूद हैं. 841 रेटिंग के साथ वो नंबर-1 पर बने हुए हैं. कई क्रिकेट एक्स्पर्ट्स का मानना है कि शुभमन इस फॉर्मेट में स्टार बल्लेबाज विराट कोहली की बादशाहत को आगे बढ़ाएंगे. घरेलू मैदानों पर तो उनका रिकॉर्ड शानदार है, लेकिन SENA देशों (साउथ अफ्रीका, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया) में कहानी अलग है.
शुभमन गिल को अगर वास्तव में ODI क्रिकेट का बादशाह बनना है तो उन्हें गेंदबाजों के लिए मददगार पिचों पर भी अच्छा प्रदर्शन करना होगा. शुभमन ने अभी तक 72 वनडे इंटरनेशनल मुकाबले खेले हैं और 62.50 की शानदार औसत से 3750 रन बनाए हैं, जिसमें 11 शतक शामिल हैं. हालांकि, SENA देशों में अभी भी उन्हें पहले शतक का इंतजार है.
भारत और न्यूजीलैंड के बीच सीरीज का तीसरा वनडे हैमिल्टन में खेला जाएगा. ये वही मैदान है, जहां से शुभमन गिल ने ODI का सफर शुरू किया था. 2019 में उन्होंने हैमिल्टन में भारत के लिए वनडे में डेब्यू किया था. शुभमन के टैलेंट पर शुरुआत से ही किसी को संदेह नहीं था. वो हर मैच के साथ बेहतर होते गए और खासकर ODI क्रिकेट पर तो पूरी तरह से राज किया. लेकिन कहानी में ट्विस्ट ये है कि SENA देशों में वो संघर्ष करते दिखे हैं.
शुभमन गिल ने इंग्लैंड में 3 ODI मुकाबले खेले हैं और 94.00 की औसत से 188 रन बनाए हैं. आंकड़े खराब नहीं हैं, लेकिन वो दो फिफ्टी को शतक में तब्दील करने में असफल रहे. दाएं हाथ के स्टार बल्लेबाज ने ऑस्ट्रेलिया में 4 ODI खेला है और 19.00 की साधारण औसत से 76 रन बनाए हैं. कंगारुओं की धरती पर उनका उच्चतम स्कोर 33 है. न्यूजीलैंड में शुभमन ने अभी तक 7 मुकाबले खेले हैं और 26.83 की औसत से 161 रन बनाए हैं. उनका ओवरऑल ODI औसत 62.50 है. इस लिहाज से देखें तो ये कहना गलत नहीं होगा कि शुभमन SENA देशों में संघर्ष करते दिखे हैं. बता दें कि शुभमन गिल ने साउथ अफ्रीका में अभी तक एक भी वनडे इंटरनेशनल मैच नहीं खेला है.
टीम इंडिया अगले साल होने वाले वनडे वर्ल्ड कप की तैयारियों में जुटी है. विश्व कप 2027 का आयोजन साउथ अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया में होना है. ज्यादातर मुकाबले दक्षिण अफ्रीका में खेले जाएंगे. शुभमन गिल ना सिर्फ दुनिया के नंबर-1 ODI बल्लेबाज हैं, बल्कि भारतीय बल्लेबाजी के भी अहम हथियार हैं. अगर भारत को 16 साल बाद वर्ल्ड कप जीतने का सपना पूरा करना है तो साउथ अफ्रीका की पिचों पर शुभमन को चमकना होगा.