App

इंग्लैंड में बेइज्जती के बाद पाकिस्तान टीम में उथल-पुथल, श्रीलंका के खिलाफ 11 में से 4 खिलाड़ियों का टेस्ट डेब्यू

पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच रावलपिंडी स्टेडियम में 2 मैचों की सीरीज का पहला टेस्ट खेला जा रहा है. पाकिस्तान की तरफ से इस मैच में 4 खिलाड़ी टेस्ट डेब्यू कर रहे हैं. श्रीलंकन कप्तान कुसल मेंडिस ने टॉस जीतकर गेंदबाजी करने का फैसला किया.

इंग्लैंड में बेइज्जती के बाद पाकिस्तान टीम में उथल-पुथल, श्रीलंका के खिलाफ 11 में से 4 खिलाड़ियों का टेस्ट डेब्यू
Image Credit: पाकिस्तान टीम में उथल-पुथल, श्रीलंका के खिलाफ 11 में से 4 खिलाड़ियों का टेस्ट डेब्यू (AI Graphic)

बाबर आजम की अगुआई में पाकिस्तान क्रिकेट टीम अपने घर पर श्रीलंका का सामना कर रही है. दो मैचों की सीरीज का पहला टेस्ट रावलपिंडी में खेला जा रहा है. पाकिस्तान की प्लेइंग इलेवन में एक बार फिर थोक के भाव में बदलाव हुए हैं. कप्तान बाबर ने एक साथ 4 नए खिलाड़ियों को मैदान पर उतारा है. जी हां, 11 में से 4 प्लेयर्स ऐसे हैं, जो टेस्ट में अपना डेब्यू कर रहे हैं.

श्रीलंका के खिलाफ मैच में मोहम्मद तैय्यब आरिफ, मोहम्मद ताहा, अराफात मिन्हास और साकिब खान टेस्ट डेब्यू कर रहे हैं. श्रीलंकन कप्तान कुसल मेंडिस ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है. पाकिस्तान की प्लेइंग इलेवन में ये बड़ा इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज में भारी बेइज्जती के बाद हुई है, जहां बाबर आजम की सेना का इंग्लैंड ने 3-0 से सफाया किया था.

एक ही मैच में 4 खिलाड़ियों का डेब्यू

किसी भी टेस्ट मैच में ऐसा बहुत कम बार होता है, जब एक साथ 4 खिलाड़ी डेब्यू करते हैं, लेकिन पाकिस्तान क्रिकेट टीम फिलहाल जिस दौर से गुजर रही है, उसको देखते हुए कुछ भी संभव है. हाल ही में जब इंग्लैंड में पाकिस्तान लगातार दो मैच हारा था, तब बीच सीरीज में 7 खिलाड़ियों को घर भेज दिया गया था. अब श्रीलंका के खिलाफ घरेलू टेस्ट सीरीज में पाकिस्तान ने कुछ अनुभवी खिलाड़ियों के साथ नए प्लेयर्स को मौका देने का फैसला किया है. पाकिस्तान ने दो बल्लेबाज (तैय्यब आरिफ और मोहम्मद ताहा), एक ऑलराउंडर (अराफत मिन्हास) और एक पेसर (साकिब खान) को मौके दिए हैं.

  • मोहम्मद तैय्यब आरिफ: उम्र- 20 साल, रोल- दाएं हाथ के ओपनिंग बल्लेबाज
  • मोहम्मद ताहा: उम्र- 26 साल, रोल- बाएं हाथ के बल्लेबाज
  • अराफत मिन्हास: उम्र- 21 साल, बाएं हाथ के बॉलिंग ऑलराउंडर
  • साकिब खान: उम्र- 31 साल, दाएं हाथ के तेज गेंदबाज

बाबर आजम ने क्या कहा?

जब टॉस के दौरान पाकिस्तानी कप्तान बाबर आजम से ये पूछा गया कि प्लेइंग इलेवन में 4 नए खिलाड़ियों के होने से आपका काम आसान होगा या मुश्किल तो उन्होंने जवाब में कहा, ''यह कोई बहुत मुश्किल काम नहीं है. असल में, ये सभी खिलाड़ी फर्स्ट-क्लास क्रिकेट खेलते रहे हैं, इसलिए हर कोई जानता है कि चार दिन के मैच या टेस्ट मैच में कैसे खेलना है. मुझे लगता है कि हमारी टीम में काफी अनुभव भी है. हमारे पास कुछ अनुभवी खिलाड़ी हैं, जिनमें अब्बास भाई, सऊद और आगा शामिल हैं. इसलिए, मुझे लगता है कि हमारे पास एक बहुत अच्छा कॉम्बिनेशन है.

पाकिस्तान और श्रीलंका की प्लेइंग XI

पाकिस्तान प्लेइंग XI: अजान अवैस, तैय्यब आरिफ, मोहम्मद ताहा, बाबर आजम (कप्तान), सऊद शकील, सलमान आगा, गाजी गोरी (विकेटकीपर), अराफत मिन्हास, रजाउल्लाह, मोहम्मद अब्बास, साकिब खान.

श्रीलंका प्लेइंग XI: पसिंदु सोरियाबंदारा, लाहिरू उदारा, दिनेश चंडीमल, कामिंदु मेंडिस, धनंजय डी सिल्वा, कुसल मेंडिस (विकेटकीपर/कप्तान), सोनल दिनुशा, मिलन प्रियनाथ रथनायके, लाहिरू कुमारा, असिथा फर्नांडो, दिलशान मदुशंका

 

 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Ritesh Kumar

Ritesh Kumar

रितेश कुमार स्पोर्ट्स न्यूज करने के लिए 24 घंटे तैयार रहते हैं क्योंकि इसी से सबसे ज्यादा प्यार करते हैं. पत्रकारिता में 5 साल का अनुभव. The Lallantop से सफर शुरू हुआ और R Bharat के रास्ते अब Zee News तक पहुंचा है. स्पोर्ट्स क्षेत्र में एक सफल पत्रकार बनने का सपना है. भारतीय क्रिकेटर्स, ओलंपिक और पैरालंपिक मेडलिस्ट का इंटरव्यू करने करने का अनुभव. ट्रेडिंग खबरों में डूबे रहने का शौक है.
Read More