)
त्योहारों की खुशियों के बीच कानपुर से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक ग्लास पानी को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते हत्या में बदल गया. चकेरी थाना क्षेत्र के अहिरवां के संजीव नगर कच्ची बस्ती में दीपावली के दिन पति ने तैश में आकर अपनी पत्नी के सिर पर भारी लकड़ी का पटरा मार दिया, जिससे 23 वर्षीय महिला की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई.
क्या है ये पूरा मामला?
मृतका की पहचान रीता पासवान के रूप में हुई है, जो मूल रूप से फतेहपुर जिले के असोथर की रहने वाली थी. उसने 2022 में अहिरवां निवासी 28 वर्षीय करन पासवान से प्रेम विवाह किया था. करन पेंटिंग का काम करता है. परिजनों के मुताबिक, रविवार सुबह करीब 11:30 बजे करन ने खाना खाया. उसके बाद पत्नी रीता से पीने के लिए पानी मांगा. इस दौरान दोनों का आपस में विवाद हो गया, तभी पति ने गाली-गलौज शुरू कर दी.
घटना से इलाके में हड़कंप
जब रीता ने इसका विरोध किया, तो गुस्से से आगबबूला होकर करन ने पास पड़ा भारी लकड़ी का पटरा उठाकर रीता के सिर पर दे मारा. चीख-पुकार सुनकर पहुंचे परिजन गंभीर रूप से घायल रीता को तुरंत पास के निजी अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मचा हुआ है.
दो मासूम बच्चों के सिर से उठा मां का साया
इस खूनी वारदात ने परिवार को पलभर में उजाड़ दिया. मृतका रीता अपने पीछे तीन साल के बेटे कार्तिक और एक महीने की बेटी काव्या को छोड़ गई है. उन्हें यह भी नहीं पता कि उनकी मां अब कभी लौटकर नहीं आएगी. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची. पुलिस अधिकारियों ने स्थिति का जायजा लिया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
पुलिस हिरासत में आरोपी पति
थाना प्रभारी अजय प्रकाश मिश्र का कहना है कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति करन पासवान को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है. इस मामले पर एसीपी आशुतोष कुमार का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने के साथ ही परिजनों की तहरीर का इंतजार किया जा रहा है.
परिजनों से आवेदन मिलते ही एफआईआर दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल इस दर्दनाक घटना से पूरी बस्ती में मातम का माहौल है.
(कानपुर से प्रवीण पांडेय की रिपोर्ट)