)
राजस्थान में दिवाली के बाद भी मौसम का मिजाज शुष्क बना हुआ है. प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश की गतिविधियां थमने के साथ ही दिन के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है. मौसम विभाग के अनुसार, 9 नवंबर को भी प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी दोनों हिस्सों में मौसम शुष्क रहने के आसार हैं. वहीं, अगले एक हफ्ते तक राज्य में बारिश को लेकर कोई खास गतिविधि होने के आसार नहीं हैं. ऐसे में फिलहाल दिन में गर्मी का असर बना रह सकता है.
बाड़मेर में सबसे ज्यादा 38.2 डिग्री तापमान
मौसम विभाग के अनुसार, 8 नवंबर को प्रदेश में मौसम पूरी तरह शुष्क रहा. इस दौरान सबसे अधिक अधिकतम तापमान बाड़मेर में 38.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. जैसलमेर में पारा 37.5 डिग्री और चूरू में 36.2 डिग्री सेल्सियस रहा. वहीं, जोधपुर में 35.8 डिग्री, चित्तौड़गढ़ में 35.4 डिग्री, भीलवाड़ा और कोटा में 35.2-35.3 डिग्री तापमान दर्ज किया गया.
जयपुर में अधिकतम तापमान 33.7 डिग्री सेल्सियस रहा. इसके अलावा पिलानी में 34.9 डिग्री, बीकानेर में 34.8 डिग्री और उदयपुर में 34.1 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया. इससे साफ है कि प्रदेश के पश्चिमी हिस्सों में दिन के समय गर्मी का असर अभी बना हुआ है.
फतेहपुर में 12.4 डिग्री पहुंचा न्यूनतम तापमान
दिन के तापमान में बढ़ोतरी के बीच रात के समय हल्की ठंड का असर भी दिखाई दे रहा है. मौसम विभाग के अनुसार, 8 नवंबर को सबसे कम न्यूनतम तापमान फतेहपुर में 12.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. माउंट आबू में न्यूनतम तापमान 12.1 डिग्री रहा. सीकर में 15.8 डिग्री, पिलानी में 16.2 डिग्री, चूरू में 16.6 डिग्री और जयपुर में 19.6 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया. वहीं, बाड़मेर में रात का तापमान 21.4 डिग्री और जैसलमेर में 22.7 डिग्री सेल्सियस रहा.
अगले 7 दिन बारिश का कोई अलर्ट नहीं
मौसम विभाग के अनुसार, 9 से 14 नवंबर तक पूर्वी और पश्चिमी राजस्थान के सभी हिस्सों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है. इस दौरान किसी भी जिले के लिए बारिश या खराब मौसम को लेकर कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है. जयपुर, अजमेर, अलवर, भरतपुर, कोटा, उदयपुर, सीकर, झुंझुनूं सहित प्रदेश के अन्य जिलों में भी फिलहाल मौसम साफ रहने का अनुमान है. मौसम विभाग ने बताया कि आगामी 3-4 दिनों तक तापमान में विशेष बदलाव होने की संभावना नहीं है.
10 नवंबर से पश्चिमी विक्षोभ का असर संभव
मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तर हरियाणा और आसपास के क्षेत्र में समुद्र तल से करीब 3.1 किलोमीटर की ऊंचाई पर ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है. इसके अलावा उत्तर-पश्चिमी राजस्थान और आसपास के क्षेत्र में 0.9 किलोमीटर की ऊंचाई पर भी चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है. वहीं, 10 नवंबर से एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित कर सकता है. हालांकि, राजस्थान में इसके चलते बारिश की संभावना फिलहाल नहीं जताई गई है.