App

सोमवती अमावस्या पर धर्मनगरी कुरुक्षेत्र में आस्था का सैलाब, ब्रह्मसरोवर में श्रद्धालुओं ने लगाई डुबकी

सोमवती अमावस्या के अवसर पर कुरुक्षेत्र के ब्रह्मसरोवर में सुबह से श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी, जहां लोगों ने पवित्र स्नान, दान-पुण्य, तर्पण और पिंडदान कर पितरों की शांति और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की.

सोमवती अमावस्या पर धर्मनगरी कुरुक्षेत्र में आस्था का सैलाब, ब्रह्मसरोवर में श्रद्धालुओं ने लगाई डुबकी
Image Credit: AI IMAGE

धर्मनगरी कुरुक्षेत्र में सोमवती अमावस्या के पावन अवसर पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली. ब्रह्मसरोवर सहित विभिन्न धार्मिक स्थलों पर सुबह से ही श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया. श्रद्धालुओं ने पवित्र सरोवर में स्नान कर अपने पितरों की आत्मिक शांति और परिवार की सुख-समृद्धि के लिए दान-पुण्य, तर्पण और पिंडदान किया.

सोमवती अमावस्या का महत्व
सोमवती अमावस्या का हिंदू धर्म में विशेष धार्मिक महत्व माना जाता है. मान्यता है कि इस दिन पितरों के निमित्त किए गए धार्मिक कार्यों से उनका आशीर्वाद प्राप्त होता है. इसी आस्था के चलते स्थानीय लोगों के साथ-साथ दूर-दराज के क्षेत्रों से भी श्रद्धालु कुरुक्षेत्र पहुंचे.

स्नान, दान और पितरों का तर्पण की परंपरा
सोमवती अमावस्या पर स्नान, दान और पितरों का तर्पण करने की विशेष परंपरा है. श्रद्धालु इस दिन अमावस्या की कथा सुनते हैं और अपने पूर्वजों के स्थान पर जाकर पूजा-अर्चना करते हैं. दीपावली के अवसर पर पितरों की स्मृति में बनाए गए स्थानों पर भी पूजा की जाती है और फल, मिठाई सहित अन्य सामग्री का दान किया जाता है.

हिसार से पहुंचे श्रद्धालुओं ने भी अपने पूर्वजों की परंपरा को निभाते हुए ब्रह्मसरोवर में पिंडदान और पूजा-अर्चना की. श्रद्धालुओं का कहना था कि वे सुबह करीब पांच बजे यहां पहुंचे और पूरे धार्मिक वातावरण में अपने पितरों के निमित्त पूजा की. उन्होंने ब्रह्मसरोवर के शांत और प्राकृतिक वातावरण की भी सराहना की.

सोमवती अमावस्या के अवसर पर धार्मिक आस्था के साथ-साथ सेवा भाव भी देखने को मिला. कई सामाजिक और धार्मिक संस्थाओं की ओर से श्रद्धालुओं के लिए लंगर लगाए गए. कहीं हलवा, कहीं कढ़ी-चावल तो कहीं पूरी-सब्जी और चाय-ब्रेड का प्रसाद वितरित किया गया.

सोमवती अमावस्या पर धर्मनगरी कुरुक्षेत्र में श्रद्धा, भक्ति और सेवा का अनूठा संगम देखने को मिला. श्रद्धालुओं ने पवित्र स्नान और पितरों के निमित्त पूजा-अर्चना कर परिवार की खुशहाली और पूर्वजों के आशीर्वाद की कामना की.

(कुरुक्षेत्र से दर्शन कैत की रिपोर्ट)

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Renu Akarniya

Renu Akarniya

रेनू अकर्णिया, वर्तमान में Zee News में सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं और दिल्ली-एनसीआर और हरियाणा की लेटेस्ट, ट्रेंडिंग कंटेंट, यूटिलिटी जुड़ी खबरों पर काम कर रहे हैं. रेनू पिछले 3 सालों से डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं. पत्रकारिता में ग्रेजुएशन करने के बाद उन्होंने 2022 में Zee News से करियर की शुरुआत की.  लोकल चैनल समाचार प्लस में इंटर्न से शुरुआत की और कारवां बढ़ता हुआ जी न्यूज पहुंचा.
Read More