)
दिल्ली में बढ़ते वायु प्रदूषण के बीच आम आदमी पार्टी (AAP) ने दिल्ली की भाजपा सरकार पर वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) के आंकड़ों में हेराफेरी करने का गंभीर आरोप लगाया है. आप के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने आरोप लगाया कि दिल्ली सरकार वास्तविक प्रदूषण के स्तर को कम दिखाकर जनता को गुमराह कर रही है. उन्होंने इसे दिल्ली के लोगों के साथ धोखा करार दिया.
दिल्ली सरकार पर लगा AQI के आंकड़ों में हेराफेरी का आरोप
सौरभ भारद्वाज ने कहा कि दिल्ली सरकार AQI के आंकड़ों में कथित तौर पर हेराफेरी कर रही है. प्रदूषण के वास्तविक स्तर से कम आंकड़े दिखाना बेहद गंभीर मामला है, क्योंकि इसका सीधा असर आम लोगों की सेहत पर पड़ सकता है. उन्होंने सवाल उठाया कि जब प्रदूषण का स्तर वास्तविकता से अधिक है तो उसे कम दिखाकर लोगों को किस तरह सुरक्षित रखा जा सकता है?
Govt is doing AQI Data Fraud. When Pollution data is shown less than actual data, it can lead to very serious situations - heart attacks, asthma attacks, respiratory failure , and even worse. https://t.co/eYuuhcFy1F
— Saurabh Bharadwaj (@Saurabh_MLAgk) November 9, 2026
खराब AQI से स्वस्थ पर असर
आप प्रदेश अध्यक्ष ने आगाह किया कि प्रदूषण के आंकड़ों को वास्तविकता से कम दिखाने के गंभीर स्वास्थ्य संबंधी परिणाम हो सकते हैं. इससे लोगों को प्रदूषण के वास्तविक खतरे का अंदाजा नहीं लग पाएगा और वे जरूरी सावधानियां बरतने में लापरवाही कर सकते हैं. उन्होंने कहा कि खराब वायु गुणवत्ता के संपर्क में आने से हार्ट अटैक, अस्थमा के गंभीर दौरे और सांस लेने में तकलीफ जैसी समस्याएं पैदा हो सकती हैं. गंभीर परिस्थितियों में मरीज को सांस लेने में विफलता जैसी जानलेवा स्थिति का भी सामना करना पड़ सकता है.
सौरभ भारद्वाज के मुताबिक, AQI के आंकड़े केवल सरकारी रिकॉर्ड या प्रशासनिक रिपोर्ट का हिस्सा नहीं हैं, बल्कि आम नागरिकों को अपने स्वास्थ्य और सुरक्षा से जुड़े फैसले लेने में मदद करते हैं. यदि लोगों को प्रदूषण की वास्तविक स्थिति की जानकारी ही नहीं मिलेगी तो वे घर से बाहर निकलने, बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा और स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों को लेकर सही निर्णय कैसे ले पाएंगे?
जनता को मूर्ख न बनाकर सच्चाई बताएं
उन्होंने दिल्ली सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदूषण जैसी गंभीर समस्या से निपटने के बजाय अगर आंकड़ों को ही कम करके दिखाया जाएगा तो इससे जनता की मुश्किलें और बढ़ेंगी. प्रदूषण की वास्तविक स्थिति सामने आना जरूरी है, ताकि समय रहते प्रभावी कदम उठाए जा सकें.
AAP ने इस पूरे मामले को दिल्ली की जनता के स्वास्थ्य और सुरक्षा से जुड़ा गंभीर सवाल बताया है. पार्टी का कहना है कि प्रदूषण के आंकड़ों में पारदर्शिता होनी चाहिए और लोगों को वास्तविक एक्यूआई की जानकारी मिलनी चाहिए.
(Input: आईएएनएस)