App

हर दिन क्यों घट रहे हैं गिरिराज जी, किस ऋषि ने दिया भयंकर श्राप? जानिए गोवर्धन पर्वत का रहस्य!

इस खबर में मथुरा के प्रसिद्ध गोवर्धन पर्वत से जुड़ी उस पौराणिक कथा के बारे में बताया गया है, जिसके अनुसार ऋषि पुलस्त्य के श्राप के कारण गिरिराज जी हर दिन तिल-तिल करके घट रहे हैं.

हर दिन क्यों घट रहे हैं गिरिराज जी, किस ऋषि ने दिया भयंकर श्राप? जानिए गोवर्धन पर्वत का रहस्य!

मथुरा के पास ही गोवर्धन पर्वत स्थित है. इस पर्वत को वहां के लोग गिरिराज जी बुलाते हैं. यहां की परिक्रमा करीब 21 किलोमीटर लंबी है.

इस पहाड़ के दर्शन करने के लिए दूर-दूर से लोग आते हैं. ऐसा माना जाता है कि जो कोई भी सच्चे दिल से इनकी परिक्रमा करता है, उसकी हर मुराद पूरी होती है.

लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि जो पहाड़ कभी बहुत ऊंचा हुआ करता था, वो आज धीरे-धीरे छोटा क्यों होता जा रहा है.

कहा जाता है कि गिरिराज जी का आकार हर दिन घट रहा है. इसके पीछे एक पुरानी और हैरान करने वाली कहानी है. ये कहानी एक गुस्से वाले ऋषि के श्राप से जुड़ी है.

सुंदर पहाड़ को देखकर आया लालच

पुराणों के हिसाब से एक बार ऋषि पुलस्त्य दुनिया घूमते हुए ब्रज की तरफ आए थे. रास्ते में उनकी नजर गोवर्धन पर्वत पर पड़ी. पहाड़ बहुत खूबसूरत था. उसकी खूबसूरती को देखकर वो हैरान हो गए.

उन्होंने मन में सोचा कि काश, ये सुंदर पहाड़ उनके साथ काशी चला जाता. वहां वे आराम से बैठकर उसकी पूजा कर पाते, उन्हें कहीं आने-जानें की जरूरत नहीं पड़ती.

वे सीधे पहाड़ के पिता यानी द्रोणाचल पर्वत के पास गए. उन्होंने कहा कि अपने बेटे गोवर्धन पर्वत को मेरे साथ भेज दो.

फिर क्या था पिता द्रोणाचल बहुत परेशान तो हुए लेकिन वो किसी ऋषि को मना नहीं करना चाहते थे.

गोवर्धन ने रखी एक शर्त

गोवर्धन पहाड़ को भी समझ आ गया था कि अपना घर छोड़ना आसान नहीं है. इसलिए गोवर्धन ने ऋषि पुलस्त्य से एक साफ बात कह दी कि महाराज, मैं आपके साथ चलूंगा.

लेकिन रास्ते में आप मुझे जहां भी पहली बार नीचे रख देंगे, मैं हमेशा के लिए वहीं जम जाऊंगा. फिर मुझे हिलाने की कोशिश मत करना.

ऋषि को अपनी ताकत पर बहुत घमंड था. उन्होंने ये शर्त मान ली. फिर क्या था, ऋषि ने अपनी योग की शक्ति से इतने बड़े पहाड़ को उठाया.

उन्होंने उसे अपनी हथेली पर रखा और काशी की तरफ चल पड़े.

ब्रज की माटी में आते ही बदला मन

चलते-चलते वे ब्रज की पावन धरती पर पहुंचे. गोवर्धन जी को यहां की हवा और माटी बहुत पसंद आ गई. उसे पता था कि आगे चलकर यहीं भगवान श्रीकृष्ण जन्म लेंगे.

गोवर्धन जी को श्रीकृष्ण की लीलाएं यहीं रहकर देखनी थीं. बस, फिर क्या था, पहाड़ ने अपना वजन कई गुना बढ़ाना शुरू कर दिया.

ऋषि की हथेली का बोझ से बुरा हाल होने लगा. थकान के मारे उनका दिमाग सुन्न पड़ गया. ऋषि अपना वो वचन पूरी तरह भूल गए, जो उन्होंने रास्ते में पहाड़ न रखने के लिए दिया था.

गुस्से में दिया खतरनाक श्राप

ऋषि ने थककर पर्वत को जमीन पर रख दिया. थोड़ी देर में उनकी थकान उतरी. तब उन्हें अपनी गलती का अहसास हुआ.

उन्होंने पर्वत को दोबारा उठाने की पूरी ताकत लगाई. लेकिन गोवर्धन टस से मस नहीं हुआ. तब जाकर ऋषि को याद आया कि उन्होंने तो वचन दिया था.

लाखों कोशिशों के बाद भी जब पहाड़ अपनी जगह से नहीं हिला, तो ऋषि पुलस्त्य को बहुत गुस्सा आया. गुस्से में आकर उन्होंने गोवर्धन को एक श्राप दे दिया.

ऋषि ने कहा, जा आज से तू रोज तिल-तिल करके गलेगा और घटता जाएगा. एक दिन ऐसा आएगा जब तू पूरी तरह इस धरती के अंदर गायब हो जाएगा.

बस तभी से ऐसी मान्यता है कि हमारे गिरिराज जी यानी गोवर्धन पर्वत लगातार घट रहे हैं.

(Disclaimer): इस लेख में दी गई कथा और जानकारियां पूरी तरह से हमारी पौराणिक मान्यताओं, लोक-कथाओं और परंपराओं पर आधारित हैं. इसका उद्देश्य केवल पाठकों को हमारी प्राचीन संस्कृति और कहानियों से अवगत कराना है. किसी भी तरह के अंधविश्वास को बढ़ावा देना हमारा मकसद नहीं है.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Harsh Singh

Harsh Singh

हर्ष सिंह जी न्यूज डिजिटल में एक अनुभवी और धारदार शैली के पत्रकार हैं. उन्होंने मार्च 2024 में जी न्यूज जॉइन किया था. वर्तमान में हर्ष धर्म और ज्योतिष से जुड़ी खबरों की खास कवरेज कर रहे हैं. वे देश-दुनिया के धार्मिक आयोजनों, अध्यात्म और ज्योतिषीय गणनाओं से जुड़े जरूरी अपडेट्स दर्शकों तक पूरी सटीकता के साथ पहुंचाते हैं. हर्ष को उनकी फैक्ट-आधारित और भरोसेमंद लेखन शैली के लिए जाना जाता है.बनारस के महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट-ग्रेजुएशन करने वाले हर्ष अपनी पूरी ऊर्जा और समझ के साथ धर्म-कर्म और ऐस्ट्रो की दुनिया के खबरों को सरल भाषा में पाठकों तक पहुंचा रहे हैं.अगर आप हर्ष सिंह से संपर्क करना चाहते हैं या उनसे जुड़ा कोई सुझाव साझा करना चाहते हैं, तो उन्हें इस ईमेल आईडी पर लिख सकते हैं: Harsh.singh@India.com
Read More