App

दिवाली की खुशियां मातम में बदलीं: नदी में गिरी कार, पति-पत्नी और 2 बच्चों समेत 4 लोगों की दर्दनाक मौत

गरियाबंद जिले से इस वक्त की बेहद दुखद और दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है, जहां दीपावली की खुशियां एक परिवार के लिए मातम में बदल गईं.

दिवाली की खुशियां मातम में बदलीं: नदी में गिरी कार, पति-पत्नी और 2 बच्चों समेत 4 लोगों की दर्दनाक मौत
Image Credit: एक ही परिवार के चार लोगों की मौत

छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले से दिवाली पर एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई हैं, जहां खुशियां पल भर में मातम में बदल गईं. रायपुर से दिवाली मनाने अपने गांव लौट रहे एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई. राजिम के टीला एनीकट के पास कार अनियंत्रित होकर सीधे नदी में जा गिरी. इस दर्दनाक हादसे में कार सवार पति-पत्नी और उनके दो बच्चों समेत परिवार के सभी चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. मृतकों में कार चला रहे पत्रकार शीतल साहू, उनकी पत्नी भारती साहू, 21 वर्षीया बेटी पुरवा और 19 वर्षीय बेटा विकास शामिल हैं.

हादसे की सूचना मिलते ही चंपारण पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत कार्य शुरू किया. देर रात हुए इस खौफनाक हादसे के बाद से पसौद गांव में सन्नाटा और गहरा मातम पसरा हुआ है. पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है कि आखिर कार अनियंत्रित होकर नीचे कैसे गिरी. दीपावली के दिन जिस घर में खुशियों के दीप जलने थे, वहां अब चार लोगों की मौत से मातम पसरा हुआ है.

घटना की जांच चल रही है पुलिस

पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया कि रायपुर से दीपावली मनाने अपने घर लौट रहा साहू परिवार देर रात भीषण हादसे का शिकार हो गया. उनकी कार राजिम के टीला एनीकट से अनियंत्रित होकर नदी में जा गिरी. हादसे में कार सवार शीतल साहू, उनकी पत्नी भारती साहू, 19 वर्षीय बेटे विकास साहू और 21 वर्षीय बेटी पूर्वा साहू की मौत हो गई. कार पर मीडिया एग्जीक्यूटिव लिखा हुआ था और शीतल साहू पत्रकार थे. घटना की सूचना मिलते ही चंपारण पुलिस मौके पर पहुंची और कार से शवों को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा. फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी हुई है. गरियाबंद के एएसपी करण कुमार उइके ने बताया कि घटना की जांच चल रही है.

रायपुर से निकलने से पहले किया था फोन

मृतक के भाई नीलकमल साहू ने बताया कि घटना में हमारे बड़े भैया शीतल साहू, भाभी भारती साहू, भतीजी पूर्वा साहू और भतीजा विकास साहू की मौत हुई है. ये लोग रात 11 बजे रायपुर से निकले थे और उस समय फोन किया था. करीब एक से डेढ़ घंटे में घर आ जाते, लेकिन जब समय ज्यादा हुआ तो मम्मी ने कहा कि पता करो. उनका फोन भी नहीं लग रहा था. मैंने मां से बोला कि भैया ने मजाक किया होगा, हो सकता है कि सुबह आएंगे. तब मां ने कहा कि तुम जाकर पता करो और नहीं आ रहा हो तब भी घर लेकर आओ. फिर हम निकले और रास्ता देखते-देखते जा रहे थे, तब एक जगह पर शक हुआ और रुक कर देखा, तो गाड़ी नीचे गिरी नजर आई.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Sumit Rai

Sumit Rai

न्यूज़ मीडिया में 13 सालों से अधिक के अनुभव के साथ सुमित राय एक डिजिटल पत्रकार हैं. वर्तमान में सुमित राय Zee News (MP-CG) की डिजिटल टीम के लीड की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं. मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की राजनीति, प्रशासनिक फैसलों, क्राइम और हाइपरलोकल मुद्दों के सटीक और गहरे विश्लेषण पर उनकी मजबूत पकड़ है.भोपाल स्थित माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय (MCU) से जर्नलिज्म में मास्टर डिग्री पूरी करने के बाद सुमित ने मीडिया जगत में अपनी पहचान बनाई. अपने करियर के दौरान उन्होंने राजस्थान पत्रिका, दैनिक जागरण, दैनिक भास्कर, एनडीटीवी और लोकमत हिंदी जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है. ग्राउंड रिपोर्टिंग के साथ-साथ जटिल राजनीतिक और सामाजिक घटनाक्रमों पर आसान भाषा में 'एक्सप्लेनर' और 'ओपिनियन' लिखना उनकी मुख्य पहचान है. वे न्यूज़ डेस्क मैनेजमेंट और क्वालिटी एश्योरेंस के उच्च मानकों को बनाए रखते हैं, ताकि पाठकों तक प्रामाणिक, निष्पक्ष और तथ्य-आधारित खबरें ही पहुंचे.सुमित राय से संपर्क करने के लिए आप उन्हें sumit2.kumar@zeemedia.com पर ईमेल कर सकते हैं. इसके अलावा, आप एक्स (ट्विटर), फेसबुक और लिंक्डइन पर उनके हैंडल @imSumitKRai के जरिए उनसे सीधे जुड़ सकते हैं.
Read More