)
यूपी के महराजगंज जिले के निचलौल थाने से एक ऐसी चौंकाने वाली खबर सामने आई है, जिसने पूरे पुलिस महकमे को हिला कर रख दिया है. थाने में तैनात हेड मुहर्रिर विशाल सिंह ने कथित तौर पर जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या की कोशिश की. यह कदम उठाने से पहले उन्होंने एक सुसाइड नोट लिखकर अपने व्हाट्सएप स्टेटस पर लगाया था, जिसे देखकर महकमे में हड़कंप मच गया.
पटाखों के विवाद से शुरू हुआ पूरा मामला
आनन-फानन में उन्हें सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया. जहां से उन्हें रेफर कर महराजगंज के एक निजी अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया. व्हाट्सएप स्टेटस पर लगाए गए सुसाइड नोट में उन्होंने निचलौल थाना प्रभारी योगेन्द्र राय पर गंभीर आरोप लगाए हैं. विशाल सिंह का आरोप है कि पकड़े गए पटाखों में से कुछ पटाखे निकाल लिए गए. जबकि बाकी पटाखों में से करीब 40 फीसदी पटाखे कथित तौर पर दबाव बनाकर आरोपी कौमेन अली को दिलवा दिए गए.
इस सुसाइड नोट में इस काम में कारखास आनंद सिंह की भूमिका का भी जिक्र किया गया है. यही नहीं विशाल सिंह का कहना है कि इस पूरे घटनाक्रम का एक वीडियो उन्होंने अपने मोबाइल में बनाया था.
थाना प्रभारी समेत सात लोगों पर गंभीर आरोप
विशाल सिंह ने अपने नोट में आगे आरोप लगाया है कि पटाखों के बंटवारे के बाद उन्हें ही चोर घोषित कर अपमानित किया गया. उनका कहना है कि इस कथित बेइज्जती से वह मानसिक रूप से बेहद आहत थे. पत्र में थाना प्रभारी योगेन्द्र राय, सिपाही मनीष सिंह, आनंद सिंह के अलावा विधायक, विशाल यादव, भोलू यादव और आलोक शर्मा के नाम लिखे गए हैं. कुल सात लोगों पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया गया है.
हालांकि ये सभी आरोप फिलहाल सुसाइड नोट में किए गए दावों पर आधारित हैं. इनकी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है और संबंधित लोगों का पक्ष सामने आना बाकी है.
पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
इस घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मचा हुआ है. एक तरफ हेड मुहर्रिर विशाल सिंह अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रहे हैं, तो दूसरी तरफ उनके व्हाट्सएप स्टेटस पर लगाए गए सुसाइड नोट ने पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली और जवाबदेही पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
फिलहाल इस मामले में उच्च अधिकारियों की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है और पुलिस महकमा बचता हुए नजर आ रहा है.
(महराजगंज से अमित त्रिपाठी की रिपोर्ट)
हेल्पलाइन : जीवन अनमोल है. किसी को भी किसी भी कारण हताशा, निराशा या डिप्रेशन हो तो कोई भी गलत कदम उठाने से पहले सरकार के हेल्पलाइन नंबर +91 9630899002, +91 7389366696 पर संपर्क करें.