)
महाराष्ट्र में एक बार फिर बड़े राजनीतिक घटनाक्रम की आहट सुनाई दे रही है. कहा जा रहा है कि 2023 में दो फाड़ हुई नेशनलिस्ट कांग्रेस पार्टी (NCP) फिर से एक हो सकती है. महाराष्ट्र के मंत्री और शिवसेना नेता संजय शिरसाट ने रविवार को कहा कि राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) और शरद पवार के नेतृत्व वाली एनसीपी (SP) के विलय की प्रक्रिया अंतिम चरणों में है और अलग-अलग नेताओं की भूमिकाएं जल्द ही साफ हो जाएंगी. ये दोनों गुट जुलाई 2023 में तब अलग-अलग हो गए थे, जब अजित पवार अपने चाचा शरद पवार से अलग होकर महाराष्ट्र में भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार में शामिल हो गए थे.
दिवाली के मौके पर पत्रकारों से बात करते हुए, शिरसाट ने अजित पवार के बेटे पार्थ पवार और एनसीपी (एसपी) प्रमुख शरद पवार के बीच हाल ही में हुई मुलाकात का जिक्र करते हुए कहा कि राजनीतिक घटनाक्रम सामने आ रहे हैं. एनसीपी के महासचिव पार्थ और अन्य एनसीपी (एसपी) नेताओं ने शनिवार को शरद पवार से उनके आवास पर मुलाकात की और अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद उनकी सेहत के बारे में जानकारी ली.
मुंबई के एक अस्पताल में एनसीपी के सीनियर नेता प्रफुल्ल पटेल और शरद पवार की मुलाकात के बाद दोनों गुटों के विलय की अटकलें फिर से तेज हो गईं. इस मुलाकात के एक वीडियो में दोनों नेताओं को 10 नवंबर के बाद संभावित बैठक पर चर्चा करते हुए दिखाया गया है. वहीं, एनसीपी के प्रदेश अध्यक्ष सुनील तटकरे ने कहा कि अगर अजित पवार जिंदा होते, तो दोनों गुटों का विलय इसी साल फरवरी में हो गया होता. अजित पवार का जनवरी में एक विमान दुर्घटना में निधन हो गया था.
इस मौके पर हम आपको NCP के बनने से लेकर अब तक के कुछ प्रमुख घटनाक्रमों के बारे में बताएंगे. जिसमें 1999 में शरद पवार के जरिए स्थापना और इसकी चुनावी सफलताओं से लेकर 2023 में विभाजन, अजित पवार की मौत और नवीनतम विलय की अटकलें शामिल हैं.
1998 में जब सोनिया गांधी कांग्रेस पार्टी की अध्यक्ष बनने के बाद शरद पवार और उनके दो सीनियर सहयोगियों ने सवाल उठाया कि क्या विदेशी मूल के व्यक्ति को भारत के प्रधानमंत्री पद के लिए पेश किया जाना चाहिए. मामला इतना बढ़ गया था कि 20 मई 1999 को शरद पवार, पीए संगमा और तारिक अनवर को कांग्रेस से निकाल दिया. इसके बाद 10 जून 1999 को तीनों नेताओं ने मिलकर नेशनलिस्ट कांग्रेस पार्टी (NCP) की बुनियाद रखी.
हालांकि, इसी साल यानी 1999 में ही दोनों कांग्रेस और NCP ने गठबंधन करने के बाद महाराष्ट्र में सरकार बनाई. अक्तूबर 1999 में महाराष्ट्र विधानसभा के चुनाव हुए थे. इन चुनावों में किसी भी पार्टी को बहुमत हासिल नहीं हुआ. कांग्रेस को 75 सीटें मिलीं, जबकि NCP को 58 सीटें हासिल हुई हैं. जबकि सरकार बनाने के लिए 145 सीटों की जरूरत थी. दोनों की सीटें मिलाकर 133 हो गई थीं, फिर कुछ और छोटी पार्टियों को भी गठबंधन में शामिल किया गया था.
1999 के बाद 2004 में होने वाले महाराष्ट्र विधानसभा चुनावों में भी NCP सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी. NCP ने 71 सीटें जीतीं जबकि कांग्रेस को 69, शिवसेना को 62, बीजेपी को 56 सीटें मिलीं. हैरानी की बात यह है कि सबसे बड़ी पार्टी होने के बावजूद उन्हें मुख्यमंत्री पद नहीं मिल पाया. शरद पवार ने मुख्यमंत्री पद पर दावा किया लेकिन कांग्रेस ने यह पद अपने पास ही रखा. NCP ने गठबंधन में पांच अतिरिक्त मंत्री पद लेकर समझौता किया.
10 नवंबर 2010 को शरद पवार के भतीजे अजित पवार पहली बार NCP की तरफ से उपमुख्यमंत्री बने. नवंबर 2010 में आदर्श घोटाले के आरोपों के चलते अशोक चव्हाण को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देना पड़ा था. उनकी जगह पर कांग्रेस ने पृथ्वीराज चव्हाण को नया मुख्यमंत्री बनाया. इसी फेरबदल के दौरान NCP ने भी छगन भुजबल की जगह 10 नवंबर 2010 को अजित पवार को पहली बार उपमुख्यमंत्री नियुक्त किया.
2014 के विधानसभा चुनाव आने से पहले ही एनसीपी और कांग्रेस का गठबंधन टूट गया. दूसरी तरफ भाजपा और शिवसेना भी सीटों के बंटवारे को लेकर सहमत नहीं हो पाई और इन दोनों ने भी अलग-अलग चुनाव लड़ा. जब नतीजे सामने आए, तो भाजपा को 122 और शिवसेना को 63 सीटें मिलीं. जिसके बाद भाजपा ने देवेंद्र के नेतृत्व में बीजेपी ने देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व में सरकार बनाई. बाद में शिवसेना भी सरकार में शामिल हो गई. इस सरकार के गन के साथ ही 1999 से महाराष्ट्र की सत्ता में राजनीति कर रही NCP-कांग्रेस का शासन खत्म हो गया.
इसके बाद आए 2019 के विधानसभा चुनाव और ये चुनाव बेहद दिलचस्प थे. भाजपा इस बार भी सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी थी. हालांकि, शिवसेना के साथ मुख्यमंत्री पद को लेकर गठबंधन टूट गया. इसी जिद्दोजहद के बीच 23 नवंबर 2019 की सुबह अचानक देवेंद्र फडणवीस ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली और अजित पवार ने उपमुख्यमंत्री की. भाजपा और NCP से अलग हुए अजित पवार गुट ने मिलकर सरकार बनाने का दावा किया था.
इस घटनाक्रम से देशभर के राजनीतिक विशेषज्ञ भी हैरान रह गए थे. यहां तक कि खुद शरद पवार भी. अजित पवार ने दावा किया था कि उनके पास NCP विधायकों का समर्थन है, लेकिन शरद पवार ने साफ कर दिया कि पार्टी बीजेपी को समर्थन नहीं दे रही है. उन्होंने अपने समर्थक विधायकों को एकजुट कर लिया. अजित पवार बहुमत साबित करने की स्थिति में नहीं थे. आखिरकार 26 नवंबर को उन्होंने उपमुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया. देवेंद्र फडणवीस को भी मुख्यमंत्री पद छोड़ना पड़ा.
दोनों के इस्तीफों के बाद, शरद पवार की एनसीपी, उद्धव ठाकरे की शिवसेना और कांग्रेस ने मिलकर सरकार बनाई. उद्धव ठाकरे ने मुख्यमंत्री बने और एक बार फिर अजित पवार उपमुख्यमंत्री बने. तीनों पार्टियों के इस गठबंधन को महाविकास अघाड़ी (MVA) के नाम से भी जाना जाता है.
लेकिन एक और मोड़ अभी बाकी था और वो था शिवसेना में बगावत. शिवसेना के दिग्गज नेता एकनाथ शिंदे ने पार्टी के कई विधायकों के साथ बगावत कर दी. शिंदे गुट ने उद्धव ठाकरे के नेतृत्व को चुनौती दी और बीजेपी के साथ मिलकर सरकार बनाने का रास्ता साफ कर दिया. जिसके बाद उद्धव ठाकरे के पास बहुमत नहीं बचा और उन्हें 29 जून 2022 को इस्तीफा देना पड़ा. इसके बाद एकनाथ शिंदे मुख्यमंत्री और देवेंद्र फडणवीस उपमुख्यमंत्री बने.
इस टूट-फूट का दौर अभी खत्म नहीं हुआ था. 2 जुलाई 2023 को शरद पवार की एनसीपी से उन्हीं के भतीजे अजित पवार ने 40 विधायकों के साथ फिर बगावत की. साथ ही एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली महाराष्ट्र सरकार में शामिल हो गए. उन्होंने एक बार फिर उपमुख्यमंत्री का पद मिला. तब से लेकर अब तक एनसीपी दो हिस्सों में बंटी हुई है.
दोनों ही गुटों ने खुद को असली एनसीपी होने का दावा किया और चुनाव चिह्न पर अपना हक बताया. मामला चुनाव आयोग तक पहुंचा और 6 फरवरी 2024 को चुनाव आयोग ने फैसला सुनाते हुए अजित पवार के नेतृत्व वाले गुट को असली NCP के रूप में मान्यता दे दी.
अगला साल यानी 2024 के लोकसभा चुनाव दोनों ही गुटों के लिए बेहद अहम था, दोनों को जनता की नजरों में भी साबित करना था कि असली गुट कौन सा है. अजीत पवार का गुट बीजेपी और एकनाथ शिंदे की शिवसेना के साथ महायुति गठबंधन में था. वहीं शरद पवार का गुट कांग्रेस और उद्धव ठाकरे की शिवसेना के साथ महा विकास अघाड़ी में था. जब नतीजे सामने आए, तो अजित पवार गुट को सिर्फ 1 लोकसभा सीट मिली. शरद पवार गुट ने 8 सीटें जीतीं.
नवंबर 2024 में हुए विधानसभा चुनावों में भी अजित पवार की पार्टी जबरदस्त प्रदर्शन किया था. अजित पवार की पार्टी ने 59 सीटों पर चुनाव लड़ा और 41 सीटें जीत लीं. वहीं शरद पवार की NCP (शरदचंद्र पवार) को सिर्फ 10 सीटें मिलीं.
फिर आया जनवरी 2026, जो दोनों ही पार्टियों के लिए दुखद महीना था. 28 जनवरी 2026 महाराष्ट्र की राजनीति और NCP के लिए बहुत दुखद दिन साबित हुआ. बारामती एयरपोर्ट पर उतरने की कोशिश के दौरान उनका चार्टर्ड विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया.
अजित पवार की मौत के बाद, उनकी पत्नी सुनेत्रा पवार आगे आईं, जो उस समय राज्यसभा सांसद थीं. 31 जनवरी 2026 को सुनेत्रा पवार ने महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली. वह राज्य की पहली महिला उपमुख्यमंत्री बनीं.