App

जयपुर के JLN मार्ग पर नहीं रुकेंगे वाहन! 700 करोड़ तक खर्च कर सड़क को सिग्नल फ्री करने की तैयारी

जयपुर के JLN मार्ग को ट्रैफिक सिग्नल फ्री करने की तैयारी है. JDA ने 600-700 करोड़ के प्रोजेक्ट की DPR बनाने का काम NABSCONS को दिया है. मार्च तक DPR मिलने और टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद मई तक मौके पर काम शुरू होने की उम्मीद है.

जयपुर के JLN मार्ग पर नहीं रुकेंगे वाहन! 700 करोड़ तक खर्च कर सड़क को सिग्नल फ्री करने की तैयारी
Image Credit: Traffic Signal Free Project

राजधानी जयपुर की सबसे वीवीआईपी सड़कों में शामिल जवाहरलाल नेहरू (JLN) मार्ग को ट्रैफिक सिग्नल फ्री करने की तैयारी शुरू हो गई है. इस प्रोजेक्ट पर करीब 600 से 700 करोड़ रुपए खर्च होने का अनुमान है. जयपुर विकास प्राधिकरण (JDA) ने इसकी डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (DPR) तैयार करने के लिए नाबार्ड की कंपनी NABSCONS को कार्यादेश जारी कर दिया है. कंपनी मार्च तक DPR जेडीए को सौंपेगी. इसके बाद टेंडर प्रक्रिया पूरी कर अगले साल मई तक मौके पर काम शुरू करने की तैयारी है.

रामनिवास बाग से जवाहर सर्किल तक बदलेगी व्यवस्था

रामनिवास बाग से जवाहर सर्किल तक करीब साढ़े सात किलोमीटर लंबा JLN मार्ग शहर के उत्तरी और दक्षिणी हिस्सों को जोड़ता है. जवाहर सर्किल के पास स्टेट हैंगर और एयरपोर्ट का टर्मिनल-2 होने के कारण इस मार्ग पर वीवीआईपी मूवमेंट भी रहता है. इसके साथ ही आम यातायात का दबाव भी काफी रहता है. पीक आवर्स में चौराहों पर वाहनों की लंबी कतारें लगती हैं और चालकों को कई बार लाल बत्ती पर रुकना पड़ता है.

त्रिमूर्ति सर्किल से यूनिवर्सिटी तिराहे तक एलिवेटेड रोड

प्रस्तावित योजना में त्रिमूर्ति सर्किल पर मौजूदा ट्रैफिक सिग्नल व्यवस्था हटाकर सर्किल के जरिए वाहनों की आवाजाही की व्यवस्था की जाएगी. त्रिमूर्ति सर्किल से राजस्थान यूनिवर्सिटी तिराहे तक करीब डेढ़ किलोमीटर लंबी एलिवेटेड रोड बनाने का प्रस्ताव है. इसके नीचे यू-टर्न स्ट्रक्चर भी बनाया जाएगा. एसएमएस मेडिकल कॉलेज के सामने आर-पार जाने के लिए भूमिगत पैदल मार्ग प्रस्तावित है.

गांधी सर्किल पर बनेगा अंडरपास

योजना के मुताबिक गांधी सर्किल के नीचे अंडरपास बनाया जाएगा. इसके साथ ही सर्किल को दोबारा विकसित करने का प्रस्ताव है. गांधी सर्किल से ओटीएस चौराहे के पहले तक एक बड़ा लूप बनाने की योजना है. इससे सीधे जाने वाले वाहन गुजर सकेंगे. इसी लूप से जुड़े छोटे यू-शेप लूप के जरिए बजाज नगर और अन्य दिशाओं में जाने वाले वाहनों की आवाजाही होगी.

 

 

कई जगह बनेंगे यू-टर्न और पैदल मार्ग

प्रस्ताव में MNIT के सामने यू-टर्न बनाने और मालवीय नगर ओवरब्रिज के डिजाइन में बदलाव करने की बात है. JLN मार्ग पर एसएल रोड तिराहे को बंद कर जवाहर सर्किल से पहले यू-टर्न स्ट्रक्चर बनाया जाएगा. वर्ल्ड ट्रेड पार्क के सामने भूमिगत पैदल मार्ग भी प्रस्तावित है. जेडीए चौराहे को बंद करने और गांधी सर्किल से पहले यू-टर्न बनाने की योजना भी शामिल है.

मार्च तक DPR, मई में काम शुरू करने की तैयारी

JDA ने DPR बनाने का कार्यादेश NABSCONS को दिया है. कंपनी मार्च तक रिपोर्ट सौंपेगी. इसके बाद करीब दो महीने में निविदा प्रक्रिया पूरी करने की उम्मीद है. योजना को दो चरणों में पूरा किया जाएगा. पहले चरण में गांधी सर्किल से जवाहर सर्किल तक के हिस्से में काम प्रस्तावित है. पूरी योजना लागू होने पर वाहन चालकों को चौराहों पर लाल बत्ती के लिए रुकना नहीं पड़ेगा. इससे यात्रा का समय बचने और वाहनों से निकलने वाले धुएं के कारण होने वाले प्रदूषण में कमी आने की उम्मीद है.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Ansh Raj

Ansh Raj

अंश राज Zee Rajasthan में सब-एडिटर के तौर पर कार्यरत हैं. राजस्थान की हर छोटी-बड़ी खबर पर उनकी पैनी नजर रहती है. क्राइम, पॉलिटिक्स और पावर कॉरिडोर से जुड़ी खबरों में उनकी खास दिलचस्पी है. नई चीजों को सीखने की फिराक में रहते हैं. ऑपरेशन सिंदूर से लेकर विधानसभा चुनावों और प्रदेश के दिग्गज नेताओं के हर बड़े बयान तक, अंश राज खबरों की नब्ज पर नजर रखते हैं. हेडलाइन से खेलना, खबर की काट-छांट करना और किसी भी स्टोरी को ज्यादा प्रभावी और रोचक अंदाज में पेश करना उनकी खासियत है. खबर को सिर्फ लिखना नहीं, बल्कि उसे बेहतर तरीके से पैकेज कर दर्शकों तक पहुंचाना उनके काम का अहम हिस्सा है.  डिजिटल मीडिया में करीब 3 साल का अनुभव रखने वाले अंश राज इससे पहले Zee Uttar Pradesh/Uttarakhand और Zee Bharat के साथ काम कर चुके हैं. उन्होंने चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से जर्नलिज्म में मास्टर्स किया है. खबरों की गंध को सबसे पहले पहचानना, उसकी तह तक पहुंचना और उसे सबसे पहले, सबसे तेज और सबसे बेहतर तरीके से दर्शकों तक पहुंचाना... यही अंश राज की पहचान है.
Read More