App

चाय की चुस्की के बीच गोलियों की तड़तड़ाहट: मुरादाबाद में कैंटीन पर सरेआम युवक का कत्ल, CCTV में कैद हुआ खौफनाक मंजर

मुरादाबाद में देर रात खातिरदारी कैंटीन पर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब चाय पीने पहुंचे युवकों के बीच विवाद हो गया. देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि सरेआम गोली चल गई, जो एक युवक को लग गई. गोली लगने से युवक की मौके पर ही मौत हो गई.

चाय की चुस्की के बीच गोलियों की तड़तड़ाहट: मुरादाबाद में कैंटीन पर सरेआम युवक का कत्ल, CCTV में कैद हुआ खौफनाक मंजर

मुरादाबाद का मझोला इलाका रविवार देर रात गोलियों की तड़तड़ाहट से दहल उठा. यहां एमडीए ऑफिस के सामने खातिरदारी कैंटीन पर चाय की चुस्की ले रहे कुछ युवकों के बीच विवाद हो गया. देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि सरेआम फायरिंग कर दी. निशाना तो किसी और पर था, लेकिन काल बनकर आई गोली ने 17 वर्षीय बेकसूर का सीना छलनी कर दिया.

अब्दुल्ला को गोली लगते ही कैंटीन में भगदड़ मच गई. खून से लथपथ अब्दुल्ला ने तड़प-तड़पकर मौके पर ही दम तोड़ दिया.

घटना सीसीटीवी कैमरे में हुई कैद
जानकारी के मुताबिक, पाकबड़ा थाना क्षेत्र के शनिवार बाजार निवासी उबैद कालिया अपने साथियों अयान, बाबर और मुल्लानों वाला निवासी 17 वर्षीय अब्दुल्ला के साथ जीरो प्वाइंट स्थित खातिरदारी कैंटीन पर चाय पीने आया था. सभी टेबल पर बैठकर आपस में बातचीत कर रहे थे, तभी बाइक सवार अज्ञात हमलावर वहां पहुंचे और अचानक ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी.

कैंटीन में लगे सीसीटीवी कैमरे में वारदात का रोंगटे खड़े करने वाला मंजर कैद हुआ है. हमलावरों ने उबैद कालिया को निशाना बनाकर गोली चलाई थी. हालांकि, जैसे ही गोली चली, उबैद की नजर पड़ गई और वह फौरन पीछे हट गया, लेकिन उसके ठीक पीछे बैठा अब्दुल्ला खुद को संभाल नहीं पाया और गोली सीधे अब्दुल्ला के सीने में जा घुसी. जिसके बाद वह अपना सीना पकड़कर लहूलुहान हालत में कैंटीन के अंदर की तरफ भागा और वहीं जमीन पर गिर पड़ा.

मृतक के परिजनों में कोहराम
मौके पर मौजूद लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे, जिसका फायदा उठाकर हमलावर बाइक से हवा में असलहा लहराते हुए फरार हो गए. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. एसपी सिटी कुमार रणविजय, सीओ सिविल लाइंस और मझोला थाना पुलिस भारी बल के साथ मौके पर पहुंचे. गंभीर रूप से घायल अब्दुल्ला को तुरंत नजदीकी टीएमयू अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

अब्दुल्ला की मौत की खबर मिलते ही पाकबड़ा से परिजनों और ग्रामीणों की भारी भीड़ अस्पताल में इकट्ठा हो गई. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं क्षेत्र में भारी तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है.

हमलावरों को पकड़ने में जुटी पुलिस
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. एसपी सिटी कुमार रणविजय का कहना है कि शुरुआती पूछताछ में विवाद की वजह और हमलावरों की पहचान को लेकर अहम सुराग मिले हैं. ढाबे के सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में ले लिया गया है और फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं. पुलिस की कई टीमें हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं. आरोपी जल्द ही पुलिस की गिरफ्त में होंगे.

(मुरादाबाद से आकाश शर्मा की रिपोर्ट)

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Pooja Singh

Pooja Singh

पूजा सिंह डिजिटल पत्रकार हैं और ज़ी उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड (Zee UP-UK) की डिजिटल टीम में सब-एडिटर के पद पर काम कर रहे हैं. दिल्ली से ताल्लुक रखने वाली पूजा को मीडिया जगत में 5 वर्षों से ज्यादा का अनुभव है. वे उत्तर प्रदेश की हाइपर-लोकल खबरों, क्राइम, प्रशासनिक गतिविधियों, राजनीतिक उठापटक और खेल जगत के मुद्दों पर पैनी नजर रखते हैं. खबरों की गहराई, ग्राउंड रियलिटी और तथ्य-आधारित डिजिटल कवरेज के लिए वे जाने जाते हैं.पूजा के पास डेस्क एडिटिंग का व्यावहारिक अनुभव है.  स्थानीय प्रशासन, जनसमस्याओं और राजनीतिक हलचलों की बेहतर समझ उन्हें ज़मीनी वास्तविकताओं को सटीक रूप से प्रस्तुत करने में मदद करती है. ज़ी मीडिया से पहले उन्होंने भारत के लिडिंग हिंदी न्यूज़ चैनल टीवी 9 डिजिटल और न्यूज नेशन में काम करने का अनुभव है. पूजा ने भारतीय विद्या भवन से पत्रकारिता की पढ़ाई पूरी की है.पूजा सिंह से आप pooja.singh@india.com पर सीधे ईमेल कर संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा आप पूजा से एक्स (ट्विटर) और लिंक्डइन पर कनेक्ट कर सकते हैं.
Read More