पाली. जिले के फालना में रविवार रात पटाखों की चिंगारी से भीषण अग्निकांड हो गया. स्वर्ण मंदिर के पास स्थित एक कॉस्मेटिक्स की दुकान में लगी आग ने देखते ही देखते आसपास की दो अन्य दुकानों को भी अपनी चपेट में ले लिया. हादसे में खुडाला-फालना नगर पालिका की कांग्रेस पार्षद ऊषा पूनमिया और उनके पति प्रकाश की मौत हो गई. वहीं, दोनों को बचाने पहुंचे प्रकाश के बड़े भाई गौतम पूनमिया भी गंभीर रूप से झुलस गए. उनका करीब 65 प्रतिशत शरीर जल गया है.
पटाखे की चिंगारी से दुकान में लगी आग
जानकारी के अनुसार रविवार रात करीब 10:30 बजे कुछ लोग सड़क पर पटाखे चला रहे थे. इसी दौरान पटाखे से निकली एक चिंगारी दुकान के बाहर रखे पटाखों पर जा गिरी. इससे दुकान में आग लग गई. कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया और आसपास की दो अन्य दुकानों तक फैल गई. इस अग्निकांड में तीन दुकानें जलकर राख हो गईं.
बेसमेंट में दम घुटने से पार्षद की मौत
आग फैलने के दौरान 68 वर्षीय पार्षद ऊषा पूनमिया जान बचाने के लिए दुकान के बेसमेंट में चली गईं. लेकिन वहां धुआं भर गया. दम घुटने के कारण उनकी मौत हो गई. वहीं, दुकान के मालिक और उनके पति 70 वर्षीय प्रकाश पूनमिया भी आग की चपेट में आ गए. उनकी जिंदा जलने से मौत हो गई. पत्नी को बचाने की कोशिश में प्रकाश की भी जान चली गई.
भाई को बचाने पहुंचे जेठ भी झुलसे
हादसे के दौरान प्रकाश के 73 वर्षीय बड़े भाई गौतम पूनमिया भी उन्हें बचाने पहुंचे. इस कोशिश में वे भी आग की चपेट में आ गए. आग से उनका करीब 65 प्रतिशत शरीर झुलस गया. उनका चेहरा भी बुरी तरह जल गया है. चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत गंभीर बनी हुई है.
रात 2 बजे आग पर पाया काबू
अग्निकांड की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल की टीमें मौके पर पहुंचीं. आग इतनी भीषण थी कि उसे बुझाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी. आखिरकार रात करीब 2 बजे आग पर काबू पाया जा सका. इसके बाद भी रेस्क्यू अभियान जारी रहा, जो सोमवार सुबह करीब 5 बजे तक चला. इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है. पटाखे की एक चिंगारी से लगी आग ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं.