App

भिवाड़ी-गंगानगर में AQI 300 के पार, गुलाबी शहर जयपुर भी 'खराब' हवा की चपेट में!

दिवाली के बाद राजस्थान में प्रदूषण का स्तर बढ़ने से 14 शहरों की हवा खराब से बेहद खराब श्रेणी में पहुंच गई है. श्रीगंगानगर में AQI 309 और भिवाड़ी में 302 दर्ज किया गया, जबकि जयपुर समेत कई शहरों में AQI 200 के पार है. लोगों को बाहर निकलते समय सावधानी बरतने और जरूरत पड़ने पर N95 मास्क लगाने की सलाह दी गई.

भिवाड़ी-गंगानगर में AQI 300 के पार, गुलाबी शहर जयपुर भी 'खराब' हवा की चपेट में!
Image Credit: राजस्थान एयर पॉल्यूशन अपडेट

दिवाली के बाद राजस्थान में प्रदूषण का स्तर बढ़ने से लोगों की सेहत पर खतरा मंडराने लगा है. प्रदेश के 14 शहरों की आबोहवा खराब से बेहद खराब श्रेणी में पहुंच गई है. भिवाड़ी और श्रीगंगानगर में एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 300 के पार दर्ज किया गया है. वहीं, जयपुर सहित प्रदेश के कई शहरों में AQI 200 से अधिक बना हुआ है. प्रदूषण के इस स्तर ने सांस और दिल से जुड़ी बीमारियों से पीड़ित लोगों की चिंता बढ़ा दी है.

भिवाड़ी और श्रीगंगानगर की हवा सबसे ज्यादा खराब
प्रदेश में सबसे खराब स्थिति श्रीगंगानगर और भिवाड़ी की है. श्रीगंगानगर में AQI 309 और भिवाड़ी में 302 दर्ज किया गया. इस स्तर को बेहद खराब श्रेणी में रखा जाता है. वहीं, अलवर में AQI 287 और सवाई माधोपुर में 270 तक पहुंच गया.

इसके अलावा धौलपुर में 236, पाली में 233, जयपुर में 220 और बीकानेर में 217 AQI दर्ज किया गया. अजमेर, चूरू, हनुमानगढ़ और झुंझुनूं में AQI 211 रहा. करौली में 208 और उदयपुर में 207 AQI दर्ज किया गया.

इसके अलावा जोधपुर शहर का AQI भी 280 के पार पहुंचने के बाद हवा की गुणवत्ता खराब श्रेणी में पहुंच गई है. इसका असर शहर की खूबसूरती पर भी दिखाई देने लगा है. किला रोड से नजर आने वाला जोधपुर शहर का विहंगम दृश्य धुंध और प्रदूषण के चलते धुंधला पड़ गया है. शहर की ऊंची इमारतें भी स्पष्ट दिखाई नहीं दे रही हैं. जैसे-जैसे धुंध बढ़ रही है, वैसे-वैसे दृश्यता प्रभावित हो रही है. 

AQI का कौन सा स्तर कितना खतरनाक?
एयर क्वालिटी इंडेक्स यानी AQI से हवा में मौजूद प्रदूषण के स्तर और उसके स्वास्थ्य पर पड़ने वाले प्रभाव का पता चलता है. 
AQI 0 से 50 (अच्छा): हवा साफ होती है और स्वास्थ्य पर बहुत कम प्रभाव पड़ता है.
AQI 51 से 100 (संतोषजनक): संवेदनशील लोगों को हल्की परेशानी हो सकती है.
AQI 101 से 200 (मध्यम): अस्थमा, फेफड़ों और दिल के मरीजों को सांस लेने में परेशानी हो सकती है.
AQI 201 से 300 (खराब): लंबे समय तक प्रदूषित हवा में रहने पर ज्यादातर लोगों को सांस संबंधी परेशानी हो सकती है.
AQI 301 से 400 (बहुत खराब): लंबे समय तक संपर्क में रहने से सांस संबंधी बीमारियों का खतरा बढ़ता है.
AQI 401 से 500 (गंभीर): स्वस्थ लोगों पर भी गंभीर असर पड़ सकता है, जबकि पहले से बीमार लोगों के लिए स्थिति बेहद खतरनाक हो सकती है.

बच्चों और बुजुर्गों को विशेष सावधानी की जरूरत
प्रदूषण का बढ़ता स्तर बच्चों, बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं और सांस व दिल के मरीजों के लिए ज्यादा चिंताजनक है. ऐसे में प्रदूषण के स्तर को देखते हुए बाहर निकलने और खुले में व्यायाम करने में सावधानी बरतनी चाहिए. जरूरत पड़ने पर अच्छी फिटिंग वाला N95 मास्क इस्तेमाल किया जा सकता है. दिवाली के बाद बढ़े प्रदूषण ने एक बार फिर प्रदेश में वायु गुणवत्ता को लेकर चिंता बढ़ा दी है. अब प्रदूषण नियंत्रण के प्रभावी उपायों के साथ लोगों को भी सावधानी बरतने की जरूरत है. 
 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Ashish Chauhan

Ashish Chauhan

आशीष चौहान
Read More