)
बांग्लादेश और वेस्टइंडीज के बीच सिलहट में सीरीज का दूसरा टेस्ट जारी है. इस मैच में 23 वर्षीय बल्लेबाज केविन विकहम ने 48 सालों का लंबा इंतजार खत्म कर इतिहास रच दिया. दाएं हाथ के बल्लेबाज ने अपने टेस्ट करियर की शुरुआत धमाकेदार अंदाज में की है. ऐसा लग रहा है कि वेस्टइंडीज क्रिकेट को एक नया सितारा मिल गया है, जो लंबी रेस का घोड़ा साबित हो सकता है.
बांग्लादेश के खिलाफ मैच में केविन विकहम को टेस्ट में डेब्यू करने का मौका मिला और उन्होंने दोनों पारियों में अर्धशतक जड़ इतिहास रच दिया. 48 सालों के लंबे इंतजार के बाद ऐसा हुआ है, जब वेस्टइंडीज के किसी खिलाड़ी ने अपने डेब्यू टेस्ट की दोनों पारियों में 50 रनों का आंकड़ा पार किया है.
सिलहट में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट में वेस्टइंडीज की टीम संकट में थी, लेकिन 23 साल के युवा बल्लेबाज ने अपनी टीम को मुसीबत से निकालकर मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया. विकहम उन चुनिंदा खिलाड़ियों की सूची में शामिल हो गए जिन्होंने वेस्टइंडीज के लिए अपने डेब्यू टेस्ट की दोनों पारियों में अर्धशतक ठोका है.
दिलचस्प बात ये भी है कि केविन विकहम को मजबूरी में ये मैच खिलाया गया. उन्हें अचानक डेब्यू करने का मौका मिला, क्योंकि जॉन कैंपबेल और टैगनारिन चंद्रपॉल मैच से ठीक पहले बीमार हो गए. युवा खिलाड़ी को मैच की सुबह अपनी पहली टेस्ट कैप मिली. वह टेस्ट क्रिकेट में कैरेबियाई टीम का प्रतिनिधित्व करने वाले 349वें खिलाड़ी बन गए.
टेस्ट क्रिकेट में उनका डेब्यू बिल्कुल आसान नहीं रहा. पहली पारी में वेस्टइंडीज ने महज 27 के स्कोर पर 3 विकेट गंवा दिए थे. केविन विकहम नंबर-4 पर बैटिंग करने उतरे और अपनी टीम को संकट से निकाला. विकहम क्रीज पर अमीर जंगू के साथ जुड़े और दोनों ने चौथे विकेट के लिए 131 रनों की एक अहम साझेदारी निभाई. जहां जंगू ने 133 रनों की शानदार पारी खेली, वहीं अपना पहला मैच खेल रहे विकहम ने धैर्य और संयम दिखाते हुए 145 गेंदों पर 61 रन बनाए, जिसमें 5 चौके शामिल हैं.
इस युवा खिलाड़ी ने दूसरी पारी में भी अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखा. वेस्टइंडीज के जोशुआ डा सिल्वा और ब्रैंडन किंग के आउट होने के बाद, विकहम ने कावेम हॉज के साथ मिलकर पारी को संभाला. इस जोड़ी ने तीसरे विकेट के लिए 165 रन जोड़े। इसमें हॉज ने मुख्य भूमिका निभाई, जबकि विकहम ने 107 गेंदों पर 78 रनों का अहम योगदान दिया.
दोनों पारियों में अर्धशतक ठोकने के बाद विकहम 1978 में सेवदत्त शिवनारायण के बाद अपने टेस्ट डेब्यू पर ऐसा कारनामा करने वाले वेस्टइंडीज के पहले बल्लेबाज बन गए. इस उपलब्धि ने उन्हें लॉरेंस रो, गॉर्डन ग्रीनिज और क्लाइव लॉयड जैसे कई दिग्गज कैरेबियाई बल्लेबाजों के क्लब में शामिल किया, जिन्होंने भी अपने टेस्ट डेब्यू की दोनों पारियों में 50 से अधिक रन बनाए थे.
दो मैचों की सीरीज में वेस्टइंडीज 1-0 से आगे है. कैरिबियाई टीम ने पहला मुकाबला 8 विकेट से जीता था. सिलहट में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट में वेस्टइंडीज ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 356 रन बनाए थे. इसके जवाब में बांग्लादेश ने तौहीद हृदय की रिकॉर्ड ब्रेकिंग 242 रनों की पारी के दम पर 386 रनों का स्कोर खड़ा किया. ताजा अपडेट मिलने तक 5वें दिन वेस्टइंडीज ने दूसरी इनिंग में 398/6 के स्कोर पर पारी घोषित करने का फैसला किया है. बांग्लादेश के सामने 369 रनों का लक्ष्य है.