)
भारत और न्यूजीलैंड के बीच तीसरा वनडे इंटरनेशनल मैच मंगलवार (10 नवंबर) को खेला जाएगा. हैम्लिटन के सेडन पार्क में होने वाले इस मुकाबले में करोड़ों भारतीय फैंस की नजर स्टार बल्लेबाज विराट कोहली पर रहेगी, जिनके निशाने पर दो बड़े रिकॉर्ड्स हैं. दूसरे ODI में कोहली सिर्फ 7 रन बनाकर पवेलियन लौट गए थे, लेकिन उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के पूर्व महान बल्लेबाज रिकी पोंटिंग का बड़ा रिकॉर्ड तोड़ दिया था. विराट कोहली अब न्यूजीलैंड के खिलाफ ODI में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी बन गए हैं.
पोंटिंग ने न्यूजीलैंड के खिलाफ एकदिवसीय इंटरनेशनल मैचों में 1,971 रन बनाए थे. विराट ने इस आंकड़े को पार किया और अब उनकी नजर एक और बड़ी उपलब्धि पर है. वो न्यूजीलैंड के खिलाफ ODI में 2000 रन बनाने वाले पहले खिलाड़ी बनने से सिर्फ 22 रन दूर हैं. इसके अलावा चेज मास्टर के निशाने पर मास्टर ब्लास्टर का बड़ा रिकॉर्ड भी है.
रिकी पोंटिंग को पछाड़कर विराट कोहली कीवी टीम के नंबर-1 दुश्मन तो बन ही गए हैं, अब उनकी नजर 2000 रन पर है. वो ऐसा कारनामा करने वाले दुनिया के पहले खिलाड़ी बन जाएंगे. सीरीज में अभी 3 मुकाबले बाकी हैं, लेकिन करोड़ों भारतीय फैंस चाहेंगे कि कोहली हैम्लिटन में होने वाले तीसरे ODI में ही ये बड़ा कारनामा कर दें.
विराट कोहली (भारत) - 38 पारियों में 1978 रन
रिकी पोंटिंग (ऑस्ट्रेलिया) - 50 पारियों में 1971 रन
सचिन तेंदुलकर (भारत) - 41 पारियों में 1750 रन
कुमार संगकारा (श्रीलंका) - 45 पारियों में 1568 रन
सनथ जयसूर्या (श्रीलंका) - 44 पारियों में 1449 रन
विराट कोहली न्यूजीलैंड में किसी भारतीय द्वारा बनाए गए सबसे ज्यादा वनडे रनों के सचिन तेंदुलकर के रिकॉर्ड को तोड़ने के भी करीब है. तेंदुलकर के 652 रनों के आंकड़े को पार करने के लिए कोहली को आगामी तीन वनडे मैचों में 62 रनों की जरूरत है. 1990 से 2009 के बीच, कीवियों की धरती पर न्यूजीलैंड के खिलाफ 18 वनडे मैचों की 18 पारियों में सचिन ने 652 रन बनाए थे. वहीं, कोहली न्यूजीलैंड में 13 वनडे पारियां खेल चुके हैं.
विराट कोहली ने न्यूजीलैंड दौरे की शुरुआत धमाकेदार अंदाज में की थी. ऑकलैंड में खेले गए पहले ODI में कीवी गेंदबाजों की धज्जियां उड़ाते हुए उन्होंने 51 गेंदों पर 74 रनों की शानदार पारी खेली. हालांकि, दूसरे मैच में वो सिर्फ 7 रन बनाकर आउट हो गए. उन्हें RCB के अपने साथी खिलाड़ी से सावधान रहना होगा. जी हां, अब तक हुए दोनों मैचों में वो तेज गेंदबाज जैकब डफी के शिकार बने हैं.