)
भारत में इस समय त्योहारों का मौसम है. पूरा देश दिवाली के जश्न में डूबा हुआ है. रोशनी के इस पर्व को भारतीय क्रिकेटरों ने भी धूम धाम से मनाया. टीम इंडिया के दो बड़े सितारे विराट कोहली और रोहित शर्मा तो फिलहाल न्यूजीलैंड में हैं. दोनों ने पोस्ट के जरिए फैंस को दिवाली की शुभकामनाएं दी. पूर्व भारतीय महान कप्तान एमएस धोनी की भी झलक देखने को मिली. सबसे ज्यादा महफिल भारत के विस्फोटक बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने लूटी.
अभिषेक शर्मा की धमाकेदार बैटिंग से तो दुनिया वाकिफ है, अब उन्होंने डांस का भी धमाका किया है. सोशल मीडिया पर उनका वीडियो छाया हुआ है, जिसमें वो 'बोलो तारा रा रा' सॉन्ग पर बहन संग ठुमके लगाते दिख रहे हैं. काले कुर्ते में अभिषेक बेहद स्मार्ट लग रहे हैं. दलेर मेहंदी के सुपरहिट गाने पर उन्होंने बहन कोमल शर्मा और परिवार के साथ धमाकेदार अंदाज में डांस कर महफिल लूट ली.
पूर्व भारतीय कप्तान और CSK की जान एमएस धोनी सोशल मीडिया से दूर रहते हैं. फैंस उनकी एक झलक पाने के लिए तरस जाते हैं. हालांकि, दिवाली के पावन त्योहार पर उनकी पत्नी साक्षी ने फैंस को खुश कर दिया. उन्होंने माही की झलक दिखाई. दोनों का रोमांटिक अंदाज देखने को मिला, जहां साक्षी अपने पति को 'किस' करते दिखीं. साक्षी ने जो तस्वीरें शेयर की है, उसमें दोनों की बेटी जीवा भी बेहद क्यूट दिख रही हैं.
पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज और हाल ही में CSK के हेड कोच बने जहीर खान के घर भी दिवाली का जश्न मना. उन्होंने इंस्टाग्राम पर कुछ तस्वीरें शेयर की है, जिसमें वो पत्नी सागरिका घाटगे और बेटे फतेहसिंह खान के साथ दिवाली के जश्न में डूबे हुए हैं.
जहीर ने बेटे का चेहरा तो नहीं दिखाया, लेकिन उसका अंदाज मनमोहक है. पूर्व भारतीय विस्फोटक ओपनर वीरेंद्र सहवाग और युवराज सिंह ने भी परिवार के साथ दिवाली का त्योहार मनाया.