App

'मैंने अपनी पत्नी से बेवफाई की...', Nvidia के सीईओ ने चीनी जासूस से अफेयर की बात कबूली, ईमेल में हुआंग ने क्या कहा?

एनवीडियो के सीईओ जेन्सेन हुआंग ने कबूला है कि उन्होंने अपनी पत्नी को धोखा दिया और उनका चीनी जासूस के साथ रोमांटिक संबंध था. एक ईमेल में उनके इस कबूलनामे के बाद कंपनी ने स्वतंत्र जांच शुरू कर दी है.

'मैंने अपनी पत्नी से बेवफाई की...', Nvidia के सीईओ ने चीनी जासूस से अफेयर की बात कबूली, ईमेल में हुआंग ने क्या कहा?
Image Credit: लेटर में सीईओ ने कई अहम बातें लिखी हैं.

एनवीडिया के CEO जेन्सेन हुआंग ने अपने कर्मचारियों को भेजे एक ईमेल में माना कि वह अपनी पत्नी से बेवफाई की और उनका एक संदिग्ध चीनी जासूस के साथ अफेयर था. यह बात तब सामने आई है, जब एनवीडिया ने उन रिपोर्ट्स की जांच शुरू कर दी है, जिनमें कहा गया कि हुआंग विदेशी खुफिया ताकतों का निशाना थे.

चीनी एजेंट निकली एलिस हुआंग

29 अक्टूबर को, 'द न्यूयॉर्क टाइम्स' ने रिपोर्ट में कहा कि हुआंग एक चीनी जासूसी साजिश का टारगेट थे. इस साजिश का ऑपरेशन एलिस हुआंग (उर्फ हुआंग ले) नाम की एक बिजनेसवुमन कर रही थीं, जिन्होंने जेन्सेन हुआंग के साथ करीबी रिश्ते बना लिए थे और वे एनवीडिया की एडवांस्ड AI चिप्स और खुफिया जानकारी बीजिंग तक पहुंचा रही थीं. एलिस हुआंग एक चीनी नागरिक हैं और सिंगापुर स्थित डेटा सेंटर कंपनी 'मेगास्पीड' में एक टॉप अफसर हैं. अमेरिकी खुफिया एजेंसियों ने बताया कि वह चीन के लिए काम करने वाली एक 'इंटेलिजेंस एसेट' है.

ईमेल में, हुआंग ने माना कि उन्हें अपने परिवार और सभी कर्मचारियों से माफी मांगनी चाहिए. उन्होंने जांच में पूरा सहयोग देने की बात भी कही है.

मैंने पत्नी से की बेवफाई!

'मैं अपने परिवार और आप सभी से माफी मांगता हूं. मैंने अपनी पत्नी के साथ बेवफाई की है. मेरे कामों से उन्हें और हमारे बच्चों को गहरी चोट पहुंची है. मैंने जो किया, उसके लिए कोई बहाना नहीं है. मुझे बहुत पछतावा है. मेरे पूरे जीवन में, मेरे परिवार ने मुझे प्यार और समर्थन दिया है. वे मेरी ईमानदारी और वफादारी के हकदार हैं. इसके बजाय, मैंने उन्हें निराश किया है और हमने मिलकर जो जीवन बनाया था, उसे नुकसान पहुंचाया है. मैंने जो किया और उससे जो दुख पहुंचा, उसकी पूरी जिम्मेदारी मैं लेता हूं. इसके चलते जो भी आलोचना होगी, मैं उसे स्वीकार करता हूं.

मेरी पत्नी और परिवार से: मैं आपसे प्यार करता हूं. मुझे पता है कि माफी मांगने से मेरे किए गए काम को बदला नहीं जा सकता. मुझे उम्मीद है कि हमारा परिवार इस दुख से उबर पाएगा और समय के साथ, मैं आपका भरोसा फिर से जीत सकूंगा.

एनवीडिया में मेरे साथियों और दुनिया भर में हमारे बोर्ड, पार्टनर्स और शेयरधारक आप मुझसे बेहतर व्यवहार के हकदार हैं. एनवीडिया की अगुआई करना मेरे जीवन का सौभाग्य रहा है. मेरी जिम्मेदारी है कि मैं आपकी सेवा करूं और आपके भरोसे के काबिल बना रहूं. मैं इस जिम्मेदारी को निभाने में विफल रहा हूं. मैं एनवीडिया के प्रति पूरी तरह समर्पित हूं और आपका भरोसा फिर से जीतने के लिए काम करूंगा.

न्यूज रिपोर्ट्स में नेशनल सिक्योरिटी को लेकर पैदा हुई चिंताओं के मद्देनजर एनवीडिया के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स ने एक स्वतंत्र जांच शुरू कर दी है. मैं जांच का समर्थन करता हूं और इसमें पूरा सहयोग दूंगा. मुझे अपने देश और अपनी कंपनी से प्यार है. मैं एनवीडिया की सुरक्षा करने और अमेरिका की राष्ट्रीय सुरक्षा में योगदान देने के लिए प्रतिबद्ध हूं. मुझे अमेरिकी होने पर गर्व है और मैं इसके लिए आभारी हूं.

मेरे फैसलों के लिए मेरा परिवार जिम्मेदार नहीं है, बल्कि मैं खुद जिम्मेदार हूं. कृपया उन्हें प्राइवेसी दें.

एनवीडिया ने शुरू की जांच

रविवार को जारी एक बयान में, एनवीडिया बोर्ड ने एक स्वतंत्र जांच शुरू करने की घोषणा की. यह कदम  उन खबरों के मद्देनजर उठाया गया है, जिनमें कहा गया है कि कंपनी के संस्थापक और सीईओ जेन्सेन हुआंग को एक विदेशी खुफिया एजेंसी ने निशाना बनाया है. बोर्ड ने कहा कि उनके पास ऐसा मानने का कोई कारण नहीं है कि राष्ट्रीय सुरक्षा या कंपनी के गोपनीय रहस्यों से कोई समझौता हुआ है, लेकिन इस जांच में उपलब्ध सभी जानकारियों की समीक्षा की जाएगी.
 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Rachit Kumar

Rachit Kumar

रचित कुमार जी न्यूज डिजिटल में असिस्टेंट एडिटर हैं. देश, दुनिया और डिफेंस की खबरों को आसान भाषा में बताने में महारत हासिल है. जी न्यूज से मई 2022 में जुड़े और शिफ्ट देखने का 12 साल से ज्यादा का अनुभव है. जी न्यूज में Best Performer अवॉर्ड भी मिल चुका है. जी न्यूज, आजतक और एबीपी न्यूज में शिफ्ट देखते हुए महामहिम, बिहार के बाहुबली सीरीज शुरू की और कई एक्सप्लेनर खबरों पर काम किया.  इंडिया न्यूज और जनसत्ता में शिफ्ट देखने के साथ-साथ ट्रैफिक लाने वाली खबरों को तवज्जो दी. नवभारत टाइम्स से करियर की शुरुआत हुई और वहां तकरीबन ढाई साल तक फ्रंट पेज 2 और देश-विदेश के पन्नों की जिम्मेदारी संभाली. जर्नलिज्म में पोस्टग्रेजुएट और IIMC से डिप्लोमा करने  वाले रचित कुमार 13 साल से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रहे हैं. आप Rachit.kumar@India.com पर सीधे ईमेल कर इनसे जुड़ सकते हैं. 
Read More