App

महंगी दवाओं पर प्रहार, सस्ता होगा कैंसर का इलाज: सरकार ने 137 एंटी-कैंसर दवाओं की कीमतों में की कटौती, नई कीमतें आज से लागू

कैंसर के मरीजों को सोमवार (09 नवंबर) से बड़ी राहत मिलने जा रही है. कैंसर के उपचार में इस्तेमाल की जाने वाली कम से कम 137 कैंसर-रोधी दवाओं की कीमतों में कटौती की गई. नई कीमतें आज से लागू हो रही हैं.

महंगी दवाओं पर प्रहार, सस्ता होगा कैंसर का इलाज: सरकार ने 137 एंटी-कैंसर दवाओं की कीमतों में की कटौती, नई कीमतें आज से लागू
Image Credit: 137 कैंसर की दवाएं आज से होंगी सस्ती

कैंसर का इलाज करा रहे मरीजों और उनके परिजनों के लिए एक राहत भरी खबर है. राष्ट्रीय औषधि मूल्य निर्धारण प्राधिकरण (एनपीपीए) ने कैंसर के उपचार में इस्तेमाल की जाने वाली 137 कैंसर रोधी दवाओं की कीमतों में कटौती की है. नई कीमतें आज से लागू हो गई है. सरकार की ओर से इन दवाओं की बिक्री पर होने वाले मुनाफे पर एक अधिकतम सीमा तय कर दी है.

दरअसल, सरकार के इस फैसले का सीधा असर दवाओं की कीमतों पर होगा. नई कीमतों के लागू होने के बाद कैंसर के उपचार में इस्तेमाल की जाने वाली कई जरूरी दवाएं अब 96 प्रतिशत तक सस्ती हो गई हैं. मरीजों के लिए नई कीमतें आज से लागू हो गई हैं.

आज से सस्ती मिलेंगी कैंसर की दवाएं

स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय की खास समिति की सलाह पर यह अहम फैसला लिया गया है. इस समिति का गठन स्वास्थ्य सेवा महानिदेशालय ने 17 अक्टूबर को किया गया था. इस फैसले का असल उद्देश्य जीवन रक्षक दवाओं को आम लोगों तक की पहुंच में लाना है.

रसायन एवं उर्वरक मंत्रालय ने हाल में ही बताया कि अभी तक देश के 76 दवा कंपनियों ने सरकार को नई कीमतों की सूची भेज दी है. कंपनियों ने 121 दवाओं के अंतर्गत आने वाली 1225 फार्मूले के नए MRP की जानकारी दी है.

सरकार के नए फैसले के बाद 1031 कैंसर की दवाओं के MRP में कमी देखने को मिली है.  सबसे बड़ी राहत है कि करीब 600 ब्रांड्स की दवाएं ऐसी हैं, जिनकी कीमत 50 प्रतिशत से भी कम हो गई है. कुछ दवाओं में अधिकतम कमी 96 प्रतिशत के करीब देखने को मिली है.

इन दवाओं की कीमतों में भारी कमी

प्रोस्टेट कैंसर के इलाज में इस्तेमाल की जाने वाली अरविंकेयर फार्मा की दवा 'एबिरोन' का दाम 41 हजार रुपये से गिरकर 3 हजार रुपये होने की संभावना है. वहीं, स्तन कैंसर में इस्तेमाल की जाने वाली पैल्वोप्रो कैप्सूल की कीमत 40 हजार रुपये से कम होकर 2700 रुपये हो सकती है. इसके अलावा रिलायंस लाइफ साइंसेज कंपनी की दवा 'डेनऑस्टियोरेल' 24 हजार रुपये से कम होकर 6 हजार रुपये होने की संभावना है.

मेडिकल स्टोर और अस्पतालों के लिए सख्त होंगे नियम

दवाओं की कीमतों में कमी के बा सरकार ने सभी खुदरा विक्रेताओं, डीलरों, अस्पतालों और चिकित्सा संस्थानों को सख्त निर्देश दिए हैं. सरकार ने स्पष्ट किया है कि सभी दवा विक्रेताओं को अपने अस्पताल परिसर और वेबसाइट पर दवाओं की नई एमआरपी लगानी होगी. वहीं, राज्य के औषधि नियंत्रक (ड्रग कंट्रोलर) लगातार इस बात की निगरानी करेंगे. 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

abhinav tripathi

abhinav tripathi

अभिनव त्रिपाठी जी न्यूज हिंदी में बतौर सब एडिटर कार्यरत हैं।  पत्रकारिता के क्षेत्र में 3 साल से अधिक समय का अनुभव रखते हैं। डेस्क पर रियल टाइम की देश-विदेश की खबरों को कवर करते हैं। राष्ट्रीय राजनीति और अंतरराष्ट्रीय खबरों को लिखना पसंद है। वैश्विक घटनाक्रम के किसी भी जटिल मुद्दे को आसान भाषा में समझाना अच्छी तरीके से आता है। इससे पहले जागरण डॉट कॉम के साथ सब एडिटर के तौर पर काम कर चुके हैं।  करियर की शुरुआत एक सैटेलाइट चैनल से की थी। पत्रकारिता की पढ़ाई काशी विद्यापीठ वाराणसी से की है। 
Read More