)
राजस्थान की राजनीति से एक दुखद खबर सामने आई है. बहरोड़ से विधायक और राजस्थान सरकार में पूर्व कैबिनेट मंत्री रहे डॉ. जसवंत यादव का निधन हो गया. लंबे समय से अस्वस्थ चल रहे डॉ. यादव ने बीते दिन यानी 8 नवंबर को जयपुर के महात्मा गांधी अस्पताल में अंतिम सांस ली. उनके निधन की खबर से बहरोड़ सहित अलवर और आसपास के क्षेत्रों में शोक की लहर फैल गई. राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोगों ने उनके निधन पर दुख जताया.
डॉ. जसवंत यादव के बेटे मोहित यादव ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए उनके निधन की जानकारी साझा की थी. उनके पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन के लिए अलवर स्थित उनके आवास जसवंत नगर में रखा गया. आज यानी 9 नवंबर को अंतिम संस्कार की तैयारी की गई हैं. परिवार, समर्थकों और क्षेत्र के लोगों की मौजूदगी में उन्हें अंतिम विदाई दी जाएगी.
मुख्यमंत्री ने जताया शोक
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने डॉ. जसवंत यादव के निधन पर शोक व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि दुख की इस घड़ी में उनकी संवेदनाएं शोकाकुल परिवार के साथ हैं. मुख्यमंत्री ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने और परिजनों एवं समर्थकों को यह दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की.
2023 में चौथी बार बने थे विधायक
डॉ. जसवंत यादव ने 2023 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी के टिकट पर बहरोड़ सीट से चुनाव लड़ा था. उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी संदीप यादव को हराकर जीत दर्ज की और चौथी बार विधानसभा पहुंचे. उनका राजनीतिक सफर छात्र राजनीति से शुरू होकर विधायक, सांसद और राजस्थान सरकार में कैबिनेट मंत्री तक पहुंचा.
छात्र राजनीति से शुरू हुआ था राजनीतिक सफर
डॉ. जसवंत यादव ने 1980 के दशक में दिल्ली यूनिवर्सिटी की छात्र राजनीति से अपनी पहचान बनाई थी. वे छात्र संघ के उपाध्यक्ष चुने गए थे. इसके बाद उन्होंने कांग्रेस के साथ सक्रिय राजनीति शुरू की. 1985 में उन्होंने कांग्रेस के टिकट पर मुंडावर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा, लेकिन हार का सामना करना पड़ा. 1990 में तिजारा विधानसभा सीट पर उपचुनाव में भी उन्हें सफलता नहीं मिली. 1993 में उन्हें जिला कांग्रेस कमेटी, अलवर का अध्यक्ष बनाया गया. 1998 में मुंडावर सीट से चुनाव जीतकर पहली बार विधायक बने.
कांग्रेस छोड़ बीजेपी में हुए थे शामिल
1999 में डॉ. जसवंत यादव कांग्रेस छोड़कर बीजेपी में शामिल हो गए. इसी साल उन्होंने बीजेपी के टिकट पर अलवर लोकसभा सीट से चुनाव लड़ा और सांसद निर्वाचित हुए. इसके बाद 2003 और 2013 में बहरोड़ विधानसभा सीट से जीत दर्ज कर विधायक बने.
वसुंधरा सरकार में संभाली कैबिनेट मंत्री की जिम्मेदारी
2016 से 2018 तक उन्होंने तत्कालीन मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे की सरकार में कैबिनेट मंत्री के रूप में जिम्मेदारी संभाली. हालांकि, 2018 उनके राजनीतिक सफर के लिए चुनौतीपूर्ण रहा. इस साल अलवर लोकसभा उपचुनाव और बहरोड़ विधानसभा चुनाव में उन्हें हार का सामना करना पड़ा. इसके बाद 2023 में बीजेपी के टिकट पर बहरोड़ से जीत दर्ज कर उन्होंने एक बार फिर विधानसभा में वापसी की. डॉ. जसवंत यादव के निधन से बहरोड़ क्षेत्र में शोक का माहौल है.