App

सड़क पर पटाखे जलाने से रोका तो किया खूनी वार; दिवाली की रात पुलिस अफसर की पीट-पीटकर हत्या

तमिलनाडु में एक दर्दनाक मामला सामने आया है. यहां एक पुलिसवाले ने सड़क रोककर पटाखे जला रहे युवाओं को रोकने की कोशिश की तो उन्होंने उसकी पीट-पीटकर हत्या कर दी. इस घटना के बाद इलाके में अतिरिक्त पुलिसबल तैनात किया गया है.

सड़क पर पटाखे जलाने से रोका तो किया खूनी वार; दिवाली की रात पुलिस अफसर की पीट-पीटकर हत्या
Image Credit: इस घटना से परिवार में मातम छा गया है.

तमिलनाडु के थेनी जिले में दिवाली समारोह के दौरान नशे में धुत युवकों के एक ग्रुप ने पुलिस के विशेष उपनिरीक्षक (एसएसआई) की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी. घटना रविवार देर रात समाधर्मापुरम इलाके में हुई. पुलिस ने इस मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया है.
मृतक पुलिस अधिकारी की पहचान सेंथिल कुमार के रूप में हुई है. जानकारी के मुताबिक, दिवाली समारोह के दौरान सड़क पर हुए विवाद के बाद युवकों के समूह ने उन पर हमला कर दिया. हमले में उन्हें गंभीर चोटें आईं.

शुरुआती जानकारी के अनुसार, युवकों का एक ग्रुप सड़क पर रास्ता रोककर पटाखे फोड़ रहा था. इस दौरान कुछ युवक सोशल मीडिया के लिए रील भी बना रहे थे. इसी गतिविधि को लेकर पुलिस अधिकारी और युवकों के बीच कहासुनी हो गई. देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और समूह के सदस्यों ने कथित तौर पर अधिकारी की पिटाई कर दी.

पुलिस ने 4 लोगों को किया गिरफ्तार

हमले में गंभीर रूप से घायल सेंथिल कुमार को अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन इलाज मिलने से पहले ही उनकी मौत हो गई. घटना के बाद पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार किया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है, ताकि हमले की पूरी परिस्थितियों का पता लगाया जा सके और इसमें शामिल अन्य लोगों की पहचान की जा सके.

सेंथिल कुमार को थी दिल की बीमारी

साउथ जोन के IG विजयेन्द्र बिदारी ने बताया, 'थेनी जिले में DSP कार्यालय में तैनात SSI सेंथिल कुमार अपनी ड्यूटी पूरी करने के बाद सादे कपड़ों में घर लौट रहे थे. रास्ते में उन्होंने देखा कि कुछ युवक एक सड़क पर पटाखे फोड़ रहे थे, जहां से आम लोग आ-जा रहे थे. SSI सेंथिल कुमार ने उन्हें सड़क से हटने के लिए कहा, ताकि लोगों को कोई परेशानी न हो. उन्होंने अपने मोबाइल फोन से उनकी गतिविधियों को रिकॉर्ड करने की भी कोशिश की. जब उन्होंने एक युवक को पकड़ने की कोशिश की, तो एक शख्स ने उन्हें अपनी कोहनी से मारा, जिससे उनका संतुलन बिगड़ गया और वे जमीन पर गिर पड़े. गश्त कर रही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले गई. हालांकि, तमाम कोशिशों के बावजूद उनकी मौत हो गई. घटना स्थल का मुआयना करने के बाद, थेनी जिले के SP ने बताया कि इस मामले में इलाके के 4 लोगों को गिरफ्तार किया गया है. गौरतलब है कि मृतक SSI सेंथिल कुमार को पहले से ही दिल की बीमारी थी.'

थेनी के पुलिस अधीक्षक प्रवीण गौतम ने घटनास्थल का दौरा किया और सीनियर अधिकारियों के साथ स्थिति का जायजा लिया.जांचकर्ताओं ने घटनाक्रम का पता लगाने और आरोपियों की भूमिका तय करने के लिए आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज भी जुटाए हैं. किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति को रोकने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए रातभर समाधर्मापुरम में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया.

पुलिसकर्मियों की सुरक्षा पर सवाल

दिवाली समारोह के दौरान ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारी की हत्या की घटना से इलाके में सदमे और चिंता का माहौल है. इस घटना ने पुलिसकर्मियों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े किए हैं. यह घटना थेनी जिले की थेक्कमपट्टी जेल में हुई बड़ी सुरक्षा चूक के दो सप्ताह से भी कम समय बाद सामने आई है. 26 अक्टूबर को 17 विचाराधीन कैदी कथित तौर पर जेल कर्मचारियों पर हमला करने के बाद फरार हो गए थे. हालांकि, बाद में सभी 17 कैदियों को दोबारा हिरासत में ले लिया गया था.

इस मामले में जेल के नौ कर्मचारियों को निलंबित किया गया था. वहीं, राज्य सरकार ने सुरक्षा में हुई चूक की जांच और सुधारात्मक उपायों की सिफारिश के लिए रिटायर्ड डीजीपी जेके त्रिपाठी की अध्यक्षता में एक हाईलेवल कमेटी का गठन किया था. थेनी में लगातार सामने आई इन दोनों घटनाओं के बाद जिले की पुलिसिंग और सुरक्षा व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में है.
 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Rachit Kumar

Rachit Kumar

रचित कुमार जी न्यूज डिजिटल में असिस्टेंट एडिटर हैं. देश, दुनिया और डिफेंस की खबरों को आसान भाषा में बताने में महारत हासिल है. जी न्यूज से मई 2022 में जुड़े और शिफ्ट देखने का 12 साल से ज्यादा का अनुभव है. जी न्यूज में Best Performer अवॉर्ड भी मिल चुका है. जी न्यूज, आजतक और एबीपी न्यूज में शिफ्ट देखते हुए महामहिम, बिहार के बाहुबली सीरीज शुरू की और कई एक्सप्लेनर खबरों पर काम किया.  इंडिया न्यूज और जनसत्ता में शिफ्ट देखने के साथ-साथ ट्रैफिक लाने वाली खबरों को तवज्जो दी. नवभारत टाइम्स से करियर की शुरुआत हुई और वहां तकरीबन ढाई साल तक फ्रंट पेज 2 और देश-विदेश के पन्नों की जिम्मेदारी संभाली. जर्नलिज्म में पोस्टग्रेजुएट और IIMC से डिप्लोमा करने  वाले रचित कुमार 13 साल से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रहे हैं. आप Rachit.kumar@India.com पर सीधे ईमेल कर इनसे जुड़ सकते हैं. 
Read More

ट्रेंडिंग

  • न्यूज़
  • फोटो
  • वीडियो