App

खंडार में दिवाली पर दुकान में लगी आग: जान की बाजी लगाकर अंदर घुसा कांस्टेबल, झुलसे दोनों हाथ

दीपावली की रात सवाई माधोपुर के खंडार कस्बे में एक सब्जी की दुकान में आग लग गई. सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए आग बुझाई. इस दौरान कांस्टेबल रामेश्वर तंवर अपनी जान की परवाह किए बिना दुकान में घुसे और आग बुझाने में जुट गए. आग की चपेट में आने से उनके दोनों हाथ झुलस गए. करीब 15 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया.

खंडार में दिवाली पर दुकान में लगी आग: जान की बाजी लगाकर अंदर घुसा कांस्टेबल, झुलसे दोनों हाथ
Image Credit: कांस्टेबल रामेश्वर तंवर

सवाई माधोपुर जिले में जहां एक ओर आमजन दीपावली का त्योहार खुशियों और उत्साह के साथ मना रहा था, वहीं पुलिसकर्मी अपनी ड्यूटी निभाते हुए लोगों की सुरक्षा में जुटे थे. इसी दौरान खंडार कस्बे के शुक्ला चौराहा स्थित एक सब्जी की दुकान में आग लग गई. सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए आग पर काबू पाया. इस दौरान कांस्टेबल रामेश्वर तंवर ने अदम्य साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए अपनी जान की परवाह किए बिना दुकान में प्रवेश कर आग बुझाने में अहम भूमिका निभाई. आग बुझाने के प्रयास में उनके दोनों हाथ झुलस गए और छाले पड़ गए.

जानकारी के अनुसार, दीपावली के दिन दुकान मालिक ने शाम को दुकान में लक्ष्मी पूजन किया था. पूजन के बाद दुकान में जलती हुई कैंडल छोड़कर वह चला गया. रात करीब 9 बजे अचानक दुकान से धुआं उठने लगा और आग की लपटें दिखाई देने लगीं. बाजार से गुजर रहे राहगीरों ने दुकान में आग देखकर खंडार थाना पुलिस को सूचना दी.

गैस सिलेंडरों तक आग पहुंचने का था खतरा
सूचना पर एएसआई मुश्ताक खान पुलिस जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचे. दुकान के अंदर रखे बोरों और प्लास्टिक कैरेट में आग तेजी से फैल रही थी. आसपास हलवाई की दुकानें होने के कारण वहां रखे गैस सिलेंडरों तक आग पहुंचने का खतरा बना हुआ था. पुलिसकर्मियों ने दुकान का शटर खोलने का प्रयास किया, लेकिन आग की लपटों के कारण शटर गर्म हो चुका था. ऐसे में शटर खोलने में काफी मशक्कत करनी पड़ी.

दोनों हाथ झुलसे, फिर भी नहीं मानी हार
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कांस्टेबल रामेश्वर तंवर ने साहस दिखाया और सूझबूझ से शटर खोलकर दुकान के अंदर प्रवेश किया. उन्होंने पुलिस टीम के साथ मिलकर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया. इस दौरान आग की चपेट में आने से उनके दोनों हाथ झुलस गए और छाले पड़ गए. बावजूद इसके पुलिसकर्मियों ने हिम्मत नहीं हारी और करीब 15 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया.

समय रहते आग बुझने से टला बड़ा हादसा
समय रहते आग बुझने से पास की दुकानों और गैस सिलेंडरों तक आग पहुंचने से बच गई और एक बड़ा हादसा टल गया. इसके बाद झुलसे कांस्टेबल रामेश्वर तंवर को अस्पताल पहुंचाकर उपचार करवाया गया. दीपावली के दिन कर्तव्य के प्रति उनकी निष्ठा, बहादुरी और तत्परता की क्षेत्र में सराहना हो रही है. जब लोग अपने परिवारों के साथ त्योहार मना रहे थे, तब पुलिसकर्मी अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए लोगों की सुरक्षा में जुटे रहे.

Report-Abhinav Agrawal

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Zee Rajasthan Web Team

Zee Rajasthan Web Team

राजस्थान की सबसे भरोसेमंद और तेज़ डिजिटल न्यूज़ डेस्क. प्रामाणिक खबरें, राजनीतिक हलचल, लोकल अपडेट्स, ब्रेकिंग न्यूज़ और हर ज़िले की हर बड़ी गतिविधि सबसे पहले और सटीक अंदाज़ में. जुड़े रहिए हमारे साथ—सच बेबाक, राजस्थान तक
Read More