)
बॉलीवुड में कोई फिल्म डायरेक्टर अपनी फिल्म की सफलता के लिए बड़े स्टार्स, बड़े बजट और हिट फॉर्मूले पर ही भरोसा करता है, लेकिन एक फिल्ममेकर ऐसा भी है, जिसने अपनी एक अलग पहचान बनाई है और अपनी एक अलग राह बनाई है. जिस फिल्ममेकर की हम बात कर रहे हैं, वे कोई और नहीं बल्कि विवेक अग्निहोत्री हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत 'चॉकलेट' और 'हेट स्टोरी' से की थी, जिसके बाद 'द ताशकंद फाइल्स' और 'द कश्मीर फाइल्स' जैसी फिल्मों से खास पहचान मिली.
डायरेक्टर विवेक अग्निहोत्री आज किसी पहचान के मोहताज नहीं हैं. 10 नवंबर को डायरेक्टर अपना जन्मदिन सेलिब्रेट करेंगे. वे 53 साल के हो जाएंगे. ऐसे में उनके जन्मदिन के खास मौके पर हम आपको बताते हैं कि आखिर क्यों विवेक अग्निहोत्री ने बॉलीवुड के फॉर्मूले से दूरी बनाई और अपनी शर्तों पर फिल्में बनाईं. क्यों उन्हें 'एकला चलो रे' का रास्ता पसंद है?
डायरेक्टर विवेक अग्निहोत्री को सबसे ज्यादा पहचान फिल्म 'द बंगाल फाइल्स' से मिली है. यह फिल्म 1946 के 'ग्रेट कलकत्ता किलिंग्स' (कलकत्ता के भीषण नरसंहार) पर आधारित पॉलिटिकल ड्रामा है, जो उनकी 'फाइल्स' फ्रेंचाइजी की तीसरी फिल्म थी. इससे पहले 'द ताशकंद फाइल्स' और 'द कश्मीर फाइल्स' आ चुकी हैं. रिलीज से पहले ही यह फिल्म विवादों में आ गई थी और इसके ट्रेलर को लेकर ऑनलाइन काफी बहस छिड़ गई थी. इस दौरान विवेक अग्निहोत्री ने एनडीटीवी के साथ एक खास इंटरव्यू में अपनी फिल्म की आलोचनाओं, मुख्यधारा के बॉलीवुड से बाहर काम करने के अकेलेपन और इस बारे में बात की कि क्यों वे अपनी पत्नी और सहयोगी पल्लवी जोशी के साथ मिलकर अपने अलग रास्ते पर चलना जारी रखे हुए हैं.

विवेक अग्निहोत्री ने बताया था कि 'मैं राजनीतिक फिल्में बनाता हूं. मैं कोई राजनेता नहीं हूं. मुझे पता था कि विरोध होगा. मुझे पता था कि लोग इसे प्रोपेगैंडा कहेंगे. वे इसे बीजेपी से जोड़ेंगे. वे इसे 'राइट विंग' (दक्षिणपंथी) कहेंगे. मुझे इन सबकी उम्मीद थी, लेकिन उन्हें जो बात हैरान कर गई, वह थी फिल्म के प्रमोशन को रोकने की कोशिश.' उन्होंने बताया था कि 'मैंने कभी नहीं सोचा था कि कोई किसी फिल्म के ट्रेलर पर भी रोक लगा सकता है. मैंने सपने में भी ऐसा नहीं सोचा था.'
विवेक अग्निहोत्री ने बताया कि उन्हें ऐसी कहानियां सुनाना पसंद है, जिनसे अक्सर लोग कतराते हैं. उन्होंने कहा, 'मैं अपने फिल्म निर्माण करियर में ऐसी फिल्में बनाना पसंद करूंगा जो वर्जित विषयों (taboo subjects) पर हों और कड़वे सच सामने लाएं, बजाय इसके कि दर्शकों को एक ऐसी काल्पनिक दुनिया में ले जाऊं जहां सब कुछ ठीक-ठाक लग रहा हो.' दुनिया भर के सिनेमा का उदाहरण देते हुए उन्होंने आगे कहा, 'विश्व युद्ध पर सैकड़ों फिल्में बनी हैं. तो फिर किसी त्रासदी पर कम से कम एक फिल्म क्यों नहीं बन सकती? अगर 'डायरेक्ट एक्शन डे' या नोआखली में हिंदुओं का नरसंहार न हुआ होता, तो देश का बंटवारा भी नहीं होता.'
वहीं, जब पल्लवी जोशी से मुख्यधारा के बॉलीवुड का हिस्सा न होने की चुनौतियों के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने माना कि इसमें अकेलापन महसूस होता है. उन्होंने कहा, 'हां, यह एक अकेला रास्ता है, लेकिन यह वह रास्ता है जिसे हमने खुद चुना है. इसलिए हम यह उम्मीद नहीं करते कि कोई हमारा हाथ थामेगा या हमारी फिल्म के बारे में ट्वीट करके कहेगा, 'वाह, इन्होंने कितनी शानदार फिल्म बनाई है. उम्मीद है कि इससे उन्हें खुशी मिलेगी, खूब पैसा कमाएंगे और फिल्म सिल्वर जुबली मनाएगी.'

डायरेक्टर विवेक अग्निहोत्री ने इस बात पर भी चर्चा की कि 'द कश्मीर फाइल्स' के बाद चीजें कैसे बदलीं. उन्होंने कहा, 'द कश्मीर फाइल्स' के तुरंत बाद कई दरवाजे खुले, लेकिन यह आपकी अपनी पसंद है कि आप उन दरवाजों से अंदर जाना चाहते हैं या नहीं.' मुख्यधारा के हलकों से मिलने वाले प्रस्तावों को स्वीकार करने के बजाय, विवेक अग्निहोत्री ने स्वतंत्र रहना चुना है. उन्होंने कहा, 'मैं गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर के मंत्र 'एकला चलो रे' का पालन करता हूं. मैं अकेले चलता हूं. मैं अकेले रहता हूं और मुझे अकेले रहने में मजा आता है. आप पर कोई बोझ नहीं होता और आपके आस-पास कोई नहीं होता. मेरा मतलब है कि पल्लवी और मैं पार्टियों में नहीं जाते. हमारे बचपन के दोस्त हैं. बस इतना ही, यही हमारी दुनिया और हमारा परिवार है.'
उन्होंने आगे कहा कि यह आजादी उन्हें अपने विजन के प्रति सच्चे रहने में मदद करती है. निर्देशक ने अपनी बात पूरी करते हुए कहा, 'हमें अकेले रहना पसंद है क्योंकि इससे आप ऐसी फिल्में बनाने या ऐसी कहानियां सुनाने के दबाव से मुक्त हो जाते हैं, जो लोग सुनना चाहते हैं. जैसे राजनेता और धार्मिक नेता, वे आसान जवाब देते हैं. हमें कड़वे सच बताना पसंद है और 'एकला चलो रे' ही मेरा मंत्र है.'