)
यूपी की राजनीति में जुबानी जंग इन दिनों चरम पर है. चुनावी माहौल में नेता एक-दूसरे को घेर रहे हैं, जिससे पीछे सुभासपा (सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर भी नहीं हैं. उन्होंने समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव पर तीखा राजनीतिक प्रहार किया है. अंबेडकर नगर में मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने आगामी चुनावों, मतदाता सूची के प्रकाशन और अखिलेश यादव के पीडीए फॉर्मूले पर खुलकर अपनी बात की.
चुनाव अधिसूचना और मतदाता सूची पर बड़ा बयान
अंबेडकर नगर पहुंचे कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने आगामी चुनाव की संभावित समय-सीमा को लेकर स्पष्ट संकेत दिए. उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग की प्रक्रिया पूरी होने के बाद जल्द ही चुनावी गतिविधियां तेज होंगी. राजभर का कहना है कि 4 जनवरी तक मतदाता सूची (इलेक्टोरल रोल) पर काम चल रहा है. इसके बाद सूची प्रकाशित की जाएगी। उसके बाद मतदाताओं को आपत्तियां दर्ज कराने का समय दिया जाएगा, और अंत में अंतिम मतदाता सूची तैयार की जाएगी.
ओपी राजभर ने बताया कि अगर 4 तारीख तक अंतिम सूची तैयार हो जाती है, तो यह तय है कि पहले या दूसरे सप्ताह तक अधिसूचना जारी कर दी जाएगी.
अखिलेश यादव पर ओपी राजभर का पलटवार
अखिलेश यादव सोशल मीडिया पर लगातार वीडियो और पोस्ट कर रहे हैं, जिसको लेकर ओम प्रकाश राजभर ने चुटकी ली। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अखिलेश यादव चाहे कितने भी वीडियो बना लें और सोशल मीडिया पर पोस्ट कर लें, लेकिन इससे जमीनी हकीकत बदलने वाली नहीं है.
राजभर ने पुराने दिनों को याद करते हुए कहा कि पिछली बार भी उनके चुनाव प्रचार रथ पर यही धुन बज रही थी और नतीजे सबके सामने आए. असलियत यह है कि उनके अपने ही लोग यह सुनिश्चित करेंगे कि उनकी सरकार कभी न बने.
पीडीए फॉर्मूले पर उठाए सवाल
अखिलेश यादव के पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) पर निशाना साधते हुए सुभासपा प्रमुख ने तो यहां तक कह दिया कि सपा प्रमुख ने पीडीए कॉन्सेप्ट की शुरुआत तो बड़े जोर-शोर से की थी, लेकिन वे इसकी परिभाषा बार-बार बदलते रहे, और आखिर में यह कुछ और ही बन गया. जिसे जनता पूरी तरह समझ चुकी है.