)
छठ पूजा की शुरुआत 13 नवंबर से होने जा रही है, लेकिन अभी से ही हर कोई इस महापर्व में डूबता नजर आ रहा है. चारों तरफ केवल छठी मैया के गीत ही सुनाई दे रहे हैं. छठ पूजा लोकआस्था और सूर्य उपासना का सबसे बड़ा पर्व है और यह पूजा 4 दिन तक चलती है. इस पर्व की शुरुआत नहाय-खाय से होकर उगते सूर्य को अर्घ्य देने के बाद खत्म होती है. महापर्व को खासतौर पर बिहार, झारखंड, नेपाल और पूर्वी उत्तर प्रदेश में मनाया जाता है.
आम लोगों के साथ-साथ फिल्मी सितारे भी चार दिनों तक चलने वाले इस महापर्व को काफी श्रद्धा के साथ मनाते हैं. इसके साथ ही कई भोजपुरी सितारे भी हैं, जो हर साल छठी मैया की पूजा करते हैं. इनमें एक मुस्लिम एक्ट्रेस का नाम भी शामिल है, जो हर साल पूरी श्रद्धा से छठी मैया की पूजा करती हैं. आइए जानते हैं कौन है ये मुस्लिम हसीना-
दरअसल, हम जिस भोजपुरी हसीना की बात कर रहे हैं, वह कोई और नहीं बल्कि रानी चटर्जी हैं. उनका असली नाम सबीहा शेख है. रानी ने एच न्यूज भोजपुरी को दिए एक इंटरव्यू में बताया था कि वह हर धर्म का सम्मान करती हैं और हर साल छठ पूजा भी करती हैं. रानी ने कहा था, 'मुझे लगता है कि लोगों ने मुझे नमाज पढ़ते हुए शायद ही देखा होगा, लेकिन पूजा-पाठ करते अक्सर देखा होगा. मैं हमेशा से हर धर्म का दिल से सम्मान करती हूं. हर साल छठी मैया का आशीर्वाद भी लेती हूं.'
इतना ही नहीं, रानी चटर्जी छठ पूजा को काफी श्रद्धा से मनाती हैं और इसकी झलक उनके सोशल मीडिया अकाउंट पर भी देखने को मिलती है. एक्ट्रेस ने इंस्टाग्राम पर अपनी एक तस्वीर शेयर की हुई है, जिसमें वह ऑरेंज कलर की साड़ी और मांग में नारंगी रंग का सिंदूर लगाए नजर आ रही हैं, जो सूर्य की किरणों का प्रतीक है. यह रंग सूर्य की कृपा प्राप्त करने और सौभाग्य की कामना के लिए शुभ माना जाता है. इसे बिहार और उत्तर प्रदेश जैसे इलाकों में देखा जाता है.
वहीं, रानी चटर्जी ने एच न्यूज भोजपुरी को दिए इंटरव्यू में ही बताया था कि सोशल मीडिया पर उन्हें अक्सर उनके नाम और धर्म को लेकर ट्रोल भी किया जाता है. उन्होंने बताया था कि 'जब नई जनरेशन को पता चलता है कि मैं मुस्लिम हूं, तो वे सोशल मीडिया पर कमेंट और डीएम करके मुझे झूठी कहते हैं.' इतना ही नहीं, उन्होंने आगे बताया था कि 'वे आरोप लगाते हैं कि मैंने हिंदू धर्म का नाम इस्तेमाल किया है, लेकिन रानी नाम अपनाने के बाद भी मैंने कभी हिंदू धर्म का अपमान नहीं किया.'