)
नितेश तिवारी की 'रामायण' का दिवाली वीकेंड बॉक्स ऑफिस पर कमाल का रहा है और फिल्म बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचा रही है. ओपनिंग डे पर अच्छी शुरुआत के बाद दूसरे दिन कलेक्शन में थोड़ी गिरावट देखने को मिली थी, लेकिन तीसरे दिन फिल्म ने फिर रफ्तार पकड़ ली थी. इतना ही नहीं, अब रणबीर कपूर की 'रामायण: पार्ट 1' ने फर्स्ट मंडे पास कर लिया है और इस दिन रिकॉर्डतोड़ कमाई करके हर किसी को हिला दिया है. सोमवार को फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर ताबड़तोड़ कमाई की है. भारत में फिल्म 300 करोड़ रुपये का शानदार आंकड़ा पार कर चुकी है.
रणबीर कपूर, यश और साई पल्लवी स्टारर फिल्म 'रामायण' ने पहले ही दिन देशभर के सिनेमाघरों को हाउसफुल कर दिया था. फिल्म ने अपने ओपनिंग डे पर भारत में 64.85 करोड़ रुपये की कमाई के साथ खाता खोला था. इतना ही नहीं, 'रामायण' का ओपनिंग कलेक्शन बॉलीवुड इतिहास की अब तक की चौथी सबसे बड़ी ओपनिंग साबित हुआ है. इसके बाद थोड़ा उतार-चढ़ाव देखने को मिला. हालांकि, इसकी वजह शायद दिवाली का त्योहार भी हो सकता है, क्योंकि लोग दिवाली सेलिब्रेशन में बिजी थे. अब सोमवार को यानी रिलीज के पांचवें दिन 'रामायण' ने जबरदस्त कमाई की है.
ट्रेड वेबसाइट सैकनिल्क के आंकड़ों के मुताबिक, 'रामायण' ने रविवार को 56.15 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था, जिसके बाद सोमवार को फिल्म की कमाई में जबरदस्त बढ़त देखने को मिली. पांचवें दिन फिल्म ने 23,911 शोज से इंडिया में नेट 107.50 करोड़ रुपये का शानदार कलेक्शन किया और इंडिया में ग्रॉस 128.70 करोड़ रुपये की कमाई की है. इसी के साथ इंडिया में नेट कलेक्शन 346.35 करोड़ रुपये और इंडिया में ग्रॉस कलेक्शन 413.90 करोड़ रुपये हो गया है. फिल्म ने सबसे ज्यादा कलेक्शन हिंदी वर्जन में ही किया है.

नितेश तिवारी की 'रामायण' में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता, साउथ सुपरस्टार यश लंकापति रावण और रवि दुबे भगवान लक्ष्मण के किरदार में नजर आ रहे हैं. रावण के किरदार में सुपरस्टार यश को देखने के बाद भी कन्नड़ बॉक्स ऑफिस पर फिल्म का कुछ ज्यादा करिश्मा देखने को नहीं मिला. पांचवें दिन 'रामायण' पांच भाषाओं में दिखाई गई. इसकी कुल 107.50 करोड़ रुपये की कमाई में से हिंदी से 87.25 करोड़ रुपये, कन्नड़ से 7.50 करोड़ रुपये, तेलुगु से 6.00 करोड़ रुपये, तमिल से 4.00 करोड़ रुपये और मलयालम से 2.75 करोड़ रुपये का कलेक्शन हुआ है.
बता दें कि नितेश तिवारी की 'रामायण' के सोमवार दोपहर के वक्त बुकमायशो पर हर घंटे 1.37 लाख टिकटें बिक चुकी थीं. कोरोना महामारी के बाद यह किसी फिल्म की टिकट बिक्री का अब तक का सबसे बड़ा रिकॉर्ड है. इससे पहले सिर्फ दो ही फिल्में (धुरंधर 2 और पुष्पा 2) एक घंटे में 1 लाख से ज्यादा टिकटें बेच पाई थीं. अब इसमें 'रामायण' फिल्म का नाम भी जुड़ गया है.

वहीं, अगर 'रामायण' फिल्म के वर्ल्डवाइड कलेक्शन की बात करें, तो इसने दुनियाभर में चार दिनों में ही 500 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है. हालांकि, अभी पांचवें दिन के आंकड़े सामने नहीं आए हैं.
बता दें कि पहले सोमवार को सबसे ज्यादा कमाई करने का रिकॉर्ड रणवीर सिंह स्टारर फिल्म 'धुरंधर 2' के नाम था, जिसने बिना किसी छुट्टी वाले सोमवार को 60 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया था. अब रणबीर कपूर की 'रामायण' ने इस आंकड़े को आसानी से ध्वस्त कर दिया है.
Magnum opus. Spectacular. Epic. Brilliant. Ramayana is all of that and so much more. This is cinema at its very best. Absolutely loved it! Bravo, @malhotra_namit @niteshtiwari22, Ranbir Kapoor, @Sai_Pallavi92 and @raviedubey. And @TheNameIsYash, you absolutely rock as Ravana. What a powerful portrayal! I have a feeling it will be etched in the history of Indian cinema. A special mention to @AnupamPKher for his brilliant voice as Jatayu. It sets the tone beautifully and gives Jatayu that extraordinary presence of a guardian of the epic. And to the entire brilliant team behind VFX, sound, camera, sets, action etc for this magnificent vision and execution, congratulations! Salute, Team Ramayana.
— Vivek Ranjan Agnihotri (@vivekagnihotri) November 9, 2026
फिल्म निर्माता विवेक रंजन अग्निहोत्री ने एक्स पर लिखा, 'एक बेहतरीन कृति, शानदार, महाकाव्य, बेहतरीन, 'रामायण' यह सब है और इससे भी कहीं बढ़कर है. यह सिनेमा का सबसे बेहतरीन रूप है. मुझे यह बहुत पसंद आई. बहुत बढ़िया, नमित मल्होत्रा, नितेश तिवारी, रणबीर कपूर, साई पल्लवी और रवि दुबे और यश, रावण के किरदार में आपने कमाल कर दिया. क्या दमदार अभिनय है. मुझे लगता है कि यह भारतीय सिनेमा के इतिहास में हमेशा के लिए दर्ज हो जाएगी. जटायु के रूप में अपनी शानदार आवाज देने के लिए अनुपम खेर का विशेष उल्लेख. यह फिल्म के माहौल को बहुत खूबसूरती से सेट करता है और जटायु को एक संरक्षक के रूप में एक असाधारण उपस्थिति देता है. इसके साथ ही वीएफएक्स, साउंड, कैमरा, सेट, एक्शन आदि से जुड़ी पूरी शानदार टीम को इस बेहतरीन विजन और काम के लिए बधाई. 'रामायण' की पूरी टीम को सलाम.'
बता दें कि नमित मल्होत्रा के 'प्राइम फोकस स्टूडियोज' द्वारा DNEG और यश के 'मॉन्स्टर माइंड क्रिएशन्स' के सहयोग से बनाई गई 'रामायण' दो भागों वाली फिल्म सीरीज का पहला हिस्सा है. इस फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम के रूप में, साई पल्लवी सीता के रूप में, यश रावण के रूप में और रवि दुबे लक्ष्मण के रूप में नजर आएंगे. इसका पहला भाग 5 नवंबर 2026 को दुनिया भर में रिलीज हुआ, जबकि दूसरा भाग दिवाली 2028 में रिलीज होने वाला है.