App

बेटी के साथ घर के बाहर खड़ी थी मां, पटाखे का छर्रा गर्दन में धंसा, अस्पताल पहुंचते ही महिला ने तोड़ा दम

हरियाणा के जींद के सेक्टर-9 में दिवाली की रात एक दर्दनाक हादसा हो गया. घर के बाहर खड़ी 39 वर्षीय महिला पूनम के गले में पटाखे का छर्रा लग गया. इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई. परिजन उसे तुरंत नागरिक अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

बेटी के साथ घर के बाहर खड़ी थी मां, पटाखे का छर्रा गर्दन में धंसा, अस्पताल पहुंचते ही महिला ने तोड़ा दम
Image Credit: जींद की महिला के गले में पटाखे का छर्रा लगने से उसकी मौत हो गई

जींद के सेक्टर-9 में रविवार रात को मकान के बाहर खड़ी एक महिला की गर्दन के नीचे ठोड़ी के पास किसी पटाखे का छर्रा लग गया. इससे महिला गंभीर रूप से घायल हो गई. उसे नागरिक अस्पताल में दाखिल करवाया गया. यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. सूचना पाकर सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मृतका के शव का मेडिकल कालेज खानपुर में चिकित्सक बोर्ड से पोस्टमार्टम करा स्वजनों को सौंप दिया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

क्या है पूरा मामला? 

सेक्टर-9 निवासी संदीप ने बताया कि वो एक टावर कंपनी में इंजीनियर है. उसकी 39 साल की पत्नी पूनम रविवार रात को अपने मकान के बाहर दीवाली पर फोड़े जा रहे पटाखे देख रही थी. अचानक से किसी पटाखे का नुकीला छर्रा उसकी गर्दन में ठोड़ी के नीचे धंस गया. इससे कुछ खून निकला. पता चलने पर उसे रात में ही नागरिक अस्पताल में इलाज के लिए दाखिल करवाया गया. यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

डॉक्टरों के अनुसार, शरीर के अंदर खून का रिसाव होने से महिला की मौत हो गई. घटना की सूचना पाकर सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया. मृतका के पति संदीप ने पुलिस को बताया कि उसकी पत्नी पूनम गृहिणी थी. रात को उसकी पत्नी बेटी के साथ मकान के बाहर खड़ी हुई थी.

कैसे हुई मौत? 

त्योहार के कारण सड़क पर कुछ बच्चे पटाखे फोड़ रहे थे. उसकी पत्नी और बेटी कुछ ही दूरी पर खड़ी होकर देख रही थी. अचानक उसकी पत्नी की गर्दन के नीचे कुछ नुकीली वस्तु लग गई. इससे खून बहने लगा. बेटी के बताने पर वह मौके पर पहुंचा और अपनी पत्नी को नागरिक अस्पताल में दाखिल करवाया, यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने शव का मेडिकल कालेज खानपुर में चिकित्सक बोर्ड से पोस्टमार्टम करा कर परिवार वालों को सौंप दिया है.सिविल लाइन थाना प्रभारी मनीष कुमार ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही महिला की मौत के असली कारणों का पता चल सकेगा.

(जींद से गुलशन की रिपोर्ट)
 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Akanchha Singh

Akanchha Singh

जी-न्यूज में ट्रेनी सब एडिटर. वर्तमान में दिल्ली-एनसीआर हरियाणा डिजिटल टीम में दिल्ली-एनसीआर-हरियाणा की राजनीति, हाइपर लोकल, क्राइम की खबरों पर नजर. यूटिलीटी की खबरों में दिलचस्पी है. 2023 में संस्थान से जुड़े. माखन लाल चतुर्वेदी भोपाल से पत्रकारिता में डिग्री हासिल की.
Read More