)
बॉलीवुड की फेमस कोरियोग्राफर फराह खान अक्सर अपने मजाकिया अंदाज और बेबाक बातों के लिए जानी जाती हैं, लेकिन इन दिनों कोरियोग्राफर अपने यूट्यूब ब्लॉग को लेकर भी चर्चा में बनी रहती हैं. अपने ब्लॉग के लिए फराह अक्सर सितारों के घर अपने कुक दिलीप कुमार के साथ जाती हैं और मजेदार किस्से शेयर करती हैं. फराह खान अपने यूट्यूब चैनल के लेटेस्ट एपिसोड के लिए एक्ट्रेस अमायरा दस्तूर के मुंबई स्थित घर पहुंचीं.
एक्ट्रेस अमायरा ने फराह खान का स्वागत किया और दोनों ने फिल्म 'कुंग फू योगा' के सेट पर साथ काम करने की यादें ताजा कीं. फराह ने 'गूजबंप' (Goosebump) नाम के एक गाने की कोरियोग्राफी की थी, जिसमें अमायरा भी थीं. अमायरा ने बताया कि वह फराह से काफी डरी हुई थीं, और एक बार तो ऐसा मौका भी आया जब फराह की वजह से वह सेट पर लगभग रो ही पड़ी थीं.
अमायरा ने सेट पर हुई घटना को याद करते हुए कहा, "फराह का सेंस ऑफ ह्यूमर बहुत अच्छा है, लेकिन मुझे यह नहीं पता था। मैंने बस इतना सुना था कि फराह मैम आप पर चिल्ला सकती हैं, इसलिए कोई गलती मत करना. फिर वह मेरे पास आईं और बोलीं, 'बधाई हो!' तो मुझे लगा कि मैं बहुत अच्छा काम कर रही हूं. फिर उन्होंने कहा, 'तुम मेरी टाइटैनिक बनने वाली हो और मेरा करियर बर्बाद कर दोगी!'
यह याद करके फराह हैरान रह गईं और हंस पड़ीं. उन्होंने कहा कि जिन्हें भी कभी डांट पड़ी है, उन्होंने अपने करियर में अच्छा ही किया है. अमायरा ने इस बात से सहमति जताई और बताया कि 'हैप्पी न्यू ईयर' के सेट पर फराह ने बोमन ईरानी को भी डांटा था. फराह ने याद करते हुए बताया कि बोमन अपने किरदार में ढलने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन उन्हें लगा कि बोमन कोमा में चले गए हैं. उन्होंने बोमन से पूछा, 'क्या आप कुछ करेंगे या कोमा में ही रहेंगे?' फराह ने आगे बताया कि तब बोमन उठे और बोले कि वह बस अपने किरदार में रहने की कोशिश कर रहे थे.
बता दें कि फिल्म 'कुंग फू योगा' साल 2017 में रिलीज हुई थी. यह एक एक्शन-एडवेंचर कॉमेडी फिल्म है, जिसे स्टेनली टोंद ने लिखा और निर्देशित किया था. इसमें सोनू सूद और दिशा पाटनी भी नजर आए थे. यह भारत-चीन सह-निर्माण समझौते (को-प्रोडक्शन ट्रीटी) के तहत बनी पहली फिल्म थी.
वहीं, निर्देशक के तौर पर फराह की आखिरी फिल्म 2014 में आई 'हैप्पी न्यू ईयर' थी. उन्होंने 'सेलिब्रिटी मास्टरशेफ' को भी होस्ट किया था. उनका यूट्यूब चैनल, जहां वे अपने कुक दिलीप के साथ सेलिब्रिटी कुकिंग वीडियो पोस्ट करती हैं, दर्शकों के बीच काफी हिट हो गया है. अमायरा को आखिरी बार नेटफ्लिक्स पर रिलीज हुए शो 'चुंबक' में देखा गया था. इस शो में उन्होंने हुतोक्सी तारापोरवाला का किरदार निभाया है. शो में उनके साथ नीना गुप्ता, देवेन भोजानी और सुमीत व्यास भी हैं.