App

कर्तव्य की लड़ाई, दूसरी तरफ PM बनने का दबाव और अपनों का डर...वो रात जब सोनिया गांधी के भीतर चल रहा था द्वंद्व

हार्परकॉलिन्स इंडिया की ओर से पब्लिश अपनी किताब 'बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव' में सोनिया गांधी के जीवन, उन पर पीएम बनने का दबाव और निजी जिंदगी की कई अहम बातें सामने आई हैं.

कर्तव्य की लड़ाई, दूसरी तरफ PM बनने का दबाव और अपनों का डर...वो रात जब सोनिया गांधी के भीतर चल रहा था द्वंद्व
Image Credit: सोनिया गांधी के जीवन के कई अनछुए पहलुओं के बारे में जानकारी सामने आई है.

कई दशकों से, सोनिया गांधी भारत के सबसे चर्चित सियासी परिवारों में से एक का हिस्सा होने के बावजूद, अपनी निजी जिंदगी को बहुत ही गोपनीय रखने वाली शख्सियत रही हैं. उनका जीवन प्यार, असाधारण सुविधाओं, गहरे दुखों और लोगों की भारी उम्मीदों के बोझ से बना है. हार्परकॉलिन्स इंडिया की ओर से पब्लिश अपनी किताब 'बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव' में, वह उन तमाम धारणाओं से बाहर निकलकर अपनी कहानी खुद बताती हैं, जो दूसरों ने उनके बारे में गढ़ी थीं. यह एक ऐसा सफर है जो भारत से बहुत दूर, इटली के एक छोटे से शहर से शुरू होता है और भारत की सत्ता के केंद्र, नई दिल्ली में आकर पूरा होता है.

यह उन दुखद घटनाओं की भी कहानी है, जिन्होंने उनके जीवन की दिशा हमेशा के लिए बदल दी और उन्हें एक ऐसे राजनीतिक जीवन में धकेल दिया, जिसकी उन्होंने कभी कल्पना भी नहीं की थी. 'द इंडियन एक्सप्रेस' के मुताबिक, सोनिया गांधी उस अहम मोड़ के बारे में बताती हैं, जब उन्होंने अपनी पार्टी के प्रधानमंत्री बनने की गुजारिश को ठुकरा दिया था. उन्होंने यह भी बताया कि इस फैसले के पीछे क्या वजह थी.

वो झेल चुके थे दादी-पिता की हत्या का सदमा

उन्होंने बताया, 'चुनाव से कुछ महीने पहले, मैंने और मेरे बच्चों ने मेरे प्रधानमंत्री बनने की संभावना पर चर्चा की थी. उनमें से एक ने मुझसे सीधे तौर पर पूछा कि अगर हमारी पार्टी जीत जाती है, तो क्या मैं यह पद स्वीकार करूंगी? मैंने लगभग नाराजगी जताते हुए कहा, 'बिल्कुल नहीं!'. उन्होंने फिर पूछा,'क्या आप पक्के तौर पर कह रही हैं?' मैंने जोर देकर कहा, 'मैं बिल्कुल क्लियर हूं.' राहुल और प्रियंका, दोनों में से किसी को भी यह नहीं लगा कि मुझे प्रधानमंत्री बनना चाहिए. उन्होंने अपनी दादी और अपने पिता की बेरहमी से की गई हत्या का गहरा सदमा झेला था. उनके मन में, इस पद पर रहने का मतलब सीधे तौर पर खतरे का बढ़ जाना था. वे राहत महसूस कर रहे थे, और पहली बार इस सवाल पर खुलकर अपनी बात रखने के बाद, मुझे भी काफी हल्का महसूस हुआ, और बात वहीं खत्म हो गई. मैंने इसके बारे में फिर कभी किसी और से बात नहीं की.'

'हम लड़ रहे थे अस्तित्व की लड़ाई'

उन्होंने कहा, 'पूरे चुनाव के दौरान, जब भी सार्वजनिक रूप से मुझसे यह सवाल पूछा गया, तो मैंने कोई साफ जवाब नहीं दिया. हम अपने अस्तित्व की लड़ाई लड़ रहे थे और मुझे अपनी पार्टी को एकजुट रखना था, ताकि हम एक मजबूत टीम के रूप में अपने विरोधियों का डटकर सामना कर सकें. पार्टी के भीतर दावेदारों के बीच अगुआई को लेकर कोई खींचतान होने देना, हमारे लिए कोई विकल्प ही नहीं था. मैंने अपनी राय अपने तक ही सीमित रखी, यहां तक कि अपने सबसे करीबी सहयोगियों को भी इसके बारे में नहीं बताया. मुझे सहज रूप से ही पता था कि पिछली कांग्रेस सरकारों की विरासत को आगे बढ़ाने वाला शख्स ऐसा होना चाहिए, जिसे सरकार चलाने का लंबा अनुभव हो और जिसकी ईमानदारी पर कोई दाग न हो.'

'हर पल बदल रही थीं भावनाएं'

सोनिया गांधी ने आगे कहा,'कई साल पहले, जब मैंने उस सफर की पहली सीढ़ी चढ़ी थी, जो मुझे आज यहां तक ले आई है, तो मेरे दिल को पता था कि मेरे पति और मेरी सास मुझसे क्या उम्मीद करते होंगे. मैंने उनके प्रति, और उन सभी आदर्शों के प्रति अपने कर्तव्य को महसूस किया, जिनके लिए उन्होंने जीवन भर संघर्ष किया था. लेकिन उस समय मैं पूरी तरह उलझन में थी; मुझे अपने भीतर ही इस सवाल का जवाब खोजना था. मेरे मन का एक हिस्सा इस विचार को पूरी तरह खारिज कर रहा था, जबकि दूसरा हिस्सा मुझे मेरे कर्तव्यों की याद दिला रहा था. उन पार्टी कार्यकर्ताओं के प्रति, जिन्हें मेरे इनकार से दुख और निराशा होती, और उन लोगों के प्रति भी, जिन्होंने हमें अपना वोट दिया था. मेरी भावनाएं पल-पल बदल रही थीं. एक पल मुझे सब कुछ साफ लग रहा था, तो अगले ही पल मैं भारी दुविधा में थी.

गठबंधन के नेताओं के साथ एक बैठक तय हुई थी. उन्हें अगली दोपहर मेरे घर आना था. उन्होंने मेरे सहयोगियों को भरोसा दिलाया था, 'हम उन्हें मना लेंगे.' जब मैं उन पलों को याद करती हूं, तो वे एक अलग ही रफ्तार से मेरे सामने आते हैं, जैसे समय की परतें धीरे-धीरे खुल रही हों.

राजीव के रूम में नेताओं की बैठक

मानो कोई फिल्म 'स्लो मोशन' में चल रही हो, वे सारे दृश्य मेरी आंखों के सामने तैरने लगते हैं. मेरे घर के दूसरे छोर पर, राजीव के कॉन्फ्रेंस रूम में गठबंधन के कुछ नेताओं के साथ बैठक चल रही है. वे एक-एक करके एक घंटे से भी ज्यादा समय से बात कर रहे हैं, मुझसे उनके प्रस्ताव को मान लेने की गुजारिश कर रहे हैं, और मैं चुपचाप सुन रही हूं. जब चर्चा खत्म होती है, तो वे जवाब के लिए मेरी ओर देखते हैं. मैं पूरी हिम्मत जुटाती हूं और अपनी बात रखती हूं.

'सबने मुझे घेर लिया, लगाए नारे'

उनके बीच हंगामा मच जाता है; वे सब खड़े होकर मेरी ओर बढ़ने लगते हैं. मैं भी खड़ी हो जाती हूं. वे मुझे चारों तरफ से घेर लेते हैं. उनमें से एक कहता है,'हम इसे स्वीकार नहीं करेंगे.' दूसरा कहता है, 'मैडम, आप ऐसा फैसला नहीं ले सकतीं.' उनका लहजा बहुत सख्त, लगभग आक्रामक है. 'हम 'नहीं' में जवाब स्वीकार नहीं करेंगे.' मैं अंदर तक हिल जाती हूं. मुझे लगता है कि मुझ पर भारी दबाव डाला जा रहा है. 'ठीक है,' मैं लगभग न सुनाई देने वाली आवाज़ में बुदबुदाती हूं. वहां मौजूद नेता मेरी बात पूरी होने का इंतजार भी नहीं करते, और एक-एक करके मुझे बधाई देने लगते हैं.

तभी कोई कहता है, 'वह मान गई हैं, वह मान गई हैं,'. मैं बस सुन्न होकर खड़ी रह जाती हूं, कुछ और कह पाने की स्थिति में नहीं. नेता संतुष्ट होकर चले जाते हैं.

'उन्होंने मां से हां कहलवा ली, फिर बिफरे राहुल'

सोनिया गांधी ने आगे कहा,'मैंने ध्यान नहीं दिया था कि कॉन्फ्रेंस रूम की खिड़कियां खुली थीं, और प्रियंका उनमें से एक के बाहर खड़ी थी. उसने बाद में मुझे बताया कि वह पूरे समय वहीं खड़ी रही. जब कमरे में मौजूद आदमियों ने मुझे घेर लिया, तो उसे समझ आ गया कि मुझ पर दबाव डालकर मेरी सहमति ली जा रही है. वह रोते हुए, आंसू पोंछती हुई, राहुल को ढूंढ़ने के लिए घर के अंदर भागी. जब वह राहुल के कमरे में पहुंची, तो वह वहीं थे. अपनी बहन को इतना परेशान देखकर वह घबरा गए और पूछा, 'क्या हुआ?' प्रियंका ने कहा, 'उन्होंने हां कहलवा ली! वे सब मां को घेरे हुए हैं, उन्होंने हां कह दी है! इसके बाद राहुल ने कहा,'उन्होंने यह क्या कर दिया! वह कहां हैं?' 

फिर वे दोनों परेशान चेहरों के साथ मेरी ओर तेजी से आए,मेरे वे दो बच्चे, जो पिता की मृत्यु के बाद खुद को मेरा रक्षक मानते थे. गठबंधन के नेताओं के आक्रामक बर्ताव से मैं पहले ही बहुत थक चुकी थी; अब मुझे उनका सामना करना था.

राहुल ने इसके बाद कड़क आवाज में पूछा-'आपने हां कह दी?' मैंने जवाब दिया,'वे मेरी बात सुन ही नहीं रहे थे. मैं ऐसा नहीं करना चाहती, तुम्हें पता है न! मुझ पर दबाव डाला जा रहा था.' राहुल ने पूछा-'दबाव? आप पर दबाव डाला जा रहा है?' इसके बाद राहुल वहां से गुस्से में चले गए.

'किसी के दबाव में ऐसा मत कीजिए'

इसके बाद प्रियंका ने कहा, 'मां, आप तो हमेशा से इस बात को लेकर स्पष्ट रही हैं. किसी के दबाव में आकर ऐसा मत कीजिए. आपने जो तय किया है, वही करें. हम दोनों आपकी मदद के लिए यहां हैं.' उसकी आंखें लाल थीं, और मेरा भी रोने का मन कर रहा था. मैंने यह क्या कर दिया? अपने बेडरूम के दरवाजे पर, गलियारे की धुंधली रोशनी में खड़ी होकर, मुझे ऐसा महसूस हुआ मानो कोई बहुत बड़ी मुसीबत हमारे ऊपर मंडरा रही हो.

'मेरे मन में एक अजीब सी आशंका थी कि मेरे इस कदम के दूरगामी नतीजे होंगे. न केवल मेरी पार्टी के लिए, बल्कि पूरे भारत के लिए. हमें एक मजबूत और सक्षम शासन की जरूरत थी, जो भारत को बांटने वाली राजनीति से दूर ले जा सके. हमें सबसे ज्यादा जरूरत विकास और तरक्की की थी. राजनीति में मेरा आना इस पक्के विश्वास के साथ हुआ था कि अगर बीजेपी सत्ता में आती है, जिसे आरएसएस और उसके कई कट्टरपंथी संगठन बढ़ावा दे रहे हैं,तो वह समुदायों के बीच टकराव पैदा करेगी और संविधान को कमजोर कर देगी.'

पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा,'मैं अच्छी तरह जानती थी कि वे अभी जो शोर मचा रहे हैं, और चुनाव प्रचार के दौरान उन्होंने जो प्रोपेगेंडा फैलाया है, वह मेरे मान लेने से कम नहीं होने वाला था. बीजेपी और उसके सहयोगी दल निश्चित रूप से मेरे 'विदेशी मूल' के मुद्दे का इस्तेमाल करते; वे लोगों की भावनाओं को भड़काते और ऐसा हंगामा खड़ा कर देते कि अतीत की और आने वाले वर्षों की सारी अच्छी बातें उसी में दब जातीं. मैं प्रधानमंत्री का पद कैसे स्वीकार कर सकती थी, यह जानते हुए कि इससे मेरे देश को, उस देश को जिससे मैं प्यार करती हूं, चोट पहुंच सकती है? नहीं, कभी नहीं!

वो रात जब सोनिया ने लिया सबसे बड़ा फैसला

रात खत्म होने को थी. यह एक लंबी रात थी, जिसमें मैंने अपने मन को उन विचारों और भावनाओं से मुक्त किया जो मुझे परेशान कर रहे थे. प्रियंका और रॉबर्ट अपने घर चले गए. सुमन और मंजू गेस्ट रूम में सोने चले गए. राहुल अपने कमरे में थे.

मैं अपने बेडरूम में गई और हमेशा की तरह चुपचाप बिस्तर पर अपने पति की तरफ लेट गई. मेरे भीतर से एक आवाज आई, 'सोनिया, यह कितना बेतुका प्रस्ताव है. तुम्हारा जन्म और पालन-पोषण इटली में हुआ, और यहां तुम्हें दुनिया के दूसरे छोर पर बसे एक अरब से ज्यादा लोगों वाले देश का नेतृत्व करने के लिए चुना जा रहा है.' दूसरी आवाज ने जवाब दिया, 'यह तुम्हारा देश है; तुम्हारी पूरी वयस्क ज़िंदगी और तुम्हारी निष्ठा इसी के प्रति है. जब तुमने अपने प्रिय जीवनसाथी को खो दिया, तो इसी देश ने तुम्हें अपने गले लगा लिया, जैसे तुम उन्हीं में से एक हो. यहां के लोगों ने तुम्हें सांत्वना दी और बड़े-बड़े दुखों के समय तुम्हारा सहारा बने, जिन लोगों ने तुम पर और तुम्हारी पार्टी पर भरोसा जताया है, उनके प्रति अपनी जिम्मेदारी से तुम कैसे मुंह मोड़ सकती हो?'

'मुझे राजीव की बहुत याद आई'

 भावनाओं का एक सैलाब उमड़ पड़ा और मुझे राजीव की मौजूदगी की बहुत याद आई. जब मैं अत्यधिक थकान के कारण नींद में डूबने लगी, तो अचानक मेरे मन से शक का आखिरी अंश भी मिट गया.मैंने खुद से कहा, 'सोनिया, खुद के प्रति ईमानदार रहो, तुम हमेशा से यह जानती थी. बस, इसे छोड़ दो!' कुछ घंटों बाद मेरी नींद खुली, तो मैं सीधे अपने बेटे के कमरे में गई और दरवाजा खटखटाया. मैंने उससे कहा, 'मैंने फैसला कर लिया है. मैं अपने स्टैंड पर कायम रहूंगी.' वह मेरे पास आया, मुझे गले लगाया और बोला,'यह बिल्कुल सही फैसला है.' चुनाव के नतीजे आने के बाद पहली बार मुझे सुकून महसूस हुआ. अब कोई भी मुझे मेरे मकसद से डिगा नहीं पाएगा.

फिर हॉल ने किया सबसे बड़ा ऐलान

इसके बाद मैं तालियों की जोरदार गड़गड़ाहट के बीच हॉल में आई. संसद सदस्य अपनी-अपनी जगह पर खड़े हो जाते हैं और अपने सामने लगी लकड़ी की मेजों पर हाथ थपथपाने लगते हैं. मैं पार्टी नेताओं के लिए रखी लंबी मेज के बीच में अपनी जगह पर पहुंचकर तब तक खड़ी रहती हूं, जब तक कि कोई रुकने का इशारा नहीं करता. फिर हम सब अपनी-अपनी सीटों पर बैठ जाते हैं.

उनमें से एक शख्स एक भाषण पढ़कर सुनाता है, जिसमें मुझसे फिर से यह पद स्वीकार करने का अनुरोध किया जाता है. मुझे निराशा होती है, क्योंकि मैंने इस बैठक की कल्पना कुछ अलग तरह से की थी. मैंने सोचा था कि मैं बस अपना भाषण पढ़ूंगी और डॉ. मनमोहन सिंह को नॉमिनेट कर दूंगी. लेकिन यहां स्थिति कुछ और ही है; मैं अपने संसदीय साथियों के सिरों के ऊपर से देख रही हूं, जबकि एक के बाद एक कई भाषण दिए जा रहे हैं. हर कोई मुझे अपना फैसला बदलने के लिए मनाने की कोशिश कर रहा है, और हर भाषण पिछले वाले से भी ज्यादा जोरदार है. मैं उनकी भावनाओं से प्रभावित हूं, लेकिन पिछले कुछ दिनों के चिंतन ने मुझे वह स्पष्टता दे दी है, जिसकी मुझे जरूरत थी. मुझे पता है कि मैंने जो फैसला लिया है, वह पूरी तरह से मेरा अपना है.

'पीएम बनना मेरा लक्ष्य नहीं रहा'

मुझे पोडियम पर बुलाया जाता है. जैसे ही मैं वहां जाने के लिए उठती हूं, पूरी सभा तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठती है और सब लोग एक बार फिर खड़े हो जाते हैं. मैं अपना कागज निकालकर चश्मा पहनती हूं. इसके बाद, वहां एक अजीब सी खामोशी छा जाती है. पंखों की आवाज के बीच मुझे अपनी सांसों की आवाज भी सुनाई दे रही है। मैं सामने की पंक्ति में बैठे अपने बच्चों की ओर देखती हूं; प्रियंका की नजर मुझसे मिलती है और वह मुझे तसल्ली देने के लिए मुस्कुराती है. मैं अपना भाषण पढ़ना शुरू करती हूं:

'पिछले छह वर्षों से, जब से मैं राजनीति में हूं, एक बात मेरे लिए बिल्कुल स्पष्ट रही है. और वह यह है-जैसा कि मैंने कई बार कहा भी है कि प्रधानमंत्री का पद मेरा लक्ष्य नहीं है.

'मुझे हमेशा से यकीन था कि अगर कभी मैं आज जैसी स्थिति में पहुंचती हूं, तो मैं अपनी अंतरात्मा की आवाज सुनूंगी. आज वही आवाज मुझसे कह रही है कि मुझे विनम्रतापूर्वक इस पद को अस्वीकार कर देना चाहिए.'

मेरे कहते ही मच गया हंगामा: सोनिया गांधी

जैसे ही मैं ये शब्द कहती हूं, वहां भारी हंगामा मच जाता है. मेरे साथी अपनी सीटों से उठकर पोडियम को घेर लेते हैं. वे 'नहीं, नहीं, नहीं चिल्लाते हैं'. कुछ लोग तो बहुत जोश में आकर हाथ-पैर हिलाते हुए अपनी बात कह रहे हैं. मैं देखती हूं कि मेरे साथियों में से एक रोने लगा है, और दूसरा भी रोने लगता है. मुझे चक्कर आने लगता है और सांस लेने में दिक्कत होती है, इसलिए मैं अपनी बात बीच में ही रोक देती हूं. मैं पोडियम से पीछे हटने की कोशिश करती हूं, लेकिन मेरे चारों ओर लोग ही लोग हैं, और मैं बहुत बेचैन हो जाती हूं.

मेरे साथियों में से एक मेरा हाथ पकड़कर मुझे हॉल से बाहर ले जाता है ताकि मुझे थोड़ी राहत मिल सके। मेरे बच्चे भी मेरे पीछे-पीछे बाहर आ जाते हैं. वे कुछ पल मेरे साथ खड़े रहते हैं, और फिर मैं वापस हॉल में चली जाती हूं. मैं पोडियम पर पहुंचती हूं और अपनी बात फिर से शुरू करती हूं:

'आप सभी ने सर्वसम्मति से मुझे अपना नेता चुना है. ऐसा करके, आपने मुझ पर अपना भरोसा जताया है. इसी भरोसे की वजह से मुझ पर इतना दबाव आ गया है कि मुझे अपने फैसले पर फिर से विचार करना पड़ रहा है.

'फिर भी, मुझे उन उसूलों पर कायम रहना होगा, जिन्होंने हमेशा मेरा मार्गदर्शन किया है.सत्ता ने मुझे कभी आकर्षित नहीं किया, और न ही कोई पद पाना मेरा लक्ष्य रहा है.'

'मैं यह फैसला बदलने वाली नहीं हूं'

'मेरा मकसद हमेशा से हमारे देश की धर्मनिरपेक्ष नींव और यहाँ के गरीबों की रक्षा करना रहा है. यही वह आदर्श है जो इंदिरा जी और राजीव जी के लिए बहुत पवित्र था. हम इस लक्ष्य की दिशा में एक बड़ा कदम आगे बढ़े हैं.हमने एक सफल लड़ाई लड़ी है, लेकिन हमने अभी पूरी जंग नहीं जीती है. यह एक लंबा और कठिन संघर्ष है, और मैं पूरे संकल्प के साथ इसे जारी रखूंगी.''...लेकिन मैं आपसे अपील करती हूं कि आप मेरे पक्के इरादे को समझें. मैं आपसे अनुरोध करती हूं कि आप मेरे फैसले को स्वीकार करें और यह समझ लें कि मैं इसे बदलने वाली नहीं हूं.

उन्होंने आगे कहा,'इस नाजुक समय में हमारी सबसे बड़ी जिम्मेदारी यह है कि हम भारत को एक ऐसी धर्मनिरपेक्ष सरकार दें, जो मजबूत और स्थिर हो. साथियों, आपने मुझे अपना भरपूर समर्थन दिया है, और हर मुश्किल परिस्थिति में आप मेरे साथ डटे रहे हैं. आपमें से ही एक होने के नाते और कांग्रेस पार्टी की अध्यक्ष के रूप में, मैं आपके साथ और देश के लिए काम करने का वचन देती हूं. हमारे उसूलों, हमारे विजन और हमारे आदर्शों के लिए लड़ने का मेरा संकल्प अब और भी मजबूत हो गया है.'

अब वे मेरी बात कुछ शांति से सुन रहे हैं, हालांकि, उनमें से कुछ लोग अभी भी चिल्लाकर अपना विरोध जता रहे हैं; मैंने वहां मौजूद सांसदों से कहा कि वे मुझे अपना उत्तराधिकारी चुनने दें. उनकी सहमति मिलने पर, मैंने डॉ. मनमोहन सिंह का नाम लिया. मैंने कांग्रेस संसदीय दल के प्रमुख का पद छोड़ दिया और डॉ. सिंह को उसका नेता नामित किया गया. एक बार फिर तालियों की गड़गड़ाहट गूंज उठी; सभी लोग खड़े हो गए, कुछ ने नारे लगाए, तो कुछ की आंखों से आंसू बहने लगे. मेरे बच्चे भी खड़े हो गए. मैंने देखा कि वे भी तालियां बजा रहे थे। मैंने पोडियम से अपने कागजात उठाए और वहां से चली गई. आखिरकार, यह कठिन दौर खत्म हो गया.
 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Rachit Kumar

Rachit Kumar

रचित कुमार जी न्यूज डिजिटल में असिस्टेंट एडिटर हैं. देश, दुनिया और डिफेंस की खबरों को आसान भाषा में बताने में महारत हासिल है. जी न्यूज से मई 2022 में जुड़े और शिफ्ट देखने का 12 साल से ज्यादा का अनुभव है. जी न्यूज में Best Performer अवॉर्ड भी मिल चुका है. जी न्यूज, आजतक और एबीपी न्यूज में शिफ्ट देखते हुए महामहिम, बिहार के बाहुबली सीरीज शुरू की और कई एक्सप्लेनर खबरों पर काम किया.  इंडिया न्यूज और जनसत्ता में शिफ्ट देखने के साथ-साथ ट्रैफिक लाने वाली खबरों को तवज्जो दी. नवभारत टाइम्स से करियर की शुरुआत हुई और वहां तकरीबन ढाई साल तक फ्रंट पेज 2 और देश-विदेश के पन्नों की जिम्मेदारी संभाली. जर्नलिज्म में पोस्टग्रेजुएट और IIMC से डिप्लोमा करने  वाले रचित कुमार 13 साल से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रहे हैं. आप Rachit.kumar@India.com पर सीधे ईमेल कर इनसे जुड़ सकते हैं. 
Read More